पंजाब के अमृतसर में गोलीबारी में दो युवक घायल, पुलिस ने ये बताया
पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर शाम को दो युवकों को हमलावरों ने गोली मार दी. इस गोलीबारी में दोनों ही युवक घायल हो गए. हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि यह गोलीबारी गैंगवार की वजह से नहीं हुई है.
अमृतसर के एसीपी रविंदर सिंह ने कहा, "तारां वाला पुल पर फ़ायरिंग हुई है. इस घटना में शामिल दोनों युवक शरणजीत सिंह और आकाशदीप सिंह हैं. दोनों अजनाला पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले कोटली सक्का गांव के रहने वाले हैं. आज वे पुल के पास स्थित एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए मोटरसाइकिल से आए थे."
रविंदर सिंह ने बताया कि इन दोनों के मुताबिक़, "वहां चार लोग मौजूद थे. इनमें से दो को वे नहीं जानते थे, जबकि बाक़ी दो उनके परिचित थे. इन लोगों के पहुंचते ही उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी. शरणजीत को एक गोली लगी, जबकि आकाशदीप को दो गोलियां लगीं. आकाशदीप मौक़े पर ही गिर गया, जबकि शरणजीत वहां से भागने में कामयाब रहा."
रविंदर सिंह ने बताया, "हमारे मौक़े पर पहुंचने के बाद दोनों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, क़रीब तीन से चार राउंड फायरिंग हुई. घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं."
हालांकि पुलिस ने कहा कि यह गोलीबारी किसी गैंगवार का मामला नहीं है.
रविंदर सिंह ने कहा, "उनके बीच आपसी विवाद है. सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं और इस घटना में शामिल दूसरे व्यक्ति के रिश्तेदार भी उसी इलाक़े में रहते हैं."