आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जेटली ने फिर केजरीवाल पर किया 10 करोड़ का मुक़दमा
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक और मानहानि का केस ठोंक दिया है.
पिछली बार की तरह इस बार भी जेटली ने 10 करोड़ रुपए का मुकदमा दायर किया है.
इस बार जेटली को शिकायत राम जेठमलानी के बोले गए कथित 'आपत्तिजनक शब्दों' पर है जो उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में अरविंद केजरीवाल के वकील की हैसियत से कहे थे.
माना जा रहा है कि दिल्ली हाई कोर्ट मंगलवार को इस नए मामले पर सुनवाई कर सकती है.
आपत्ति
15 और 17 मई को कोर्ट में जिरह के दौरान राम जेठमलानी ने जेटली के खिलाफ कुछ ऐसे शब्दों को इस्तेमाल किया था जिसे लेकर अरुण जेटली ने एतराज जताया था.
दिसंबर, 2015 में अरुण जेटली ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह, राघव चड्ढा और दीपक बाजपेयी के खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि का दावा किया था.
इस केस को लेकर जेटली का कहना है कि डीडीसीए में कथित घपलेबाज़ी को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उनपर झूठे आरोप लगाए थे और इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)