आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

हसन नसरल्लाह की मौत के बाद रूस, ईरान और इराक़ क्या बोले?

इसराइली हमले में हिज़्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत हुई है.

सारांश

  • बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टी-20 मैच के लिए भारतीय टीम का एलान, सूर्य कुमार यादव को कप्तानी
  • हिज़्बुल्लाह नेता नसरल्लाह की मौत के बाद इसराइली सेना ने कहा- हमारी जंग लेबनान के लोगों से नहीं
  • हिज़्बुल्लाह ने माना, इसराइली हमले में मारे गए हसन नसरल्लाह
  • इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह मारे गए हैं.
  • भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैच: बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल रद्द
  • डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के बीच हुई मुलाक़ात, ट्रंप बोले- हम चुनाव जीतते हैं तो हम बहुत जल्दी सब ठीक कर लेंगे.

लाइव कवरेज

  1. इस लाइव को अब हम यहीं रोक रहे हैं. अदिति शर्मा लाइव में आज आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं. अब दीजिए इजाज़त. कल सुबह फिर से लाइव में ताज़ा ख़बरों को लेकर हम हाज़िर होंगे.

    बीबीसी की अन्य ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.

    मध्य पूर्व के बारे में इस चर्चा को अब बंद कर देना चाहिए कि यह इलाक़ा अधिक गंभीर जंग के कगार पर खड़ा है. कथित तौर पर हिज़्बुल्लाह के मुख्यालयों को निशाना बनाने के दावे के साथ बेरुत में हुए भयानक इसराइली हमलों के बाद ऐसा लगता है कि अब वे धावा बोल रहे हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इसराइली सेना के दावे के बाद हिज़्बुल्लाह ने माना है कि उसके सुप्रीम लीडर हसन नसरल्लाह की मौत हो गई है. हसन नसरल्लाह एक शिया आलिम (धार्मिक विद्वान) थे जो लेबनान में हिज़्बुल्लाह ग्रुप के प्रमुख थे. इस ग्रुप को इस समय लेबनान के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक दलों में गिना जाता है जिसकी अपनी सशस्त्र विंग भी है.उनके बारे में पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में हर साल जितिया पर्व मनाया जाता है. ऐसी मान्यता है कि इस पर्व से संतान को दीर्घायु होने का 'आशीर्वाद' मिलता है. इस साल भी ये पर्व मनाया गया लेकिन बिहार के कई परिवारों में खुशियों की जगह मातम ने ले ली. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  2. हसन नसरल्लाह की मौत के बाद रूस, ईरान और इराक़ क्या बोले?

    ईरान के सुप्रीम लीडर अयतुल्लाह ख़ामेनेई ने हिज़्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत पर पाँच दिनों के शोक का एलान किया है.

    ख़ामेनेई ने ये भी कहा है कि हिज़्बुल्लाह चीफ़ के 'ख़ून का बदला लिया जाएगा.'

    रूस ने भी नसरल्लाह के मारे जाने की निंदा की है. रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने कहा कि 'इस तरह की हिंसक गतिविधि से इसराइल अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर सकता.'

    हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी करके इसराइली हमलों में अपने नेता की मौत की पुष्टी की थी.

    इस घटनाक्रम पर ईरान के अलावा इराक़, हमास और यमन के हूती विद्रोही गुट ने भी हिज़्बुल्लाह के समर्थन में बयान दिए हैं.

    यमन में हूती सरकार ने कहा है कि वह हिज़्बुल्लाह नेता की मौत से दुख में है लेकिन इससे 'हिज़्बुल्लाह को उनका समर्थन और बड़ा और मज़बूत होगा.'

    वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने कहा है कि ये हमले 'युद्ध अपराध' थे, जिसके लिए अमेरिका और इसराइल दोनों को ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.

    जबकि इराक़ के प्रधानमंत्री कार्यालय ने तीन दिन के शोक की घोषणा की है और साथ में कहा है कि नसरल्लाह को मार के इसराइल ने 'सारी हदें पार कर दी हैं.'

