आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
प्रिंसेस डायना की 'रिवेंज ड्रेस' क्या है, जिसकी होगी नीलामी?
- Author, ब्रैंडन लिवसे और एलेक्स फ़िलिप्स
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
प्रिंसेस डायना की पहनी हुई एक ड्रेस नीलामी के लिए रखी जा रही है. इसे उनकी 'रिवेंज ड्रेस' कहा जाता है.
दिवंगत प्रिंसेस ऑफ़ वेल्स ने बिना स्ट्रैप वाली यह काली सिल्क इवनिंग ड्रेस लंदन की एक पार्टी में पहनी थी. इससे कुछ घंटे पहले उनसे अलग रह रहे उनके पति प्रिंस चार्ल्स ने स्वीकार किया था कि शादी के दौरान उनके विवाहेतर संबंध थे.
साल 1994 में यह ड्रेस पहनकर सर्पेन्टाइन गैलरी पहुंचने का उनका अंदाज़ पॉप कल्चर का एक यादगार पल बन गया था.
नीलामी घर सोदबीज़ को उम्मीद है कि नौ दिसंबर को होने वाली नीलामी में यह ड्रेस करीब 2.85 करोड़ रुपये तक में बिक सकती है.
साल 1997 के बाद पहली बार नीलाम होगी
साल 1997 के बाद यह पहली बार नीलामी के लिए रखी जा रही है. उस समय डायना ने अपनी मौत से कुछ महीने पहले चैरिटी के लिए पैसा जुटाने के मक़सद से अपनी 79 ड्रेस नीलाम की थीं.
सोदबीज़ में हैंडबैग और फ़ैशन विभाग की ग्लोबल हेड मॉर्गन हलीमी ने एक बयान में कहा कि प्रिंसेस डायना यह बात स्वाभाविक रूप से समझती थीं कि फ़ैशन की अपनी एक भाषा हो सकती है.
उन्होंने कहा, "प्रिंसेस डायना ने अपने तरीक़े से इस ड्रेस को अपने सबसे ताक़तवर संदेशों में से एक बना दिया. यह उनकी ज़िंदगी का ऐसा दौर था, जिस पर लोगों की बहुत नज़र थी और जिसमें भावनात्मक उथल-पुथल भी बहुत ज़्यादा थी."
"वह ऐसे समय लोगों के सामने आईं, जब उनकी कहानी दूसरे लोग बता रहे थे. लेकिन उन्होंने जो कपड़े पहनने का फ़ैसला किया, उसके ज़रिए अपनी कहानी को अपने तरीक़े से सामने रखा."
सर्पेंटाइन गैलरी के फ़ंडरेज़िंग डिनर वाली उसी शाम, एक डॉक्यूमेंट्री टीवी पर प्रसारित हुई थी, जिसमें उस वक़्त प्रिंस ऑफ़ वेल्स रहे (जो अब राजा हैं) ने सालों से चली आ रही अफ़वाहों और मीडिया रिपोर्टों के बाद यह क़बूल किया था कि वे डायना के प्रति वफ़ादार नहीं रहे थे.
ITV के इस इंटरव्यू की जानकारी कुछ दिन पहले ही लीक हो गई थी. इसलिए डॉक्यूमेंट्री दिखाए जाने के बाद डायना के पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आने को बड़े पैमाने पर उनका जवाब माना गया.
उस समय डायना की स्टाइलिस्ट रहीं एना हार्वी के हवाले से बताया गया कि प्रिंसेस "बेहद शानदार दिखना चाहती थीं."
कार्यक्रम में जाने से ठीक पहले उन्होंने अपनी ड्रेस बदलने का फ़ैसला किया. उन्होंने कम आकर्षक वैलेंटिनो गाउन पहनने का विचार छोड़ दिया और कंधों से नीचे वाली यह ड्रेस पहनी.
'रिवेंज ड्रेस' को दुनिया के कई शहरों में दिखाया जाएगा
ग्रीक डिज़ाइनर क्रिस्टीना स्टैम्बोलियन की बनाई इस ड्रेस का निचला हिस्सा एक तरफ़ से छोटा और दूसरी तरफ़ से लंबा था. इसके पीछे शिफ़ॉन कपड़े का लंबा हिस्सा भी था. डायना ने इसके साथ शाही हार, काला क्लच बैग और काली हील्स पहनी थीं.
