आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
उत्तरप्रदेश: पत्नी को पेड़ से बांधकर पीटने वाला शख़्स गिरफ़्तार
एक महिला को पेड़ से बांधकर पीटा गया. वो दर्द से चिल्लाती रही और फिर बेहोश हो गई. लेकिन गाँव के लोग चुपचाप देखते रहे.
ये घटना है उत्तर प्रदेश में ज़िला बुलंदशहर के गाँव लौगा की.
दरअसल, इस महिला के पति और परिवार को उसके चरित्र पर शक़ था. इसलिए उसके पति ने उसे सबके सामने पीटा.
ये घटना 10 मार्च की है और अब इसकी एक वीडियो सामने आई है. इसमें गाँव के लोग इस महिला को चुपचाप पिटते देख रहे हैं.
बुलंदशहर के एसएसपी सिटी प्रवीण रंजन ने बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा को बताया है कि ये महिला अपने घर से चली गई थी और जब एक हफ़्ते बाद वह लौटी तो परिवार ने उसे सज़ा दी.
पुलिस ने महिला के पति समेत 7 लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है. पति के अलावा दो और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
स्थानीय पत्रकार सुमित शर्मा के मुताबिक़, इस मामले पर गाँव में पंचायत भी की गई थी और वहीं पर महिला को ये सज़ा देना मुकर्रर हुआ.
हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है.
डीएम रौशन जैकब ने भी पीड़ित महिला से मिलकर घटना की जानकारी ली और वीडियो में नज़र आ रहे सभी लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई कर जेल भेजने के आदेश दिए.
जब डीएम ने लोगों से पूछताछ की तो लोग महिला को ही ज़िम्मेदार ठहराने की कोशिश करने लगे.
अगर नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ें देखे जाएं तो महिलाओं के खिलाफ़ होने वाले अपराधों में उत्तर प्रदेश 2015 और 2016 में सबसे ऊपर था.
2015 में पति और रिश्तेदारों की क्रूरता के मामले 8,660 मामले दर्ज हुए थे. 2016 में 11,166 ऐसे मामले दर्ज हुए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)