  3. हसन नसरल्लाह की मौत पर महबूबा मुफ़्ती ने जताया दुख, एक दिन चुनाव प्रचार भी नहीं करेंगी

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह के मारे जाने पर दुख जताते हुए एक दिन के लिए चुनावी प्रचार न करने की बात कही है.

    महबूबा मुफ़्ती ने एक ट्वीट में लिखा, "मैं लेबनान और ग़ज़ा के शहीदों, ख़ासतौर पर हसन नसरल्लाह के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कल अपना चुनावी प्रचार रद्द कर रही हूं. इस दुख और प्रतिरोध की घड़ी में हम फ़लस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं. "

    इसराइली सेना ने ये दावा किया कि हिज़्बुल्लाह के प्रमुख हसन नसरल्लाह को हवाई हमले में मार दिया गया है.

    कुछ घंटे बाद हिज़्बुल्लाह ने ये दावा माना और इसराइल के ख़िलाफ़ अपनी जंग जारी रखने की भी बात कही.

  4. ईरान के विमान को लेबनान ने लैंड करने से इनकार क्यों किया

    ईरानी विमान को लेबनान ने अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश की इजाज़त देने से इनकार कर दिया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, लेबनान के परिवहन मंत्रालय ने एक ईरानी विमान को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश देने से इनकार कर दिया है.

    ऐसा इसलिए क्योंकि इसराइल ने बेरुत के हवाई यातायात नियंत्रण को चेतावनी दी थी कि यदि ईरानी विमान लैंड करता है तो इसराइल "बल" का प्रयोग करेगा.

    मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में क्या था.

    उन्होंने आगे कहा, "हमारी प्राथमिकता लोगों की जान है."

    यूरोपीय संघ भी एयरलाइन्स को अगले महीने तक लेबनान और इसराइल के हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दे रहा है.

    यूरोपीय यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (ईएएसए) ने 31 अक्टूबर तक "लेबनान और इसराइल के हवाई क्षेत्रों में उड़ान न भरने" की आधिकारिक सलाह दी है.

    इसराइली सेना ने ये दावा किया है कि उसने हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मार दिया है. हिज़्बुल्लाह को कई सालों से ईरान से आर्थिक और सैन्य समर्थन मिला हुआ है.

    नसरल्लाह को मारे जाने के दावे के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने सभी मुसलमानों से लेबनान और हिज़्बुल्लाह के लोगों के साथ खड़े होने की अपील की है.

  5. बेरुत में हुए हमलों में ईरानी कुद्स फोर्स के सीनियर कमांडर की भी मौत

    ईरानी अधिकारियों का कहना है कि बेरुत में शुक्रवार को हुए इसराइली हमलों में ईरान के रिवॉल्यूशनरी कुद्स फोर्स के एक सीनियर कमांडर की भी मौत हुई है.

    ईरान मुताबिक इन हमलों में अब्बास निलफोरुशान की मौत हुई, जो ईरानी कुद्स फोर्स के डिप्टी ऑपरेशंस कमांडर पद पर थे.

    कुद्स फोर्स ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशन गार्ड कोर (आईआरजीसी) की विदेशों में मौजूद बलों को कहा जाता है.

  6. हसन नसरल्लाह के समर्थक बोले, 'काश वे हम सबको मारकर उन्हें बख़्श देते'

    हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद बीबीसी संवाददाता कैरीन टोर्बी ने बेरुत के पास एन-अल मरासेह में रह रहे कुछ विस्थापितों से बात की.

    इनमें से बहुत लोग हसन नसरल्लाह की मौत की ख़बर से सदमे में हैं.

    कुछ लोग बेसुध होकर ज़मीन पर गिर गए, तो कुछ चिल्ला रहे हैं और इधर-उधर भागते हुए रो रहे हैं.

    एक महिला ने कहा, "काश वे हम सबको मार देते लेकिन उन्हें (नसरल्लाह) छोड़ देते."

