आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
विराट कोहली कमरे का वीडियो लीक होने पर आग बबूला, अनुष्का ने कहा- घटिया हरकत
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और इस समय बेहतरीन फ़ॉर्म में चल रहे विराट कोहली लगातार सुर्ख़ियों में हैं.
पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ उनकी पारी हो या फिर दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ उनका न चल पाना, विराट लगातार ख़बरों में बने हुए हैं.
लेकिन अब कोहली ख़ुद नाराज़ हैं और उनकी नाराज़गी की वजह है उनकी निजता का हनन.
विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है और अपने होटल के कमरे का वीडियो लीक होने पर नाराज़गी जताई है.
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कोहली ने कहा खिलाड़ियों और सेलेब्रेटीज़ को सिर्फ़ मनोरंजन का ज़रिया नहीं समझा जाना चाहिए.
कोहली ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दिख रहा है कि कोई शख़्स कोहली के होटल रूम में प्रवेश करता है और वो भी तब जबकि कोहली कमरे में नहीं थे.
कोहली ने लिखा, " मैं समझता हूँ कि फ़ैन अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर बेहद उत्साहित हो जाते हैं और उनसे मिलना चाहते हैं. मैंने हमेशा इसकी सराहना की है. लेकिन यह वीडियो आहत करने वाला है और मैं अपनी प्राइवेसी को लेकर चिंतित हूँ."
कोहली ने कहा- अगर मेरे होटल रूम तक में मुझे प्राइवेसी नहीं मिल पाएगी तो मैं कहीं और अपने पर्सनल स्पेस की कैसे उम्मीद कर सकता हूँ? मैं इस तरह के जुनून और प्राइवेसी में ऐसे दखल देने के तरीक़े को पसंद नहीं करता हूँ. कृपया लोगों की निजता का सम्मान करें और उन्हें सिर्फ़ अपने मनोरंजन का सामान नहीं समझें.
प्रतिक्रिया
कोहली के इंस्टाग्राम पोस्ट पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी डेविड वॉर्नर ने भी प्रतिक्रिया दी है. वार्नर ने लिखा, "यह हास्यास्पद है, इसे किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता."
विराट कोहली के होटल रूम का वीडियो लीक होने पर उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने जमकर ग़ुस्सा निकाला है.
ये भी पढ़ें:-
अनुष्का ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए एक नोट भी लिखा है.
अनुष्का ने लिखा, "पहले भी कई ऐसी घटनाएँ हुई हैं, जब फ़ैन्स ने हम पर ज़रा भी रहम नहीं किया, लेकिन यह तो सबसे ख़राब चीज़ थी. बहुत ही घटिया और मानवता का उल्लंघन है.
जो भी इसे देखकर यह सोचता है कि सेलिब्रिटी हो तो डील करना पड़ेगा, उसे पता होना चाहिए कि आप भी समस्या का हिस्सा हैं. थोड़ा आत्म संयम रखने से सबको मदद मिलती है. साथ ही जब आपके बेडरूम में ऐसा हो सकता है तो सीमा कहाँ बची?
इस साल जनवरी में भी विराट कोहली ने उस समय प्राइवेसी का सवाल उठाया था, जब केपटाउन के स्टेडियम में मौजूद उनकी बेटी की तस्वीर क्लिक की गई थी.
उस समय भी विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने इस पर आपत्ति जताई थी.
उस दौरान भी उन्होंने अपील की थी कि उनकी बेटी की तस्वीर शेयर न की जाए.
विरोध
अनुष्का शर्मा ने भी उस दौरान इसका विरोध किया था और कहा था कि वे नहीं चाहते कि उनकी बेटी की तस्वीर खींची जाए और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया जाए.
इसी अगस्त में एक बार फिर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को फिर से ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था.
लंदन और पेरिस से छुट्टियाँ मनाकर मुंबई वापस लौटने पर विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और उनकी बेटी वामिका की तस्वीर एयरपोर्ट पर खींचने की कोशिश हुई थी.
उस समय विराट ने फ़ोटो खींचने की कोशिश कर रहे लोगों से कहा था- वामिका को जाने दो. कैमरा नीचे कर दो. बहुत नींद में है. गाड़ी में जाने दो. फिर आएँगे.
ये भी पढ़ें:-मोरबी हादसाः समय से पहले ही क्यों खोल दिया गया पुल?
बाद में अपनी बेटी को गाड़ी में छोड़कर विराट और अनुष्का वापस आए और अपनी फ़ोटो खिंचवाई.
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ख़ुद सोशल मीडिया साइट्स पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हैं. लेकिन उन्होंने अपनी बेटी को लेकर प्राइवेसी की लगातार मांग की है.
उनकी अपील का सम्मान करने को लेकर एक बार अनुष्का शर्मा ने फ़ोटोग्राफ़र्स के लिए आभार भी व्यक्त किया था.
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी 11 दिसंबर 2017 में हुई थी और जनवरी 2021 में वामिका का जन्म हुआ था.
ये भी पढ़ें:-मोरबी हादसाः समय से पहले ही क्यों खोल दिया गया पुल?
होटल ने मांगी माफ़ी
जिस होटल से विराट का वीडियो लीक हुआ, उसके प्रबंधन ने इस पर माफ़ी मांगी है. होटल ने एक बयान जारी कर कहा है, '' हम खुले दिल से इस घटना से संबंधित मेहमान से माफ़ी मांगते हैं. हम ये सुनिश्चित करेंगे कि आगे से ऐसी कोई घटना न हो.''
होटल प्रबंधन ने आगे कहा है, ''क्राउन (होटल) ने इस मामले को सुलझाने के लिए तुरंत क़दम उठाए हैं. इस घटना के लिए जो ज़िम्मेदार थे उन्हें हटा दिया गया है. साथ ही ओरिजिनल वीडियो भी सोशल मीडिया से हटा दिया गया है. क्राउन इस मामले में थर्ड पार्टी कांट्रैक्टर के साथ मिलकर जांच कर रहा है. जांच के बाद ऐसे उपाय किए जाएंगे जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो. ''
आईसीसी ने क्या कहा?
वहीं आईसीसी ने इसे बेहद निराशाजनक घटना क़रार दिया है. आईसीसीसी ने कहा है, '' प्राइवेसी का इस तरह खुल्लमखुल्ला उल्लंघन बेहद ही निराशाजनक है. कोहली को इस मामले में नुक़सान हुआ है. ''
आईसीसी ने आगे कहा, ''हम ऐसे होटलों और वहां सिक्योरिटी मुहैया कराने वालों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो और खिलाड़ियों की प्राइवेसी हर वक्त बरक़रार रहे.''
ये भी पढ़ें:-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)