आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दिल के दौरे के बाद जयललिता आईसीयू में
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता की हालत एक बार ख़राब हो गई है और अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया है.
अपोलो अस्पताल ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया है कि शाम के पांच बजे जयललिता को दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया.
इससे पहले 22 सितंबर को उन्हें बीमार हालत में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वो लगभग दो महीने आईसीयू में रहीं थीं.
प्रेस रिलीज़ जारी करने के बाद अपोलो अस्पताल ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि विशेषज्ञों और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट्स की टीम उनकी निगरानी कर रही है.
जयललिता को फिर से आईसीयू में भर्ती होने की ख़बर के बाद मुंबई से आनन फ़ानन में चेन्नई लौटे तमिलनाडु के राज्यपाल विद्यासागर राव जयललिता का हाल जानने अपोलो अस्पताल पहुंचे.
इस बीच अपोलो के क़रीब लोग जमा होने लगे हैं जिसको देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.
ऐसी भी ख़बरें आ रही हैं कि राज्य के पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस अधिकारियों को सोमवार सुबह सात बजे ड्यूटी पर रिपोर्ट करने को कहा है.
पुलिस महानिदेशक को तुरंत चेन्नई पहुंचने के आदेश दे दिए गए हैं जो इन दिनों ज़िलों के दौरे पर हैं.
पूर्व मंत्री पोन्नायन ने इससे पहले पत्रकारों से कहा था कि दिल्ली के एम्स से डॉक्टरों की एक टीम जयललिता को देखने पहुंची थी और उनकी हालत बेहतर बताई गई थी.
लेकिन करीब पांच बजे अस्पताल की दूसरी मंज़िल पर स्थित स्पेशल वॉर्ड में ज़बरदस्त हलचल देखी गई, फिर उन्हें आईसीयू में भेजा गया.
सांस लेने में दिक्कत के बाद सितंबर 22 को जयललिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, तबसे जयललिता की हालत में कई बार उतार चढ़ाव आए.
हालांकि कुछ दिन पहले अपोलो अस्पताल के चेयरमैन डॉ प्रताप सी रेड्डी ने कहा कि उनका इंफ़ेक्शन काबू में है.
उनके स्वास्थ्य को लेकर एआईएडीएमके पार्टी के प्रवक्ताओं और प्रेस विज्ञप्तियों से मिल रही सूचनाओं के बावजूद अटकलों का बाज़ार गर्म रहा.
और तमिलनाडु की सबसे ताकतवर नेता के जल्द ठीक होने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य में कई जगह विशेष प्रार्थना सभाएं भी कीं.