आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मुंबई: आग लगने से 14 लोगों की मौत
मुंबई के लोअर परेल इलाके की एक इमारत में शुक्रवार तड़के आग लगने से 14 लोगों की मौत और छह लोगों के झुलसने की ख़बर है.
बीएमसी आपदा प्रबंधन के मुताबिक, आग में झुलसे लोगों को केएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनमें दो की हालत गंभीर है. ये आग इलाके की कमला मिल्स कम्पाउंड में लगी थी.
बीबीसी मराठी की संवाददाता जाह्नवी मूले के मुताबिक, ''जहां ये आग लगी है. वहां कई मीडिया के दफ्तर, होटल हैं. इस वजह से यहां देर रात तक काफी चहल पहल रहती है. इमारत के टॉप फ्लोर पर एक पब था, वहीं आग लगी है. ये आग रात साढ़े 12 बजे लगी है. आग लगने के 10 मिनट बाद यहां चार से छह फायर ब्रिगेड की गाड़ियां दाखिल हुईं. आग लगने का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है.''
घटनास्थल पर मौजूद एनएम जोशी पुलिस थाने के अधिकारी अहमद उस्मान पठान ने बीबीसी संवाददाता मानसी दाश को बताया, "केईएम अस्पताल के अलावा 13 लोगों को हिंदुजा अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है."
केईएम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर निखिल ने बताया कि अस्पताल में कुल 25 लोगों को भर्ती कराया गया है जो आग से झुलस गए हैं.