    एक अन्य महिला कहती हैं, "अब मैं कैसे देहिएह वापस जाऊंगी, जबकि मैं ये जानती हूं कि सैय्यद (नसरल्लाह) अब इस दुनिया में नहीं हैं."

    नसरल्लाह अपने समर्थकों के शीर्ष नेता ही नहीं बल्कि उनके आदर्श थे और उनकी मौत के बाद लोग गहरे सदमे में हैं.

    बेरुत में हर कोई हिज़्बुल्लाह का समर्थक नहीं है लेकिन सड़कों पर कुछ लोगों ने गुस्से और दुख को ज़ाहिर करने के लिए फ़ायरिंग तक की.

  7. हसन नसरल्लाह की मौत के बाद हमास ने क्या कहा?

    इसराइली हमले में मारे गए हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत पर हमास ने शोक व्यक्त किया है.

    हमास ने कहा है कि वो "हिज़्बुल्लाह के भाइयों और लेबनान में इस्लामिक रेसिस्टेंस के साथ खड़ा है”.

    हालांकि इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच दशकों से संघर्ष चल रहा है. लेकिन अभी जो युद्ध चल रहा है ये तब शुरू हुआ जब हमास ने 7 अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया, जिसमें लगभग 1200 लोग मारे गए थे.

    इस हमले के एक दिन बाद से हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच संघर्ष और बढ़ गया.

    हिज़्बुल्लाह ने फ़लस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए इसराइली ठिकानों पर गोलीबारी की. हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि जब तक गज़ा में युद्ध विराम नहीं हो जाता, तब तक वह इसराइल के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा.

  8. हिज़्बुल्लाह नेता नसरल्लाह की मौत के बाद इसराइली सेना ने कहा- हमारी जंग लेबनान के लोगों से नहीं

    हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेस (आईडीएफ़) के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने टेलीविज़न पर एक संदेश जारी किया है.

    जनरल हगारी ने कहा, “हमारी जंग लेबनान के लोगों से नहीं बल्कि हिज़्बुल्लाह से है.”

    उन्होंने नसरल्लाह को इसराइल के 'सबसे बड़े शत्रुओं में से एक' बताया.

    उन्होंने कहा, "शुक्रवार को बेरुत पर इसराइली वायु सेना की ओर से किए गए सटीक हमले में नसरल्लाह मारे गए."

    हगारी ने कहा कि इसराइली सेना इस समय लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रही है.

    हगारी के अनुसार, इसराइल के मुख्य इलाक़ों में एक जगह पर 1000 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगा दी गई है.

    इससे पहले टेलीग्राम पर जारी एक लंबे बयान में हिज़्बुल्लाह ने अपने नेता के मारे जाने की पुष्टि की.

    बयान में कहा गया है, "प्रतिरोध के अगुवा और धर्म के सेवक अपने ईश्वर के पास चले गए. उनकी मौत बेरुत के दक्षिणी उपनगर में विश्वासघाती ज़ायनिस्ट हमले में हुई."

    ग्रुप ने ग़ज़ा के समर्थन में और लेबनान की रक्षा के लिए इसराइल के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखने की क़सम खाई है.

  9. हिज़्बुल्लाह ने माना इसराइली हमले में मारे गए हसन नसरल्लाह

    लेबनान के हथियारबंद शिया संगठन हिज़्बुल्लाह ने अपने नेता हसन नसरल्लाह की मौत की पुष्टि कर दी है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने दावा किया था कि बेरुत में हवाई बमबारी में हसन नसरल्लाह की मौत हुई है. लेकिन हिज़्बुल्लाह की ओर से कोई बयान नहीं आया था.

    हालांकि अब कुछ देर पहले ही हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी कर नसरल्लाह की मौत की पुष्टि कर दी है.

    हिज़्बुल्लाह ने बताया है कि लेबनान की राजधानी बेरुत में उसके हेडक्वॉर्टर पर हुए इसराइली हमलों में नसरल्लाह की मौत हुई है. इसराइली सेना ने कहा था कि ये हमला लंबे समय से प्लान किया जा रहा था. इसराइली ने 64 वर्षीय नसरल्लाह को कई इसराइली सैनिकों और आम लोगों की हत्या का ज़िम्मेदार बताया.

