यूएई में ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, भारतीय नागरिकों समेत 14 लोगों की मौत, हफ़्सा ख़लील

इमेज स्रोत, KARIM SAHIB/AFP via Getty Images
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में एक ट्रक के बेकाबू होकर कई गाड़ियों से टकराने के कारण हुए हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हुए हैं.
देश के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में कुल 23 गाड़ियां शामिल थीं, जिनमें पांच ट्रक थे.
यह दुर्घटना फुजैराह के एंट्री गेट पर आधी रात से कुछ समय पहले हुई. उस वक्त सड़क पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही थीं.
मंत्रालय ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई. आग आसपास की कई दूसरी गाड़ियों तक फैल गई, जिससे बड़े पैमाने पर जान का नुकसान हुआ.
फुजैराह पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल 30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में यूएई के कुछ नागरिक भी शामिल हैं. यूएई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि हादसे में भारतीय नागरिकों की भी मौत हुई है.
दूतावास ने कहा कि वह मृतकों के परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें हर जरूरी मदद देने की कोशिश कर रहा है.

