आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
प्रेस रिव्यू- कुमार विश्वास ने क्यों कहा, 'अभिमन्यु के वध में उसकी विजय है'
'नवभारत टाइम्स' में छपी एक ख़बर के अनुसार, आम आदमी पार्टी के भीतर चल रही राज्यसभा की जंग गुरुवार को धरने-प्रदर्शन तक पहुंच गई. कुमार विश्वास के समर्थक पार्टी के दफ्तर पहुंचे और तंबू गाड़कर काफी देर तक जमे रहे.
उनकी मांग थी कि पार्टी की तरफ से कुमार विश्वास को राज्यसभा में भेजा जाए.
इसके बाद देर शाम कुमार विश्वास से ट्वीट कर कहा, ''कार्यकर्ता स्वराज, बैक टू बेसिक, पारदर्शिता के मुद्दों के लिए संघर्ष करें, मेरे हित-अहित के लिए नहीं. याद रखिए अभिमन्यु के वध में भी उसकी विजय है.''
'कांग्रेस का मतलब मुसलमान, भाजपा का मतलब हिंदू'
'इंडियन एक्सप्रेस' में छपी एक ख़बर के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि राहुल गांधी के मंदिर जाने के बाद राजनीतिक हलकों में इस तरह की चर्चा होने लगी कि कांग्रेस सॉफ्ट हिंदुत्व का रास्ता अपना रही है.
इंडियन एक्सप्रेस के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, "हिंदू सोसायटी के अंदर ये ग़लतफ़हमी पैदा करने में कामयाब हो गए कि कांग्रेस का मतलब है मुसलमान और भाजपा का मतलब है हिंदू.
- जो भावना बनी हुई है लोगों की और जो दिमाग में घुसी हुई है उसको देश के हित में निकालना ज़रूरी है. अगर नहीं निकालेंगे तो आने वाले वक्त में तकलीफ होगी, पूरे मुल्क को तकलीफ़ होगी."
जनसत्ता की एक अन्य ख़बर के अनुसार, सीबीआई ने देश की जांच एजेंसियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक क़ॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया की ओर से जर्मनी की एक कंपनी से करीब 41 करोड़ रुपये के फ़ोन इंटरसेप्शन सिस्टम की खरीदारी में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है.
सीबीआई ने अपनी प्राथमिकी में कहा है कि ईसीआइएल ने साल 2004 से 2010 के बीच जर्मन कंपनी ईएलडी इंस्ट्री से जीएसएम फ़ोन के लिए 41 करोड़ रुपये के इंटरसेप्टर और मॉनिटरिंग सिस्टम खरीदे.
अख़बार के अनुसार, जांच में पता चला है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और मूल उपकरण निर्माता की बजाय अयोग्य आपूर्तिकर्ता से जीएसएम इंटरसेप्टर और मॉनिटरिंग प्रणाली खरीदी, जिससे ईसीआइएल को नुक़सान हुआ.
'हिंदुस्तान टाइम्स' में छपी एक ख़बर के अनुसार, दिल्ली पुलिस के एक सहायक सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है. उन पर एक महिला का बलात्कार करने का आरोप है.
अख़बार ने डीसीपी एमएन तिवारी के हवाले से लिखा है कि प्रारंभिक जांच में महिला के साथ बलात्कार होने की पुष्टि हो गई है. सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की डीटेल से पुलिस अधिकारी के इस अपराध में शामिल होने का संकेत मिलता है.
'नई दुनिया' में छपी एक ख़बर के अनुसार गुरुवार को भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित एडवांस्ड एयर डिफेन्स सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का परीक्षण किया है. इसके साथ ही अमरीका, रूस और इसराइल के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथ देश बन गया है.
अख़बार का कहना है यह पाकिस्तान की हत्फ गौरी मिसाइल को मार गिराने में पूरी तरह सक्षम है. साथ ही यह बेहद कम ऊंचाई से आनेवाली किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को बीच में ही मार गिराने में सक्षम है.
'हिंदुस्तान' में छपी एक ख़बर के अनुसार, दिल्ली के हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह ड्रोन देखे जाने के बाद हड़कंप मच गया. इस कारण 15 उड़ानें प्रभावित रहीं और विमानों का परिचालन करीब 20 मिनट तक के लिए रोक दिया गया.
सीआईएसएफ के अधिकारी के हवाले से अख़बार ने लिखा कि एहतियात के तौर पर सुबह सुबह 7.30 को एक वस्तु एयरपोर्ट पर उड़ती दिखाई दी जिसके बाद 7.50 तक एयरपोर्ट से सभी तीनों रनवे को बंद कर कर दिए गए.