    हिज़्बुल्लाह ने एक लंबा टेलीग्राम पोस्ट कर इस खबर की पुष्टि की है.

    हिज़्बुल्लाह के बयान में कहा गया है कि नसरल्लाह की मौत "दक्षिणी हिस्से में विश्वासघाती ज़ायनिस्ट हमले के बाद" हुई.

    हिज़्बुल्लाह ने इसराइल के खिलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखने की बात कही है. इसके आगे हिज़्बुल्लाह ने "प्रतिज्ञा" भी की है कि "गज़ा, फ़लस्तीन, और लेबनान और उसके दृढ़ और सम्माननीय लोगों की रक्षा" के लिए वो लगातार समर्थन करता रहेगा.

  10. ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने लेबनान में इसराइली हमलों पर दी ये प्रतिक्रिया

    इसराइल की ओर से हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह को मारे जाने के दावे के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का बयान आया है.

    हिज़्बुल्लाह को वर्षों से ईरान सैन्य और वित्तीय दोनों तरह की मदद मुहैया कराता रहा है. हिज़्बुल्लाह को ईरान समर्थित गुट कहा जाता है.

    हालांकि, ख़ामेनेई ने अपने बयान में हसन नसरल्लाह का ज़िक्र नहीं किया है.

    ख़ामेनेई ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि "एक ओर लेबनान में निहत्थे लोगों की हत्या ने एक बार फिर उग्र ज़ायनिस्टों की बर्बर प्रवृत्ति को उजागर कर दिया है."

    "दूसरी तरफ़, इन हमलों ने ये भी साबित कर दिया है कि इसराइली नेताओं की नीतियां कितनी अदूरदर्शी और मूर्खता से भरी हैं."

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने सभी मुसलमानों से लेबनान और हिज़्बुल्लाह के लोगों के साथ खड़े होने और "हड़पने वाले और दमनकारी शासन का सामना करने" में उनका समर्थन करने का भी आग्रह किया.

    ख़ामेनेई ने कहा कि इसराइली "अपराधियों को पता होना चाहिए कि वे लेबनान में हिज़्बुल्लाह के गढ़ों को कोई खास नुकसान पहुंचाने के लिए बहुत छोटे हैं".

    ख़ामेनेई ने आगे कहा,"इस क्षेत्र की सभी रेसिस्टेंस फोर्सेस हिज़्बुल्लाह का समर्थन करती हैं और उसके साथ खड़ी हैं. रेसिस्टेंस फोर्सेस हिज़्बुल्लाह के नेतृत्व में इस क्षेत्र की किस्मत तय करेंगी. "

    ख़ामेनेई ने कहा, “लेबनान के लोग वो समय नहीं भूले हैं जब दमनकारी शासन के सैनिक बेरुत की तरफ़ बढ़ रहे थे और हिज़्बुल्लाह ने उन्हें रोका था. इस बार भी हड़पने वाले और दमनकारी दुश्मन को पछतावा होगा.”

  11. भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैच: बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल रद्द

    भारत और बांग्लादेश के बीच शनिवार को दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल रद्द हो गया है. बीसीसीआई ने इसकी जानकारी दी है.

    कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में ये मैच खेला जाना था. लेकिन बारिश के कारण खेल शुरू ही नहीं हो सका.

    मैच के पहले दिन भी 35 ओवर का ही खेल हो पाया था. मौसम खराब होने की वजह से उसके बाद मैच को रोक दिया गया था. पहले दिन 35 ओवर खत्म होने तक बांग्लादेश ने तीन विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए थे.

    पहले दिन का मैच रद्द घोषित होने तक क्रीज़ पर बांग्लादेशी बल्लेबाज़ मोमिनुल हक और मुशफ़िकुर रहीम मौजूद थे.

