आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सऊदी के राजदूत के सामने पाकिस्तानी विदेश मंत्री के इस तरह बैठने पर सवाल
सऊदी और पाकिस्तान की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है.
समय-समय पर सऊदी अरब पाकिस्तान को कर्ज़ देकर आर्थिक संकट में मदद करता रहता है.
लेकिन पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी और सऊदी के पाकिस्तान में राजदूत नवाफ़ बिन सईद अल-मल्कि की हालिया मुलाक़ात की तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं. इसे देख कर लोग पाकिस्तान पर सऊदी अरब का अपमान करने के आरोप लगा रहे हैं.
इस मुलाक़ात के सामने आए वीडियो में शाह महमूद क़ुरैशी, सऊदी अरब के राजदूत की ओर अपना पैर उठाकर बैठे नज़र आ रहे हैं. क़ुरैशी का जूता सऊदी के राजदूत की ओर है. दूसरी तरफ़ राजदूत अल-मल्कि उनके सामने शिष्टता से बैठे हैं.
पाकिस्तान से लेकर सऊदी अरब तक के लोग क़ुरैशी के इस तरह बैठने की आलोचना कर रहे हैं. ट्विटर पर इसे 'शर्मिंदगी', 'अपमानजनक' और 'ग़ैर-इस्लामिक' आचरण बताया जा रहा है.
इस्लामिक वर्ल्ड एजुकेशनल, साइंटिफिक एंड कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन के पूर्व निदेशक, जनरल अब्दुल अज़ीज़ ओथमान अल्टवाइजरी ने ट्विटर पर इसे 'इस्लाम के अनुसार अनादर' बताते हुए लिखा, ''सऊदी राजदूत के सामने पैर उठाकर विदेश मंत्री के बैठने का व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है. मेहमान का आदर और सम्मान करना इस्लाम का शिष्टाचार है.''
एक यूज़र ने इस ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, ''मैं, हमारे सभी सऊदी दोस्तों से क्षमा मांगता हूँ. हमारे विदेश मंत्री ने जो किया वह अस्वीकार्य है. पाकिस्तान में उनसे माफ़ी मांगने की मांग कर रहा है.''
जहां दोनों देशों में पाकिस्तान के विदेश मंत्री की जमकर आलोचना हो रही है, वहीं कुछ यूज़र्स सऊदी राजदूत पर इस बर्ताव के बावजूद आराम से बैठे रहने और एतराज़ न जताने को लेकर निशाना साध रहे हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि "सऊदी राजदूत ने नाराज़गी व्यक्त ना करके ग़लती की".
सऊदी के एक यूज़र ने लिखा, "हम गर्व और गरिमा वाले देश हैं और हम बुरे व्यवहार को स्वीकार नहीं करते हैं, पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने ग़लती की है."
'बहुत कुछ सीखने की ज़रूरत'
कुछ पाकिस्तानी यूज़र्स ने ये भी लिखा कि विदेश मंत्री को अभी बहुत कुछ सीखने की ज़रूरत है.
पाकिस्तानी यूज़र ने लिखा, ''उन्हें सीखने की सख़्त ज़रूरत है, पाकिस्तान हर साल सऊदी अरब के सामने भीख मांगता है."
शाह महमूद क़ुरैशी की "मेहमानवाज़ी" का मज़ाक उड़ाते हुए, एक अन्य यूज़र ने लिखा, "पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने अतुलनीय मेहमानवाज़ी के साथ पाकिस्तान में सऊदी राजदूत का स्वागत किया."
इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए एक सऊदी यूज़र ने लिखा, ''सऊदी अरब के राजदूत के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने बेहद लापरवाह और खुद को बड़ा जताते हुए स्वागत किया है."
कुछ यूज़र सऊदी अरब के राजदूत के रवैये की तारीफ़ भी कर रहे हैं कि वे विदेश मंत्री के इस रवैये के बाद भी गरिमा के साथ पेश आए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)