आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दूसरी बार बेटी के पिता बने मार्क ज़करबर्ग, नाम रखा अगस्त
फ़ेसबुक के संस्थापक और सीईओ यानी मार्क ज़करबर्ग दूसरी बार पिता बन गए हैं.
ज़करबर्ग और उनकी पत्नी प्रीसिला चान ने अपनी दूसरी बेटी के जन्म की ख़बर फ़ेसबुक पर ही दी. मार्क ज़करबर्ग ने एक फ़ेसबुक पोस्ट लिखकर दुनिया को अपनी दूसरी बेटी से मिलवाया.
दंपति ने अपनी दूसरी बेटी का नाम 'अगस्त' रखा है. ज़करबर्ग ने प्रीसिला, बड़ी बेटी मैक्सिमा और नवजात अगस्त के साथ एक तस्वीर शेयर की है. साथ ही उन्होंने नन्ही अगस्त के नाम एक खुला खत भी लिखा है.
ज़करबर्ग ने फ़ेसबुक पोस्ट में कहा,''प्रीसिला और मैं अपनी बेटी अगस्त का स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं. हमने उसे एक ऐसी दुनिया के बारे में चिट्ठी लिखी है जिसमें वो बड़ी होगी. हम यह भी उम्मीद करते हैं कि वो बहुत जल्दी बड़ी नहीं होगी.''
उन्होंने बेटी के नाम चिट्ठी में लिखा है-
प्यारी अगस्त,
इस दुनिया में तुम्हारा स्वागत है. तुम्हारी मां और मैं यह जानने के लिए बहुत उत्सुक हैं कि तुम क्या बनना चाहोगी. जब तुम्हारी बड़ी बहन हुई थी तब भी हमने एक चिट्ठी लिखी थी.
हम उम्मीद करते हैं कि तुम्हारी बहन और तुम एक ऐसी दुनिया में बड़े होगे जहां बेहतर शिक्षा होगी, कम बीमारियां होंगी, एकता की डोर से बंधे समुदाय होंगे और ज्यादा बराबरी होगी.
हमने मैक्स के नाम चिट्ठी में कहा था कि तुम्हारी पीढ़ी आधुनिक विज्ञान और टेक्नॉलजी वाली ऐसी दुनिया में रहेगी जो हमारे वक़्त से कहीं ज़्यादा अच्छी होगी.
इसके लिए हमें अपनी ज़िम्मेदारी भी निभानी है. भले ही आज बुरी ख़बरें सुर्खियां बनती हैं लेकिन हमें अब भी यकीन है कि अच्छाई का चलन इन बुराइयों को पछाड़ देगा. हम तुम्हारी पीढ़ी और भविष्य को लेकर आशावादी हैं.
हालांकि हम तुम्हारे बड़े होने के बजाय तुम्हारे बचपन के बारे में बात करना चाहते हैं. यह दुनिया एक गंभीर जगह हो सकती है. इसलिए जरूरी है कि वक़्त निकालकर बाहर खेलने जाया जाए.
बड़ी होने पर तुम व्यस्त हो जाओगी, इसलिए मैं आशा करता हूं कि अभी तुम फूलों की खुशबू सूंघने और जो भी करना चाहो, उसे करने के लिए वक़्त निकालो.
मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मैक्स के साथ झूले में बैठोगी. मैं उम्मीद करता हूं कि तुम लिविंग रूम और आंगन में खूब दौड़ोगी. मैं चाहता हूं कि तुम खूब सारी नींद लो और मैं चाहता हूं कि तुम सपने में भी ये महसूस करो कि हम तुमसे कितना प्यार करते हैं.
बचपन जादुई होता है. यह एक बार ही मिलता है, इसलिए भविष्य के बारे में ज़्यादा चिंता मत करना. उसके लिए हम हैं और हम तुम्हारे जैसे बच्चों के लिए अच्छी दुनिया बनाने की हरसंभव कोशिश करेंगे.
अगस्त, हम तुमसे बहुत प्यार करते हैं और हम तुम्हारे साथ इस अडवेंचर पर जाने के लिए बहुत उत्साहित हैं. तुम्हें मम्मी और डैड की तरफ़ से प्यार.
अगस्त के जन्म से पहले ज़करबर्ग ने दो महीने की छुट्टी ली थी. उन्होंने बड़ी बेटी मैक्स के जन्म के वक़्त भी दो महीने की छुट्टी ली थी.
फ़ेसबुक में एक ओर जहां बच्चे के जन्म के समय चार महीने की मैटर्निटी लीव का प्रावधान है. वहीं चार महीने की पैटर्निटी लीव भी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)