आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सहवाग ने क्यों कहा- मैंने नहीं, बल्ले ने मारे दो तिहरे शतक?
दिल्ली यूनिवर्सिटी में उमर ख़ालिद के कार्यक्रम को लेकर हुआ बवाल रविवार शाम नए स्तर पर पहुंच गया है.
इसकी वजह पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की ट्वीट की हुई एक तस्वीर है. इस तस्वीर में सहवाग अपने हाथ में एक कागज लिए हुए हैं. इस कागज में लिखा, ''दो तिहरे शतक मैंने नहीं बनाए. मेरे बल्ले ने बनाए.''
सहवाग ने ट्वीट में लिखा, ''बैट में है दम. #भारत_जैसी_जगह_नहीं.''
सहवाग का ये ट्वीट ऐसे वक्त में आया है, जब दिल्ली यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स का एक तबका सोशल मीडिया पर #StudentsAgainstABVP कैंपेन चला रहा है.
इस हैशटैग के साथ स्टूडेंट्स अपनी तस्वीर भी अपलोड कर रहे हैं, जिसमें लिखा हुआ है कि वो एबीवीपी से नहीं डरते हैं.
इस ट्रेंड के साथ करगिल युद्ध के दौरान मारे गए कैप्टन मनदीप सिंह की बेटी गुरमेहर कौर ने भी अपनी तस्वीर शेयर की, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
बता दें कि बीते साल मई में गुरमेहर कौर ने 'वॉइस ऑफ राम' के साथ एक वीडियो बनाया था.
इस वीडियो में कागज पर लिखकर भारत-पाकिस्तान के बीच शांति को लेकर मैसेज देने की कोशिश की गई थी. अब जबकि गुरमेहर कौर एबीवीपी के ख़िलाफ़ कैंपेन चला रही हैं तो लोग इसी पुरानी तस्वीर को शेयर कर रहे हैं.
इस तस्वीर में लिखा था, ''पाकिस्तान ने मेरे पापा को नहीं मारा. युद्ध ने उनकी जान ली.''
अब जबकि सहवाग ने भी इसी तरीके से एक अलग ट्वीट किया है तो सोशल मीडिया यूजर्स इसे जोड़कर देख रहे हैं.
जानिए सहवाग के #BharatJaisiJagahNahi ट्रेंड के साथ किसने क्या लिखा?
पंकज अग्रवाल ने लिखा, पहली तस्वीर में शोएब अख्तर की बॉल और दूसरी तस्वीर में सहवाग का छक्का.''
राघव ने ट्वीट किया, ''आप शहीद की बेटी हैं इसका ये मतलब नहीं कि आपका नज़रिया दूसरों से बेहतर है.''
प्रदीप वर्मा लिखते हैं, ''वीरू सर. गेंद टप्पा खाकर सीधे जेएनयू के ऊपर 6 रन के लिए.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)