आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रणवीर सिंह ने कराया न्यूड फ़ोटोशूट, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा?
'बाजीराव मस्तानी' से लेकर 'गली बॉय' जैसी जानीमानी फ़िल्मों में अभिनय कर चुके रणवीर सिंह ने अमेरिकी मैग़जीन 'पेपर' के लिए न्यूड फ़ोटोशूट करके सोशल मीडिया की दुनिया में हलचल मचा दी है.
रणवीर सिंह बॉलीवुड की ऐसी हस्ती हैं जो अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ, ख़ास फ़ैशन स्टाइल, और हाई एनर्ज़ी के लिए जाने जाते हैं.
अलग-अलग मौक़ों पर रणवीर सिंह ने ऐसे मुद्दों पर खुलकर बात रखी है और कई बार वो लैंगिक सीमाओं को तोड़ते भी दिखे हैं.
इनमें अवॉर्ड कार्यक्रमों में स्कर्ट पहनकर जाने से लेकर खुद की पहचान दीपिका पादुकोण का पति बताना शामिल है.
लेकिन इस बार रणवीर सिंह ने जो किया है और जितने बोल्ड अंदाज़ में किया है, वो हाल के दिनों में नज़र नहीं आया है.
रणवीर सिंह ने फ़िल्म निर्देशक करन जौहर के शो 'कॉफ़ी विद् करन' शो में भी कहा है कि "लोग अक्सर कहते हैं कि 'आपको शालीन कपड़े पहनने चाहिए और आपके अपने व्यक्तित्व के गंभीर और बौद्धिक पक्ष को भी सामने लाना चाहिए', लेकिन ऐसा क्यों करना चाहिए, इसे कुछ ज़्यादा ही महत्व दिया गया है."
पेपर मैग़जीन को दिए इंटरव्यू में भी उन्होंने नग्नता पर खुलकर अपनी बात रखी है.
उन्होंने कहा है, "मेरे लिए शारीरिक रूप से नग्न होना बहुत आसान है. लेकिन अपनी कुछ फ़िल्मों में मैंने ऐसा काम किया है कि जिसमें लोग मेरी आत्मा तक देख सकते हैं...बताइए, ये कितना नग्न होना है...ये दरअसल पूरी तरह नग्न होना है. मैं हज़ारों लोगों के सामने नग्न हो सकता हूं. मुझे फ़र्क नहीं पड़ता. बस वो लोग थोड़े असहज़ हो जाएंगे."
हालांकि, जहां एक ओर रणवीर सिंह अपने न्यूड फ़ोटोशूट और फ़ैसलों पर खुलकर बोलते नज़र आ रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर उनके फैन और ट्रोल उनकी तस्वीरों को अलग-अलग अंदाज़ में पोस्ट कर रहे हैं.
'लौट आओ कपड़ों वाले रणवीर'
इंस्टाग्राम पर रणवीर सिंह के एक फैन ने उनकी दो तस्वीरों को मिलाकर एक पोस्ट किया है जिसमें एक तस्वीर में रणवीर सिंह अपने चिर-परिचित अंदाज़ में नज़र आ रहे हैं. वहीं, दूसरी तस्वीर में रणवीर सिंह न्यूड नज़र आ रहे हैं.
ऐसे में इस यूज़र ने लिखा है कि "अक्सर हमें लोगों का महत्व पता नहीं चलता, जब तक वो चले नहीं जाते."
ये वाक्य पढ़ने में काफ़ी गंभीर लग सकता है लेकिन इसे काफ़ी मजाकिया अंदाज़ में रणवीर की दो तस्वीरों के साथ लिखा गया. और टीज़र में लिखा गया है कि 'लौट आओ कपड़े पहनने वाले रणवीर.'
एक इंस्टाग्राम यूज़र ने लिखा है, "आपने रणवीर सिंह को इतना ट्रोल किया कि वह न्यूड हो गए."
इसी पोस्ट पर एक यूज़र ने लिखा है कि "शायद दीपिका पादुकोण ने उनका वॉर्डरोब लॉक कर दिया है."
ट्विटर पर भी हंगामा जारी
इंस्टाग्राम पर जहां रणवीर सिंह के न्यूड फ़ोटोशूट पर मज़ाकिया पोस्ट नज़र आ रहे हैं, वहीं ट्विटर पर इस मुद्दे पर गंभीर बातचीत भी हो रही है.
द मूड डिटेक्टर नामक एक ट्विटर यूज़र ने लिखा है कि "पश्चिमीकरण का मतलब आधुनिकीकरण नहीं है."
आकांक्षा मिश्रा ने लिखा है, "बॉलीवुड को बॉयकॉट करके हमें अपनी पीढ़ी को इन खुद को जागरुक बताने वालों से बचना चाहिए."
वहीं, एक ट्विटर यूज़र ने दीपिका पादुकोण की प्रतिक्रिया बताते हुए लिखा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)