आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: 'आज राजनीति ने रजनीकांत को ज्वाइन किया'
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत ने राजनीति में उतरने की घोषणा कर दी है. उन्होंने कहा है कि वो नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे.
'थलाइवा' का ये ऐलान करना ही था कि रजनीकांत तुरंत सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे.
रजनी के फैंस उन्हें बधाई देने के लिए उमड़ पड़े और उनके भाषण के अंश शेयर करने लगे.
लेकिन, इसके साथ ही लोग सोशल मीडिया पर चुटकियां लेने से भी नहीं चूके और रजनीकांत जोक्स की सीरिज में कई और चुटकुले जुड़ गए.
एक यूजर 'राजू श्रीवास्तव' ने ट्वीट किया, "रजनीकांत सर ने पॉलिटिक्स ज्वॉइन नहीं की बल्कि पॉलिटिक्स ने रजनीकांत को ज्वॉइन किया. और रजनीकांत सर के कैंडिडेट को कम वोट मिलने पर इलेक्शन कमीशन का सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त होगा."
एक अन्य यूजर 'रियास रेड्डी' ने एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, "इस दौरान अन्य राजनीतिक दल #Rajinikanthpoliticalentry"
'ऑनली तुषार' नाम के यूजर ने लिखा है, "राजनीति में ईवीएम हैकिंग पुराना हुआ अब नया 'रजनीकांत हैकिंग' शुरू होगा."
'सचिन दूबे' नाम के यूजर ने लिखा है, "राजनीति विज्ञान का नाम आज से संविधान में परिवर्तित होकर राजनीकांत विज्ञान हो गया है क्योंकि राजनीति ने आज रजनीकांत में आने का फैसला लिया है."
एक यूजर 'एमआर ग्रीनट' ने एक तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, "तमिल सिनेमा का ध्यान रखना, अब ये तुम्हारे हाथ में है."
हालांकि़, यूजर 'तनतनाट्वीट्स' ने रजनीकांत को एक सलाह देते हुए लिखा है, "अभिनय करते हुए आप एक राजनेता का अभिनय कर सकते हैं लेकिन राजनीति में अभिनय मंनोरंजन नहीं करेगा. बेहतर की उम्मीद."
क्या बोले बीजेपी नेता
वहीं, इस मसले पर राजनीति भी शुरू हो गई और बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी के बयान की सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी.
सुब्रमण्यम स्वामी ने रजनीकांत के राजनीति में आने की घोषणा पर कहा, "क्या एक सिनेमा स्टार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएंगे? वे एक अनपढ़ व्यक्ति हैं. क्या वे हमें सिखाएंगे?"
स्वामी के इस बयान का विरोध करते हुए आरजेडी नेता मीसा भारती ने ट्वीट किया, "जैसे ही रजनीकांत जी ने राजनीति में कदम रखने की घोषणा की, एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने उन्हें 'अनपढ़' कहा! अपमान करने का क्या तरीका है!... सफलता को पचा पाने या न पचा पाने में चरित्र मदद करता है."
बीजेपी के प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने ट्वीट किया है, "बेशक रजनीकांत तमिल सिनेमा के सुपरस्टार हैं लेकिन राष्ट्रीय राजनीति में एक ही सुपरस्टार है नरेंद्र मोदी."
बीजेपी तमिलनाडु ने भी अपने ट्विटर हैंडल से रजनीकांत को राजनीति में आने के लिए बधाई दी है.
राजनीति में आने का ऐलान करते हुए रविवार को प्रशंसकों से खचाखच भरे राघवेंद्र कल्याण मंडपम में रजनीकांत ने कहा, "इस संकट की घड़ी में मैं राजनीति में नहीं आऊंगा तो मेरे लिए शर्म की बात होगी. और यह सिनेमा नहीं सच है."
रजनीकांत ने लोगों से भी राजनीति में आने की अपील की. उन्होंने तमिलनाडु के हर गांव और गली में जाने की बात कही.
रजनीकांत ने साल 2017 के आख़िरी दिन यह घोषणा की है.
प्रदेश की लोकप्रिय मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद से ही रजनीकांत के राजनीति में आने के कयास लगाए जा रहे थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)