दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण: इन दो इलाक़ों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 350 के आसपास

इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images
दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर तेज़ी से बढ़ने लगा है.
बारिश के बाद जहां दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 100 से नीचे पहुंच गया था, वहीं अब यह बढ़कर 350 के क़रीब पहुंच गया है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक़, अक्षरधाम मंदिर और आईटीओ के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स 349 दर्ज किया गया है. इन इलाक़ों की हवा ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंच गई है.
वहीं, इंडिया गेट और जनपथ के आसपास भी प्रदूषण का स्तर काफ़ी बढ़ा हुआ है. यहां एक्यूआई 335 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में आता है.
इससे पहले शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 117 रहा था, जो मध्यम श्रेणी में आता है.
रविवार को यह बढ़कर 261 पर पहुंच गया. वहीं, शाम 6 बजे के बाद एक्यूआई में और इज़ाफ़ा हुआ और यह 272 दर्ज किया गया.