इसकी बिक्री से पहले 'रिवेंज ड्रेस' को दुनिया के कई शहरों में दिखाया जाएगा. यह 18 से 24 सितंबर तक लंदन में सोदबीज़ के शोरूम में रहेगी. इसके बाद अक्तूबर की शुरुआत में इसे हॉन्ग कॉन्ग और नवंबर की शुरुआत में जिनेवा ले जाया जाएगा. आख़िर में इसे न्यूयॉर्क ले जाया जाएगा, जहां इसकी नीलामी होगी.
इससे पहले इस ड्रेस को डायना ने ख़ुद नीलाम किया था. यह उन दर्जनों चीज़ों में शामिल थी, जिन्हें कैंसर और एड्स से जुड़ी चैरिटी संस्थाओं के लिए पैसा जुटाने के मक़सद से बेचा गया था.
यह ड्रेस उस समय ग्लासगो में रहने वाली ब्रीज मैकेंज़ी और उनके पति ग्रेम ने खरीदी थी. उन्होंने इसके लिए करीब 50.6 लाख रुपये चुकाए थे.
मैकेंज़ी ने उस समय द इंडिपेंडेंट को बताया था कि उन्होंने यह ड्रेस पहनने के लिए नहीं खरीदी थी. उन्होंने कहा था, "मैं इसमें फ़िट नहीं हो सकती." उन्होंने इसे इसलिए खरीदा था, क्योंकि इससे मिलने वाला पैसा चिल्ड्रन फ़र्स्ट नाम की चैरिटी को दिया जाना था.
सोदबीज़ की ओर से गुरुवार को जारी बयान में मैकेंज़ी ने कहा, "मेरे दिवंगत पति और मैं जानते थे कि यह ड्रेस बेहद ख़ास है."
"प्रिंसेस डायना अपनी ज़िंदगी की सबसे मुश्किल रात का सामना करने जा रही थीं. लेकिन उन्हें देखकर इसका बिल्कुल पता नहीं चलता था. उनकी तस्वीर खींचे जाने में जितना समय लगा, उतने में यह एक कॉकटेल ड्रेस से एक बयान बन गई."
"30 साल बाद भी आप दुनिया में कहीं भी 'रिवेंज ड्रेस' कहें, तो हर व्यक्ति जानता है कि आप किस ड्रेस की बात कर रहे हैं."
उन्होंने बताया कि पति की मौत के बाद उन्होंने इस ड्रेस को बेचने का फ़ैसला किया. अपने पति के साथ इस ड्रेस के लिए बोली लगाना उनकी साथ की ज़िंदगी के सबसे शानदार दिनों में से एक था.
इस हॉस्पिटल को जाएगा चैरिटी का पैसा
सोदबीज़ ने बताया कि साल 1997 की नीलामी के कैटलॉग की एक दुर्लभ कॉपी भी इस ड्रेस के साथ बेची जाएगी. इस पर डायना और स्टैम्बोलियन के हस्ताक्षर हैं. कैटलॉग में बताया गया है कि ड्रेस को नीलाम करने का विचार प्रिंस विलियम ने दिया था.
बिक्री से मिलने वाली रकम का एक हिस्सा NHS लोथियन चैरिटी के ज़रिए रॉयल एडिनबरा हॉस्पिटल को दिया जाएगा.
हालांकि, उम्मीद है कि यह ड्रेस काफ़ी ऊंची क़ीमत पर बिकेगी. लेकिन यह पहली बार नहीं होगा, जब प्रिंसेस डायना की पहनी हुई कोई चीज़ इतनी बड़ी रकम में बेची जाएगी.
डायना का एक स्वेटर साल 2023 में न्यूयॉर्क में सोदबीज़ की नीलामी में करीब 11.9 करोड़ रुपये में बिका था. इस स्वेटर पर सफ़ेद भेड़ों की कई कतारों के बीच एक काली भेड़ बनी हुई थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.