    भारत की ओर से गेंदबाज़ आर अश्विन ने कल के खेल तक एक विकेट हासिल किया था. वहीं आकाश दीप दो विकेट लेने में सफल हुए थे.

  12. हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह पर इसराइली सेना के प्रमुख ने क्या कहा?

    आईडीएफ के चीफ़ ऑफ स्टाफ़ लेफ्टिनेंट जनरल हर्ज़ी हलेवी का हसन नसरल्लाह की मौत के दावे पर बयान आया है.

    आईडीएफ़ के चीफ ऑफ स्टाफ़ ने एक वीडियो संदेश साझा कर कहा है कि हम नसरल्लाह को निशाना बनाने में सफल हुए. हर्ज़ी हलेवी ने कहा कि बहुत तैयारियों के बाद इसराइली सेना ने लेबनान में नसरल्लाह और हिज़्बुल्लाह मुख्यालय को एक हमले में निशाना बनाने का प्लान सक्रिय किया.

    आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ़ ने कहा, “समय बिल्कुल सही था, हमने बहुत सटीक ढंग से हमला किया.”

    हर्ज़ी हलेवी ने कहा, “हम आगे और हमले करने की क्षमता रखते हैं.”

    कुछ समय पहले ही आईडीएफ ने हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के मारे जाने के बारे में बयान जारी किया था. जिसके बाद आईडीएफ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो क्लिप साझा की है.

    हिज़्बुल्लाह ने अभी तक इसराइल के हसन नसरल्लाह को मार गिराने के दावे की पुष्टि नहीं की है.

    हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मारने का दावा किया

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह मारे गए हैं.

    आईडीएफ़ ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट किया है, “हसन नसरल्लाह अब दुनिया को आतंकित नहीं कर पाएंगे.”

    वहीं इसराइल के विदेश मंत्रालय ने भी कहा है कि हसन नसरल्लाह की मौत हो गई है.

    इसराइली विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, “इसराइल डिफेंस फोर्सेस ने हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह और उसके हिज़्बुल्लाह के एक संस्थापक सदस्य को कल मार गिराने की पुष्टि की है. हिज़्बुल्लाह के दक्षिणी फ्रंट के कमांडर अली कर्की और अन्य कई कमांडर्स भी मारे गए हैं. नसरल्लाह अब दुनिया को आतंकित नहीं कर पाएगा.”

    हसन नसरल्लाह एक शिया धार्मिक गुरू हैं जो लेबनान में हिज़बुल्लाह ग्रुप के प्रमुख हैं.

    इसराइल द्वारा हत्या किये जाने के डर के कारण नसरल्लाह को कई सालों से सार्वजनिक जीवन में नहीं देखा गया है.

    हसन नसरल्लाह के ईरान से काफी करीबी संबंध हैं. हिज़बुल्लाह को राजनीतिक और सैन्य ताकत बनाने में नसरल्लाह ने बहुत अहम भूमिका निभाई है.

    आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ़ लेफ्टिनेंट जनरल हर्ज़ी हलेवी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है.

    लेफ्टिनेंट जनरल हर्ज़ी हलेवी ने इसमें कहा है, “संदेश साफ है. जो भी इसराइली नागरिकों को आतंकित करेगा, हमें पता है कि उन तक कैसे पहुंचना है.”

    ये वीडियो क्लिप आईडीएफ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हिज़बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के मारे जाने के बयान के कुछ समय बाद साझा किया है.

    हिज़्बुल्लाह ने अभी तक इसराइल के हसन नसरल्लाह को मार गिराने के दावे की पुष्टि नहीं की है.

  14. इसराइल ने अब बेका घाटी में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर किया हमला

    इसराइली वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने बेका घाटी में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया है.

    कुछ समय पहले उत्तर पूर्वी लेबनान में आईडीएफ़ (इसराइल डिफेंस फोर्सेज़) के हमले जारी थे. लेबनान के इस हिस्से को हिज़्बुल्लाह का गढ़ माना जाता है.

