आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
शतरंज खेलते समय रोबोट ने सात साल के बच्चे की उंगली तोड़ी
कम्प्यूटर से शतरंज खेलने की बात नई नहीं है लेकिन क्या होगा, अगर कम्प्यूर किसी बात का बुरा मान जाए और खेल भावना ख़तरे में पड़ जाए तो...
दरअसल, पिछले दिनों रूस की राजधानी में खेले गए 'मॉस्को चेस ओपन' प्रतिस्पर्धा के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ.
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, शतरंज की बिसात पर एक तरफ़ सात साल का एक लड़का था तो दूसरी तरफ़ एक रोबोट.
मॉस्को चेस फेडरेशन के अध्यक्ष सर्गेई लाज़ारेव ने बताया, "खेल के दौरान रोबोट ने लड़के की उंगली तोड़ दी."
उन्होंने रूसी समाचार एजेंसी तास से कहा, "बेशक, ये बुरा हुआ."
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि रोबोट अपनी चाल चलने के लिए एक मोहरा उठाता है.
इसके बाद उस लड़के ने भी अपनी चाल चलने के लिए हाठ बढ़ाया ही था कि रोबोट ने उसकी उंगली पकड़ ली.
लड़के को बचाने के लिए चार बड़े लोगों को आगे बढ़ना पड़ा और आख़िरकार उस बच्चे को तभी छुड़ाया जा सका.
'मॉस्को चेस ओपन'
सर्गेई लाज़ारेव ने बताया, "लड़के ने अपनी चाल चली लेकिन उसके बाद हमें रोबोट को अपनी चाल चलने के लिए वक़्त देना होता है लेकिन बच्चे ने यहां पर जल्दबाज़ी कर दी और रोबोट ने उसकी उंगली पकड़ ली."
ये घटना मॉस्को में 13 जुलाई से 21 जुलाई के बीच खेले गए इंटरनेशनल चैंपियनशिप 'मॉस्को चेस ओपन' के दौरान हुई.
मॉस्को चेस फेडरेशन के अध्यक्ष ने बताया कि रोबोट ने पहले भी कई बाज़ियां खेली थीं और ऐसी कोई घटना पहले कभी नहीं घटी.
उन्होंने बताया, "हमने उस रोबोट को किराये पर लिया था. ये कई मौकों पर काफी लंबे समय से अलग-अलग जगहों पर कई एक्सपर्ट के साथ खेल चुका है."
सर्गेई लाज़ारेव ने ये भी साफ़ किया रोबोट के लिए वे लोग ज़िम्मेदार नहीं हैं.
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि रोबोट ऑपरेटर्स को सुरक्षा बढ़ाने के लिए सोचना होगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों."
समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, घायल होने के बावजूद उस लड़के ने आख़िरकार इस टूर्नामेंट में अगले दिन हिस्सा लिया.
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.
रॉन फिलिप्कोवस्की ने लिखा है, "इस रोबोट को पुतिन की तरह प्रोग्राम किया गया लगता है. पहले अपने विरोधी की उंगली तोड़ दो और फिर बच्चे को ही ज़िम्मेदार ठहरा दो."
मैथ्यू फिट्ज़सिम्मोंस ने लिखा है, "मशीनों के सत्ता लेने के बाद, सात वर्षीय बालक बड़ा होकर विद्रोही गुट का नेता बनता है."
जॉर्डन हैरीसन ने लिखा है, "चेस रोबोट ने बच्चे की उंगली नहीं तोड़ी है बल्कि जिन लोगों ने वो रोबोट बनाया था, उन्होंने बच्चे की उंगली तोड़ी है."
डैनियल प्रॉब्स्ट ने लिखा है, "विद्रोह की शुरुआत हो चुकी है. चेस रोबोट ने बच्चे की उंगली तोड़ दी."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)