आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले आईपीएल में शुभमन गिल का प्रदर्शन भारी न पड़ जाए
- Author, संजय किशोर
- पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
आईपीएल 2024 में बुधवार रात कुछ ऐसा हो गया जिसके बारे में शुभमन गिल बहुत समय तक शायद बात नहीं करना चाहेंगे.
ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स टीम ने गुजरात को उनके न्यूनतम स्कोर 89 रन पर समेट कर छह विकेट से एक बड़ी जीत हासिल की.
इस धमाकेदार जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम छठे नंबर पर पहुँच गई है, जबकि गुजरात सातवें नंबर पर.
इससे पहले गुजरात टाइटन्स का न्यूनतम स्कोर 125 था. मज़े की बात है कि इसी पिच पर पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने ही उन्हें 125 रन पर ऑल आउट किया था.
दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
अपने ही होम ग्राउंड पर शुभमन गिल की टीम को धीमी पिच दी गई. इस सीज़न अब तक इस पिच पर कोई मैच नहीं खेला गया था.
इस मैदान पर दो तरह की मिट्टियों से बनी पिच है. अगर मैच लाल मिट्टी से बनी पिच पर खेला गया होता तो रनों का अंबार लग सकता था. लेकिन मैच खेला गया- काली मिट्टी वाली पिच पर.
दूसरे ही ओवर में मालूम पड़ गया कि अहमदाबाद की पिच धीमी थी और गेंद नीचे रह रही थी.
तेज़ी से बदले समीकरण
चौथे ओवर की शुरुआत में गुजरात टाइटन्स के 169 तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था. छठे ओवर की शुरुआत तक ये आँकड़ा 120 तक जा गिरा. अंत में गुजरात टाइटंस दोहरे अंकों में सिमट कर रह गए.
शुभमन गिल की टीम 17.3 ओवर में 89 रन पर ऑल आउट हो गई जो उनका अब तक का न्यूनतम स्कोर है.
इस पिच का दिल्ली के गेंदबाज़ों ने पूरा फ़ायदा उठाया.
कप्तान शुभमन गिल ने आक्रामक रुख़ अपनाने की कोशिश की. शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा को इस बात का अनुमान हो गया था कि इस पिच पर बाद में रन बनाना और भी मुश्किल हो जाएगा.
दोनों ने ताबड़तोड़ रन बनाने की कोशिश की.
गिल पहले पाँच गेंदों में दो चौके लगाने में कामयाब रहे मगर पृथ्वी शॉ ने ईशांत शर्मा की गेंद पर उन्हें कवर में लपक लिया.
ईशांत शर्मा ने दूसरे ही ओवर में शुभमन गिल को आउट क्या किया, टीम इस झटके से उबर ही नहीं पाई. गिल आठ तो साहा दो रन ही बना पाए.
आठ बल्लेबाज़ दहाई के अंक नहीं छू पाए
पावरप्ले में खराब शुरुआत के बाद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज पारी संभालने में नाकाम रहे.
टीम बीच के ओवर्स में भी लगातार विकेट गंवाती रही. राशिद खान के 31 रन के अलावा, टाइटंस की बल्लेबाज़ी बेहद निराशाजनक रही.
आठ बल्लेबाज़ दहाई के अंक तक भी नहीं पहुँच पाए.
शाहरुख़ खान को बल्लेबाज़ी क्रम में ऊपर भेजा गया मगर उनका खाता भी नहीं खुल पाया.
विकेटकीपर ऋषभ पंत ने गेंद को सही से नहीं पकड़ पाने के बावजूद उन्हें स्टंप आउट किया. पंत ने दो कैच पकड़े और दो खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया.
टी20 विश्व कप में ऋषभ पंत को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता है. विकेट के आगे हों या पीछे, पंत गेम चेंजर की भूमिका निभाने की क़ाबिलियत रखते हैं.
वो खेल का भरपूर आनंद उठाते हैं और दर्शकों को भी लुत्फ़ उठाने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं.
पंत की शानदार कप्तानी
पंत ने कप्तान के रूप में भी अच्छा खेल दिखाया.
पावरप्ले के अंदर तीसरे ओवर के लिए ख़लील अहमद को वापस लाया, यह देखने के लिए कि क्या वह टाइटन्स का पांचवां विकेट हासिल कर सकते हैं.
यह हो तो नहीं पाया लेकिन ख़लील मेडन ओवर डालने में सफल रहे. ट्रिस्टन स्टब्स को अक्षर पटेल के पहले गेंद थमा दी. स्टब्स ने निराश नहीं किया और अपने ऑफ़ ब्रेक से दो विकेट ले लिए.
दिल्ली कैपिटल्स ने छह गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया. इकॉनमी रेट 4.5 से ज़्यादा नहीं थी. कुलदीप यादव दिल्ली कैपिटल्स के इकलौते गेंदबाज थे जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला. मुकेश कुमार ने 14 रन देकर सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए.
दिल्ली के बल्लेबाज़ों ने 53 गेंदों में लक्ष्य का पीछा कर लिया. इस दौरान चार विकेट गँवाए.
दिल्ली की सलामी जोड़ी जेक फ्रेजर-मैकगर्क (10 गेंदों में 20, दो चौके, दो छक्क) ने अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाई.
उन्होंने पृथ्वी शॉ (7) के साथ पहले विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी की. अभिषेक पोरेल (7 गेंदों में 15) और शाई होप (10 गेंदों में 19) ने तीसरे विकेट के लिए 34 रन की पार्टनरशिप की.
कप्तान ऋषभ पंत 11 गेंदों में 16 और सुमित कुमार 9 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे.
अपने पहले मैच में केरल के संदीप वॉरियर ने सबको प्रभावित किया. वॉरियर ने गुजरात के लिए दो विकेट चटकाए.
पंत प्लेयर ऑफ़ द मैच
गुजरात की पारी में विकेट के पीछे दो कैच और दो स्टंपिग करने के अलावा दिल्ली के रन चेज में 16 नाबाद रन बनाने वाले ऋषभ पंत को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया.
साल 2022 में गुजरात की टीम वजूद में आई थी.
हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियन्स से बुलाकर गुजरात की टीम की बागडोर सौंपी गई. साल 2022 में आईपीएल में शामिल टीम ने अपने पहले ही साल में चैंपियन बनकर धमाल मचा दिया था. पिछले साल टीम उप-विजेता रही थी.
मगर हार्दिक पांड्या के मुंबई चले जाने से मुंबई और गुजरात दोनों टीमों के समीकरण बिगड़ गए लगते हैं.
मैच के बाद पंत की प्रतिक्रिया थी, ''ख़ुश होने के लिए बहुत सी चीज़ें हैं. हमने चैंपियन मानसिकता के बारे में बात की. टूर्नामेंट अभी शुरुआती दौर में है और हम अभी भी यहां से सुधार कर सकते हैं. मैदान पर आने से पहले एकमात्र सोच यह थी कि मैं बेहतर तरीके से वापसी करनी चाहता था."
गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ''हमारी बल्लेबाज़ी बेहद औसत रही. इस गेम से आगे बढ़ने और अगले गेम से पहले उसी मानसिकता के साथ वापस आने की ज़रूरत है. विकेट ठीक था. अगर आप हमारे आउट होने को देखें- मैं, साहा और साई - इसका पिच से कोई लेना-देना नहीं था.''
जल्द ही टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम का एलान होना है. ऐसे में आईपीएल मैचों में शुभमन गिल का प्रदर्शन कहीं उन पर भारी ना पड़ जाए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)