    आईडीएफ़ ने बयान में बताया कि इसराइल को निशाना बनाने के लिए जिन हथियार भंडार, सैन्य इमारतों और लॉन्चर्स का इस्तेमाल किया गया था, आईडीएफ़ ने उन ठिकानों पर धावा बोला है. आईडीएफ़ ने कहा कि वो लेबनान में हमले जारी रखेगा.

    इसके पहले आईडीएफ़ ने बताया था कि लेबनान से इसराइल की तरफ़ पांच रॉकेट दागे गए थे.

    हज़ारों की तादाद में लोग बेरूत के दक्षिणी इलाके से पलायन कर रहे हैं. लोग वहां सड़कों पर, पार्क में या गाड़ियों में सोने को मजबूर हैं. ऐसे कई बच्चे भी हैं जो अपने परिवार से बिछड़ गए हैं.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों से उन मरीज़ों के लिए तैयारी करने को कहा है जो रात के दौरान विस्थापित हो गए हैं.

  15. विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल में रेहड़ी-पटरी वालों के पहचान पत्र के मसले पर कही ये बात

    हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपने एक बयान और फिर राज्य सरकार की तरफ़ से उसके खंडन के कारण सुर्ख़ियों में हैं. इसी बीच शुक्रवार को उन्होंने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है.

    विक्रमादित्य सिंह ने कहा था कि राज्य के रेहड़ी-पटरी वाली दुकानों पर फोटोयुक्त पहचान पत्र लगाना अनिवार्य होगा. जिस पर बाद में उनकी सफाई भी आई. बाद में राज्य सरकार ने ऐसे किसी आदेश पर रोक लगा दी थी.

    इसी सिलसिले के बीच हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद बयान दिया है.

    विक्रमादित्य सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “कल वेणुगोपाल जी के साथ अच्छी बैठक हुई है. हिमाचल के संदर्भ में बहुत से मुद्दों पर चर्चा हुई है. निश्चित तौर पर इस मसले (राज्य के रेहड़ी-पटरी वाली दुकानों पर फोटोयुक्त पहचान पत्र लगाना) को लेकर भी बात हुई है. "

    "मैंने उन्हें विश्वास दिलाया कि हम पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं और पार्टी के दिशानिर्देशों का पालन करना हमारी ज़िम्मेदारी है. इसके साथ ही मैंने उन्हें ये भी बताया कि हिमाचल प्रदेश में बीते लंबे समय से चल रहे इस विवाद को सुलझाने का सरकार पूरा प्रयास कर रही है."

    उन्होंने कहा," रेहड़ी-पटरी वालों से जुड़े मसले को लेकर सभी पार्टियों की एक समिति भी बनाई गई है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के भी निर्देश हैं कि इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए. राज्य का भी इसे लेकर 2016 का एक अधिनियम है. इस मामले में सबके विचार लिए जाएंगे."

    "हम किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते. पर स्थानीय लोगों की चिंताओं का ध्यान रखना भी सरकार की ज़िम्मेदारी है. मैंने पार्टी आलाकमान को यहां के मसले से अवगत कराया है."

    इस्तीफे की बात से विक्रमादित्य सिंह ने साफ इनकार किया है. उन्होंने कहा, “ये बिल्कुल निराधार बातें हैं. इस पर ना मुझे प्रतिक्रिया देनी चाहिए और ना आप लोगों को ध्यान देना चाहिए.”

  16. दिल्ली के एक घर में पांच शव बरामद, क्या कह रही है पुलिस?

    दिल्ली के वसंत कुंज में एक घर में पिता समेत चार बेटियों के शव बरामद हुए हैं. मृत परिवार बिहार के छपरा से है. डीसीपी साउथ वेस्ट रोहित मीणा ने बताया कि ये शुक्रवार सुबह की घटना है.

    डीसीपी साउथ वेस्ट रोहित मीणा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “कल सुबह 10 बजे के करीब एक कॉल आया कि एक घर अंदर से बंद है और उसमें रहने वाले लोग दरवाज़ा नहीं खोल रहे हैं. ये फोन घर के मालिक ने किया था. उन्हें घर की देखभाल करने वाले आदमी ने बताया कि जब वो सफाई करने के लिए घर के तीसरी मंज़िल पर गया तो कोई दरवाज़ा नहीं खोल रहा था और अजीब सी गंध आ रही थी.”

