आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बच्ची की पिटाई का वीडियो वायरल, पिता गिरफ़्तार
अपने पांच बच्चों को बुरी तरह पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान में एक पिता को गिरफ़्तार किया गया है.
वायरल वीडियो एक मिनट का है जिसमें पिता अपनी तीन साल की बेटी को धक्का देते दिख रहा है. भाई-बहन मदद के लिए गुहार लगाते नज़र आ रहे हैं.
पुलिस ने बीबीसी को बताया कि पिता और उसके भाई, जिसने यह वीडियो बनाया था, को ग़ैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.
पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने बच्चे को इसलिए पीटा था क्योंकि उसने अपने कपड़े गंदे कर लिए थे.
स्थानीय पत्रकार नारायण बारेठ के मुताबिक वीडियो में फंदे में लटकाए गए बच्चे को कमर से बांधा गया था.
बच्चों को पीटना और उनका शोषण करना दुनिया के कई देशों में जुर्म की श्रेणी में आता है. भारत के स्कूलों में बच्चों की पिटाई पर रोक है. लेकिन पिटाई को आज भी बच्चों को घर में अनुशासित रखने का तरीक़ा समझा जाता है.
वीडियो में जिस क्रूरता से बच्चों को पीटा गया है, उससे लोग हैरान हैं.
पुलिस अधिकारी महेश मीणा ने कहा कि "लोग मुझे फ़ोन करके वीडियो पर अपना ग़ुस्सा ज़ाहिर कर रहे हैं."
राज्य बाल अधिकार आयोग ने पुलिस से अभियुक्त पर सख़्त कार्रवाई करने की मांग की है.
आयोग की अध्यक्षा मानन चतुर्वेदी ने कहा, "हमलोग बच्चों की देखभाल सुनिश्चित करेंगे. अगर हमलोग पाते हैं कि परिवार उनकी देखरेख करने में असमर्थ है तो उन्हें सरकारी आवास ले जाया जाएगा."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)