आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सांवले रंग पर मजाक, तनिष्ठा का वाकआउट
फ़िल्म अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी ने अपने सांवले रंग का मज़ाक उड़ाने के लिए 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' टीवी शो की आलोचना की है.
35 साल की तनिष्ठा चटर्जी इस टीवी शो में अपनी फ़िल्म पार्च्ड के प्रमोशन के सिलसिले में शामिल होने के लिए फ़िल्म की निर्देशिका लीना यादव और अभिनेत्री राधिका आप्टे के साथ पहुंची थीं.
लेकिन जब उनके सांवले रंग को लेकर मज़ाक किया गया तो वह शो के बीच से ही निकल गईं. इसके बाद उन्होंने फ़ेसबुक पोस्ट के जरिए इस बात पर अपना विरोध जताया.
उन्होंने लिखा कि शो के आधे हिस्से तक उनके रंग को लेकर मज़ाक उड़ाया जाता रहा, वे इस दौरान इंतज़ार करती रहीं कि टॉपिक शायद बदले. लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो तनिष्ठा शो से निकल गईं.
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "एक बार मुझसे पूछा गया- आपका सरनेम चटर्जी है? तो आप ब्राह्मण हैं. आपकी मां का सरनेम क्या है? मित्रा! वो भी ब्राह्मण थीं. इसके बाद मुझे अप्रत्यक्ष तौर पर संकेत दिया गया कि फिर भी मेरा रंग सांवला क्यों है? यह हमारी सोच में गहरे तक बैठा हुआ है और जाति, वर्ग और रंग को लेकर पूर्वाग्रह से जुड़ा है. सवर्ण का मतलब साफ़ रंग, घुलमिल सकते हैं. निचली जाति का मतलब सांवला या काला रंग और वे अछूत हैं."
उनकी पोस्ट के वायरल होने के बाद शो का प्रसारण करने वाली कलर्स टीवी ने तनिष्ठा से माफ़ी मांगी है और कहा है कि शो के प्रसारण में आपत्तिजनक हिस्से को प्रसारित नहीं किया जाएगा.
कलर्स टीवी पर आने वाले कॉमेडी नाइट्स बचाओ को हास्य कलाकार कृष्णा और भारती सिंह प्रस्तुत करते हैं.