आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मैं अगर आज ज़िंदा हूं तो सिर्फ श्रीदेवी की वजह से: हरीश अय्यर
श्रीदेवी के निधन के बाद उनके चाहनेवाले सदमे में हैं. इस ग़मगीन माहौल में श्रीदेवी का एक ऐसा प्रशंसक भी है, जो उनकी अचानक हुई मौत से टूट सा गया है.
वो शख़्स हैं जाने-माने समलैंगिक अधिकार कार्यकर्ता हरीश अय्यर. उन्होंने एक बार कहा था कि अगर आज वो ज़िंदा हैं तो श्रीदेवी की वजह से.
हरीश ने अपने बचपन में वो त्रासदी देखी और बर्दाश्त की थी जो किसी भी बच्चे को तोड़कर रख सकती है. हरीश के एक करीबी शख़्स ने सालों तक उनका यौन शोषण किया था.
ये वो वक़्त था जब हरीश तकरीबन रोज़ गैंगरेप झेलते थे लेकिन किसी को इस बारे में कुछ बता नहीं पाते थे. ऐसे में श्रीदेवी की फ़िल्मों ने उन्हें जीने का हौसला दिया. उन्होंने अपने एक लेख में इसका विस्तार से ज़िक्र किया है.
हरीश चर्चित टीवी कार्यक्रम 'सत्यमेव जयते' में बच्चों के साथ होने वाले यौन हमलों के बारे में बात करने के लिए आए थे और वहां उनकी मुलाक़ात श्रीदेवी से हुई थी.
श्रीदेवी ने हरीश का हाथ अपने हाथ में लेते हुए कहा था कि वो उनके हीरो हैं. इसके बाद हरीश उनके और भी ज़्यादा मुरीद हो गए.
अभी हरीश के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नज़र डालें तो हर तरफ़ श्रीदेवी ही नज़र आती हैं. उनकी फ़ेसबुक और ट्विटर प्रोफ़ाइल से लेकर फ़ीड्स तक.
हरीश समलैंगिक हैं लेकिन वो कहते हैं कि उन्हें श्रीदेवी पर 'क्रश' है. एक फ़ेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि वो अपनी शादी में श्रीदेवी को बुलाना चाहते थे लेकिन इससे पहले वो हमेशा के लिए चली गईं.
बीबीसी के साथ ख़ास फ़ेसबुक लाइव में हरीश ने कहा, "जब मैं उनकी फ़िल्में देखता था एक दूसरी दुनिया में चला जाता था. श्रीदेवी जो भी फ़िल्में चुनती थीं, जो किरदार चुनती थीं और जिस तरीके से उस किरदार को निभाती थीं वो मुझे हालात से लड़ने को प्रेरित करता था."
हरीश आगे कहते हैं, "जिस तरह वो नागिन बनकर अपने दुश्मन को काटती थीं और उसका ख़ात्मा करती थीं, वो मुझे यक़ीन दिलाता था कि मैं भी अपने साथ बुरा करने वालों को हरा पाऊंगा."
हरीश अय्यर श्रीदेवी की याद में 'श्रीदेवी सिनेमा फ़ॉर सोशल ट्रांसफॉर्मेशन' नाम की एक पहल शुरू करने जा रहे हैं.