जयशंकर बोले- 'आतंकवादियों को जवाब देने का कोई नियम नहीं हो सकता'

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद को जवाब देने का कोई नियम नहीं हो सकता.

लाइव कवरेज

  1. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर बोले- 'आतंकवादियों को जवाब देने का कोई नियम नहीं हो सकता'

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद को जवाब देने का कोई नियम नहीं हो सकता.

    ब्रिटेन के अख़बार 'द गार्डियन' ने एक रिपोर्ट में हाल ही में दावा किया था कि भारत की खुफिया एजेंसी रॉ ने पाकिस्तान में कार्रवाई की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए एस जयशंकर ने कहा, ''26/11 को हुए मुंबई हमले के बाद यूपीए सरकार ने कई दौर की वार्ता की और सरकार इस नतीजे पर पहुंची कि पाकिस्तान पर हमला करने की कीमत, हमला न करने से ज़्यादा है.''

    ''अगर आप जवाब नहीं देते हैं तो फिर मुंबई जैसी घटना होती है. आप अगली घटना को होने से कैसे रोक सकते हैं?''

    जयशंकर ने आगे कहा, ''आतंकवादियों को यह नहीं सोचना चाहिए कि वो सीमा के दूसरी तरफ हैं तो फिर उन पर कोई हमला नहीं कर सकता. आतंकवादी किसी नियम से नहीं चलते हैं. इसलिए आतंकवादियों को जवाब देने का भी कोई नियम नहीं हो सकता.''

    विदेश मंत्री एस जयशंकर अपनी किताब 'व्हाई भारत मैटर्स' के मराठी भाषा में लॉन्च होने पर पुणे पहुंचे थे.

  2. अमेरिका की ईरान को हिदायत- इसराइल पर ना करे हमला

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईरान के इसराइल पर हमला करने की आशंका जताई है.

    बाइडन ने हालांकि ईरान को ऐसा न करने की हिदायत दी है. बाइडन ने आशंका जताई कि ईरान सीरिया में अपने दूतावास पर हुए हमले का बदला लेने के लिए इसराइल पर पलटवार करेगा.

    शुक्रवार को ईरान के इसराइल पर हमला किए जाने से जुड़े सवाल पर बाइडन ने कहा, ''ऐसा न करें.''

    बाइडन ने साफ कर दिया है कि अमेरिका इसराइल का साथ देगा.

    उन्होंने कहा, ''हम इसराइल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, हम इसराइल का साथ देंगे, हम इसराइल की सुरक्षा करेंगे और ईरान सफल नहीं हो पाएगा.''

    दरअसल, एक अप्रैल को ईरान के सीरिया स्थित वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई.

    इस हमले में ईरान के एलीट कुद्स फ़ोर्स के एक शीर्ष कमांडर और उनके डिप्टी की भी मौत हुई थी.

    ईरान ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे इसराइल था और वह इसका बदला ज़रूर लेगा.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    12 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    (बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)