आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत में वरुण चक्रवर्ती चमके, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगी टक्कर
45वें ओवर की दूसरी गेंद. 28 रन बनाकर खेल रहे मिचेल सैंटनर का ऑफ़ स्टंप वरुण चक्रवर्ती ने उखाड़ा और न्यूज़ीलैंड के लिए जीत की आख़िरी उम्मीद को भी ख़त्म कर दिया.
इस गेंद के बाद टीम इंडिया की जीत महज औपचारकिता बन गई थी और अपना दूसरा वनडे खेल रहे वरुण चक्रवर्ती ने पांच विकेट लेकर उस औपचारिकता को भी पूरा कर दिया.
भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के आख़िरी मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड को 44 रन से मात दी और अपने अजेय रहने के सिलसिले को जारी रखा.
अब चार मार्च को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में भारत की टक्कर ऑस्ट्रेलिया के साथ होगी.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
भारत ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए थे.
लेकिन न्यूज़ीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और टीम इंडिया 44 रन से मैच को जीतने में कामयाब रही.
भारत ने आज प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया था और हर्षित राणा की जगह टीम में वरुण चक्रवर्ती को दी गई.
कप्तान रोहित शर्मा का यह दांव काम कर गया और वरुण 10 ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट लेने में कामयाब रहे.
भारतीय स्पिनर्स ने दिखाया कमाल
250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने पहले पावरप्ले के अंत तक एक विकेट के नुक़सान पर 44 रन बना लिए थे.
पावरप्ले का अंत होने के तुरंत बाद वरुण चक्रवर्ती विल यंग को बोल्ड कर दिया.
इसके साथ ही भारत गेंदबाजों ने ज़ोरदार कमबैक किया. न्यूजीलैंड ने 11.3 ओवर में 49 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे.
भारतीय स्पिनर्स ने अगले पांच ओवर में महज 11 रन खर्च किए. 15 ओवर के बाद न्यूज़ीलैंड का स्कोर 2 विकेट के नुक़सान पर 55 रन था.
इसके बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाज़ों पर रन बनाने का दबाव साफ नजर आया.
भारतीय स्पिनर्स ने लगातार कसी हुई गेंदबाज़ी करना जारी रखा और 25.1 ओवर के बाद न्यूज़ीलैंड के स्कोर तीन विकेट के नुक़सान पर 93 रन था.
एक छोर से न्यूज़ीलैंड के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. लेकिन विलियमसन डटे रहे.
36 ओवर के बाद न्यूज़ीलैंड का स्कोर पांच विकेट के नुक़सान पर 152 रन था.
विलियमसन भारत की जीत की राह में खड़े रहे और उन्होंने 81 रन की पारी खेली. लेकिन अक्षर ने 41वें ओवर की आख़िरी गेंद पर उन्हें पवेलियन वापस भेज दिया.
इसके बाद सैंटनर ने 28 रन की पारी खेलकर भारतीय गेंदबाज़ों को थोड़ा परेशान किया. लेकिन न्यूज़ीलैंड की पारी 205 रन पर ही सिमट गई.
रोहित शर्मा के टॉस हारने का सिलसिला जारी
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के टॉस हारने का सिलसिला जारी रहा.
यह लगातार 10वां मौका था जब रोहित शर्मा ने टॉस गंवाया.
लगातार सबसे ज्यादा टॉस गंवाने वालों की लिस्ट में रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर आ गए हैं. आख़िरी बार नवंबर 2023 में रोहित शर्मा ने किसी वनडे मुक़ाबले में टॉस जीता था.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत की पारी का आगाज़ कुछ वैसा ही रहा जैसा 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में था.
अभी तक शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल को मैट हेनरी ने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर पवेलियन भेजा.
रोहित शर्मा और विराट कोहली भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए.
टीम इंडिया ने 6.4 ओवर में 30 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद श्रेयस अय्यर ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला. अक्षर ने 42 रन की पारी खेली. वहीं अय्यर ने 98 गेंद में 79 रन बनाए.
39.1 ओवर में 182 रन पर ही टीम इंडिया ने 6 विकेट गंवा दिए थे. एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 250 के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाएगी.
लेकिन हार्दिक पांड्या ने 45 गेंद में 45 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया के स्कोर को 249 रन तक पहुंचा दिया.
तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ भारतीय बल्लेबाज़ों का संघर्ष
2019 के वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे मैट हेनरी इस मुक़ाबले में भी न्यूज़ीलैंड के लिए 'ट्रंप कार्ड' साबित हुए. उन्होंने 8 ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट लिए.
भारत की पारी के बाद मैट हेनरी ने कहा, "पिच से हमें थोड़ी मदद मिली और उसका फायदा उठाकर हम भारत पर दबाव बनाने में कामयाब रहे. हमने पहले ही विकेट लेने के बारे में रणनीति बनाई थी और दबाव बनाकर हमने अपनी रणनीति को लागू किया."
सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले से पहले तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ भारतीय बल्लेबाज़ों का संघर्ष करना टीम के लिए चिंता की बात भी हो सकती है.
न्यूज़ीलैंड ने भारतीय पारी के 25 ओवर तेज गेंदबाज़ों से करवाए और 25 ओवर स्पिनर्स ने गेंदबाज़ी की.
भारतीय बल्लेबाज़ों ने तेज गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ 25 ओवर में 115 रन बनाए और सात विकेट गंवाए. वहीं स्पिनर्स के ख़िलाफ़ भारतीय बल्लेबाज़ों ने 25 ओवर में दो विकेट गंवाते हुए 124 रन बनाए.
हालांकि अपने गेंदबाज़ों के दम पर टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अव्वल रहने में कामयाब रही है.
अब सेमीफ़ाइनल में टीम इंडिया के सामने ऑस्ट्रेलिया की चुनौती है. वही, टीम ऑस्ट्रेलिया, जिसने 2003 और 2023 में टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के ख्वाब तोड़ा था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)