आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सिलिकॉन वैली में यौन शोषण का शिकार कैसे बनती हैं महिलाएं?
- Author, डेव ली
- पदनाम, टेक्नोलॉज़ी संवाददाता, बीबीसी न्यूज़
- प्रकाशित
हाल ही में उबर के संस्थापक ट्राविस कालनिक को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी थी. इसका कारण था उनकी पूर्व कर्मचारी सूज़ेन फाउलर की एक ब्लॉग पोस्ट.
सुज़ेन ने इस ब्लॉग में उबर में काम करते हुए अपने साथ हुए यौन शोषण के बारे में बताया. इसके बाद कई महिलाओं ने इंटरनेट पर अपने साथ हुए यौन शोषण पर बात की.
अमरीकी लेखक और उद्यमी लिविंग्सटन कहतीं हैं, "सुज़ेन फॉउलर ने शानदार काम किया है."
वे कहती हैं, "फॉउलर का ब्लॉग सामने आने के बाद से मैं एक लाइन सुनती आ रही हूं और वो लाइन है 'ये तो लंबे समय से हो रहा है."
वे कहती हैं, "दरअसल, आपको यही समझने की ज़रूरत है कि ये हमेशा से हो रहा है, लोग अपने करीबियों और घरवालों को बता रहे थे, लेकिन कोई रिकॉर्ड पर आकर बात नहीं करता है, लोगों के लिए ये बेहद डरावना काम है जिससे करियर ख़राब हो सकते हैं."
सिलिकॉन वैली में शोषण, कैसे?
अक्सर देखा जाता है कि शोषित दूसरे व्यक्ति पर निर्भर होता है. मसलन, एक अभिनेत्री अपनी पहली फ़िल्म में ब्रेक पाने के लिए बेचैन होती है, एक खिलाड़ी किसी टीम में चयनित होना चाहता है.
लेकिन सिलिकॉन वैली की बात करें तो अक्सर ग़ैर-अनुभवी उद्यमियों के साथ ऐसा होता देखा जाता है. ऐसी महिला उद्यमी जो अपने स्टार्टअप को चलाने या सीड-फंडिंग लेने के लिए बेचैन होती हैं.
सीड-फंडिंग यानी नींव रखने वाला निवेश किसी भी उद्यमी के लिए 'करो या मरो' जैसी स्थिति बनाता है.
हाल ही में सात मिलियन डॉलर का निवेश पाने वालीं शिपिंग स्टार्टअप शिप्पो की सह-संस्थापक की लौरा बेहरंस-वू एक खास पहलू के बारे में बताती हैं.
वे कहती हैं, "पहला निवेश मिलने और नेटवर्क में शामिल होने से पहले ही महिलाएं सबसे ज़्यादा जोख़िमभरी स्थिति में होती हैं, वे किसी को जानती नहीं हैं और किसी के पास जा भी नहीं सकतीं."
लौरा बताती हैं, "अगर आज कोई मेरा शोषण करे तो मेरे पास ऐसे लोग हैं जिनके पास मैं जा सकती हूं जो मेरे साथ खड़े होंगे और ये सुनिश्चित करेंगे कि दोबारा ऐसा कभी न हो."
लौरा तर्क देती हैं, "आपके समर्थन में खड़े होने वाले ऐसे लोगों के बिना शोषकों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाना काफी डरावना है. क्योंकि आप नहीं चाहते कि निवेश करने वाले जब आपका नाम गूगल पर खोजें तो सबसे पहले आपकी यौन शोषण से जुड़ी जानकारी सामने आए."
अब बदल रहा है माहौल
सैन फ्रांसिसको के सबसे सम्मानित स्टार्ट अप निवेश कार्यक्रम वाय कॉम्बिनेटर की महिला संस्थापक जेसिका लिविंग्सटन कहती हैं कि अब कॉन्फ्रेंस का माहौल देखें तो लगता है सूज़ेन फॉउलर के ब्लॉग के बाद शायद अब इसमें बदलाव आता दिख रहा है.
इस वार्षिक समारोह में कई सफल और भविष्य की महिला उद्यमी शामिल हो रही हैं. और, इस साल तो उबर वाले मामले ने इस आयोजन को और भी कामयाब बनाया है.
लिविंग्सटन कहती हैं, "हम इस बारे में बात किए बिना ये सम्मेलन नहीं कर सकते थे. ये एक ऐसा बुरा मामला है, इस सम्मेलन में आज अंदर खाने एक बात चल रही है कि ये बेहद ख़राब है और काफ़ी समय से हो रहा था लेकिन अब ये बदलने वाला है.
उबर के अलावा वेंचर कैपिटलिस्ट जस्टिन काल्डबेक पर यौन शोषण के कई मामले लगे हैं. दो दिनों तक वह इन आरोपों को ख़ारिज करते रहे लेकिन निवेशकों के उनकी इन्वेस्टमेंट फ़र्म बाइनरी कैपिटल से निवेश बाहर निकालने के बाद स्थिति बदलती दिख रही है.
लिविंग्सटन कहती हैं, "पिछले हफ्ते बायनरी कैपिटल में जो हुआ उसके मुताबिक हर दिन परिवर्तन दिखाई दे रहा है, ये हर दिन नाटकीय होता जा रहा है, लेकिन जब तक हमें लगता रहे कि लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं, लोगों को उनके किए के लिए ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है. जब तक ऐसा हो रहा है तब तक इन मामलों को रफ़ा-दफ़ा नहीं किया जा रहा है.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)