    “हम मौके पर पहुंचे और फायर सर्विस की टीम की मदद से घर का दरवाज़ा खोला. घर में दो कमरे थे. एक कमरे में एक आदमी की लाश पड़ी थी और दूसरे कमरे में चार लड़कियों की लाश थी. मृत व्यक्ति को पहचान लिया गया है. उनकी पहचान हीरालाल शर्मा के तौर पर की गई है. वो बिहार के छपरा के रहने वाले थे और बीते 28 सालों से कारपेंटर का काम करते थे. वो अपनी चार बेटियों के साथ रहते थे. जिसमें से दो बेटियां विकलांग थीं.”

    “हमने मृत पाए लोगों के रिश्तेदारों को बुलाया. मृतक का भाई जोगिंदर और भाभी गुड़िया मौके पर आए. उन्होंने बताया कि लड़कियों की मां की मौत कैंसर से हो गई थी. परिवार तब से काफी अलग-थलग रहने लगा था.”

    “हमने एफएसएल रोहिणी से फॉरेंसिक टीम और सफदरगंज अस्पताल से डॉक्टर्स की टीम को मौके पर बुलाया. और पूरी जांच की. घटनास्थल से सल्फास की शीशी और अन्य चीज़ें बरामद हुई हैं. हम हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्यवाही कर रहे हैं.”

  17. पूरी रात चले इसराइली हमलों के बाद अब कैसा है बेरूत का हाल, नफ़ीसा कोहनावर्द, बीबीसी फ़ारसी मध्य पूर्व संवाददाता, बेरूत

    लेबनान के बेरूत में दक्षिणी उपनगर दाहियाह में कई जगहों पर अभी भी भारी धुआं उठ रहा है.

    घर की खिड़की से कुछ जगहों को अब भी जलते हुए देखा जा सकता है. इसराइल के हवाई हमले सूरज निकलने तक जारी थे.

    पूरी रात भारी धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. लेबनान की सेना में जाननेवालों का कहना है कि अधिकतर एयर स्ट्राइक में इसराइल ने बंकर तबाह करने वाले बम इस्तेमाल किए थे.

    उनका कहना है, “ये साफ़ है कि वो ज़मीन में मौजूद संभावित सुरंगों को तबाह करना चाहते थे.”

    घटनास्थल पर बचाव और खोजी अभियान जारी है. इन जगहों से विस्थापित हुए लोगों ने पूरी रात सड़कों पर गुज़ारी है.

    हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के बारे में अभी भी विरोधाभासी रिपोर्टें हैं.

    हिज़्बुल्लाह ने अभी भी न ही इसकी पुष्टि की है और न ही इसे ख़ारिज किया है कि वो ज़िंदा हैं या नहीं.

    हालांकि, ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े मीडिया ने दावा किया है कि उनके पास इस बात की पुष्टि है कि वो ‘सुरक्षित जगह पर हैं और ज़िंदा हैं.’

    लेकिन हिज़्बुल्लाह से नज़दीकी से जुड़े लोगों ने एक्स पर पोस्ट करके अपने समर्थकों से ‘नेता की सुरक्षा के लिए दुआएं करने को कहा है.’

  18. अमेरिका में हेलेन तूफ़ान की वजह से कम से कम 43 की मौत

    दक्षिण-पूर्वी अमेरिका में हेलेन तूफ़ान की वजह से कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है और लाखों लोग बिना बिजली को रहने को मजबूर हैं.

    अधिकारियों ने बताया है कि बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को निकालने के लिए नावों,हेलीकॉप्टरों और बड़ी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इनमें टेनेसी अस्पताल की छत पर फंसे तक़रीबन 50 कर्मचारियों और मरीज़ों को भी निकालने का काम जारी है.

