आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अखिलेश यादव बोले, 'यूपी में बीजेपी के ख़िलाफ़ गैर कांग्रेसी गठबंधन बनेगा': पढ़ें पांच बड़ी ख़बरें
मध्य प्रदेश में अपने इकलौते विधायक की अनदेखी से ख़फ़ा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश में बनने जा रहा गठबंधन ग़ैर कांग्रेसी होगा.
उन्होंने कहा, 'हम कांग्रेस का भी धन्यवाद देना चाहेंगे कि मध्यप्रदेश में हमारे विधायक को मंत्री नहीं बनाया."
अखिलेश ने कहा, "हम कांग्रेस और बीजेपी दोनों का धन्यवाद देते हैं कि कम से कम समाजवादियों का उन्होंने रास्ता साफ़ कर दिया. जबकि सपा का विधायक मध्य प्रदेश में कांग्रेस को समर्थन दे रहा था.'
अखिलेश ने फेडरल फ्रंट के नाम से तीसरे मोर्चे का संकेत दिया है.
इस दौरान अखिलेश ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की भी तारीफ़ की.
उन्होंने कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर राव सभी दलों को एक साथ लाने की दिशा में अच्छा काम कर रहे हैं. मैं उनसे मिलने ख़ुद हैदराबाद जाऊंगा."
गोली मारने वाले बयान पर कुमारस्वामी नहीं मांगेगे माफ़ी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने 'बेरहमी से गोली मारने' वाले बयान के लिए माफ़ी मांगने से इनकार करते हुए कहा कि वह एक भावुक व्यक्ति हैं. विपक्ष उनसे इस बयान के लिए माफ़ी मांगने को कह रहा है.
इस वीडियो में कुमारस्वामी अपनी पार्टी जनता दल सेक्युलर के एक नेता के हत्यारों को 'बेहरमी से गोली मारने' के निर्देश पुलिस को देते नज़र आ रहे हैं.
इस बयान की वजह से वह विवादों में पड़ गए हैं. मुख्यमंत्री ने अपने इस बयान पर स्पष्टीकरण भी दिया, लेकिन यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा.
उन्होंने कहा, 'यह एक बड़ा मुद्दा नहीं है, यह एक मानवीय प्रवृत्ति है, यह एक ऐसी परिस्थिति है जिसमें कोई भी इंसान उसी तरह से व्यवहार करेगा. मैंने पहले ही इस बात को स्पष्ट कर दिया है, इसलिए मैंने इसके शब्द में बदलाव भी किया.'
कुमारस्वामी पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं. बीते महीने नाराज़ किसानों ने कर्नाटक विधानसभा के दरवाज़े तोड़ने की कोशिश की थी. इस पर कुमारस्वामी ने कहा था, ''आप इन्हें किसान कहते हैं. मेरे सब्र की भी कुछ सीमाएं हैं. जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वो उन किसानों की तौहीन कर रहे हैं जिनके लिए मेरी सरकार है.''
इसके बाद एक महिला किसान की शिकायत का ज़िक्र करते हुए कुमारस्वामी कहते हैं, ''ताई मैं पांच महीने पहले ही मुख्यमंत्री बना हूं. आप बीते चार साल से परेशान हैं? चार साल से कहां सो रही थीं?''
तीन तलाक़ विधेयक लोकसभा में होगा पेश
लोकसभा में तीन तलाक़ विधेयक पर गुरुवार को चर्चा होगी. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री विजय गोयल ने यह जानकारी दी है.
उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान लोकसभा में अपने सभी सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी ने व्हिप जारी किया है.
इससे पहले भी यह विधेयक सदन के पटल पर रखा गया था. तब 21 दिसंबर को लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि उनकी पार्टी इस विधेयक पर चर्चा के लिए तैयार है.
उधर, टीएमसी ने तीन तलाक़ बिल के मुद्दे पर अपना रुख साफ़ कर दिया है कि वो इसका समर्थन नहीं करेगी.
टीएमसी के इस फ़ैसले पर बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि महिलाओं के मुद्दे पर ये ममता बनर्जी की संवेदनहीनता है.
उन्होंने कहा कि एक तरफ वो खुद महिला हैं. महिलाओं के मुद्दे पर वो मुखर होने का दावा करती हैं. लेकिन जिस तरह से तीन तलाक़ के मुद्दे पर टीएमसी का रुख सामने आया है वो उनके दोहरे व्यवहार को बताता है.
गोल्फ़र ज्योति रंधावा गिरफ़्तार
यूपी के बहराइच में मशहूर गोल्फ़र ज्योति रंधावा को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है. ज्योति रंधावा को अवैध शिकार के मामले में गिरफ़्तार किया गया है.
अंतरराष्ट्रीय गोल्फ़ खिलाड़ी ज्योति रंधावा और उनके एक साथी को बहराइच के कतर्नियाघाट स्थित मोतीपुर रेंज के जंगलों में शिकार के आरोप में बुधवार को गिरफ़्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
पीटीआई के मुताबिक दुधवा कतर्नियाघाट टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रमेश पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक रंधावा और उनके साथियों पर जंगली मुर्गे का शिकार करने का आरोप है.
पाण्डेय ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने उनके कब्जे से सांभर की खाल, 0.22 बोर की राइफ़ल, लग्जरी गाड़ी और शिकार करने से संबंधित प्रतिबंधित उपकरण बरामद किए हैं.
रूस ने किया परमाणु क्षमता वाली मिसाइल का परीक्षण
रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मौजूदगी में हाइपरसोनिक मिसाइल अवंगार्ड का सफल परीक्षण किया है.
परीक्षण के बाद पुतिन ने कहा ये मिसाइलें अब किसी भी मौजूदा या अगली पीढ़ी की रक्षा प्रणाली में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस ने इसके साथ ही परमाणु बम को ले जाने की क्षमता रखने वाला एक ऐसा हथियार तैयार कर लिया है जिसका सामना करना दुश्मनों के लिए चुनौती भरा होगा.
उन्होंने कहा, "यह नया हथियार किसी भी संभावित हमले का सामना करने के लिए तैयार है. इसका सफल परीक्षण हमारे लिए एक बड़ी सफलता है. नए साल पर ये देशवासियों के लिए एक बड़ा तोहफ़ा है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)