आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सऊदी अरब के राजकुमार को दी गई मौत की सज़ा
सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के मुताबिक तीन साल पहले राजधानी रियाद में एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में एक सऊदी राजकुमार को मृत्युदंड दे दिया गया है.
प्रिंस तुर्की बिन सऊद अल कबीर को राजधानी रियाद में मौत की सज़ा दी गई.
हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि उन्हें मौत की सज़ा किस तरह दी गई. सऊदी अरब में अधिकतर लोगों को सर क़लम करके मौत की सज़ा दी जाती है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक प्रिंस तुर्की बिन सऊद अल कबीर इस साल मौत की सज़ा पाने वाले 134वें व्यक्ति हैं.
संवाददाताओं के मुताबिक ऐसा कम ही होता है कि शाही परिवार के किसी सदस्य को मौत की सज़ा दी जाए.
गृह मंत्रालय के बयान के मुताबिक़ राजकुमार ने अपने साथी की हत्या करने का दोष स्वीकार किया था.
मृत्युदंड की घोषणा करते हुए गृह मंत्रालय ने कहा है कि इससे हर नागरिक को भरोसा मिलेगा कि सरकार न्याय और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
अल-अरबिया के मुताबिक़ पीड़ित के परिवार ने 'ब्लड मनी' लेने से इनकार कर दिया था. इस प्रावधान के तहत ऐसे मामलों में परिवार वाले आर्थिक मुआवज़ा स्वीकार करें तो दोषी छूट सकता है.
सऊदी अरब में 1975 में शाह फ़ैसल की हत्या करने वाले शाही परिवार के सदस्य फ़ैसल बिन मुसैद अल सऊद को भी मौत की सज़ा दी गई थी.
सऊदी अरब में मौत की सज़ा पाने वाले अधिकत लोग क़त्ल या फिर ड्रग तस्करी के दोषी होते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)