    गुरुवार की रात समुद्र तट से टकराने के बाद ये फ़्लोरिडा के तट पर आया अब तक सबसे ताक़तवर तूफ़ान है जो उत्तर में जॉर्जिया और कैरोलाइना की ओर बढ़ गया है.

    इंश्योरर्स और वित्तीय संस्थानों का कहना है कि तूफ़ान की वजह से अरबों डॉलर का नुक़सान हुआ है.

  19. संयुक्त राष्ट्र महासभा में शहबाज़ शरीफ़ के भाषण पर भारत ने दिया ये जवाब

    संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के भाषण में कश्मीर का ज़िक्र करने पर भारत ने जवाब दिया है.

    राइट टू रिप्लाई अधिकार का इस्तेमाल करते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत की फ़र्स्ट सेक्रेटरी भाविका मंगलानंदन ने कहा कि ‘दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर हमला करने का दुस्साहस किया गया है.’

    भाविका ने कहा, “इस सभा ने आज सुबह एक बेहद दुखद घटना देखी. सेना के ज़रिए चलाए जा रहे एक मुल्क ने जो आतंकवाद, नशीले पदार्थों के व्यापार और अंतरराष्ट्रीय अपराध के लिए वैश्विक रूप से बदना है उसने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर हमला करने का दुस्साहस किया है.”

    “मैं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के भाषण में भारत के संदर्भ के बारे में बात कर रही हूं. जैसा कि दुनिया जानती है कि पाकिस्तान का लंबे समय से अपने पड़ोसियों के ख़िलाफ़ हथियार के रूप में सीमापार आतंकवाद का इस्तेमाल करता रहा है.”

    “इसने हमारी संसद, हमारी आर्थिक राजधानी मुंबई, बाज़ारों और तीर्थयात्राओं के रास्तों पर हमले किए हैं. ये एक लंबी सूची है. इस तरह के देश के लिए कहीं भी हिंसा के बारे में बात करना सबसे बड़ा पाखंड है."

    "ये और भी अजीब उस देश के लिए है जहां चुनावों में धांधली का इतिहास है और वो राजनीतिक विकल्पों की बात कर रहे हैं. असली सच ये है कि पाकिस्तान हमारे क्षेत्र का लालच रखता है और असल में वास्तव में जम्मू-कश्मीर में चुनावों को बाधित करने के लिए लगातार आतंकवाद का इस्तेमाल करता रहा है.”

    दरअसल शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि शांति की ओर बढ़ने के बजाय,भारत ने जम्मू-कश्मीर पर सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू करने के अपने वादों से मुंह मोड़ लिया है. ये प्रस्ताव कश्मीर के लोगों के लिए एक जनमत संग्रह का आदेश देते हैं ताकि वे आत्मनिर्णय के अपने मौलिक अधिकार का इस्तेमाल कर सकें.

  20. इसराइल का हिज़्बुल्लाह के मिसाइल यूनिट के कमांडर को मारने का दावा

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने दावा किया है कि दक्षिणी बेरूत में उसके हवाई हमलों में हिज़्बुल्लाह की मिसाइल यूनिट के कमांडर मुहम्मद अली इस्माइल और उनके डिप्टी हुसैन अहमद इस्माइल मारे गए हैं.

    आईडीएफ़ ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट करके ये जानकारी दी है.

    इस पोस्ट में लिखा है, “अली इस्माइल इसराइल राष्ट्र पर कई आतंकी हमलों का निर्देश देने के लिए ज़िम्मेदार थे. जिसमें इसराइली क्षेत्र की ओर रॉकेट दाग़ना और बुधवार को सेंट्रल इसराइल की ओर ज़मीन से ज़मीन की ओर मिसाइल छोड़ना शामिल है.”

    आईडीएफ़ ने ये भी बताया है कि इसके बाद हिज़्बुल्लाह के मिसाइल और रॉकेट फ़ोर्स के प्रमुख इब्राहिम मुहम्मद क़बीसी की भी मौत हुई है. इनके अलावा दूसरे वरिष्ठ कमांडरों की भी मौत हुई है.