आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान मुक़ाबला रद्द, बारिश बनी विलेन
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा मुक़ाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है.
भारत ने पहले बल्लेबाज़ी की लेकिन बारिश ने दो बार मैच में खलल डाली. हालांकि भारतीय टीम अपने 50 ओवर खेलने में कामयाब रही. पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों शाहीन शाह अफ़रीदी, हारिस रऊफ़ और नसीम शाह ने पूरी भारतीय टीम को 48.5 ओवरों में 266 रन पर ऑल आउट किया.
लेकिन ब्रेक के दौरान एक बार फिर बारिश आई और पाकिस्तान की पारी शुरू नहीं हो सकी है. लगातार हो रही बारिश की वजह से इस मैच को रात 9.55 बजे रद्द करने की घोषणा की गई.
इसके साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों को एक एक अंक मिले.
अब भारत का अगला मुक़ाबला 4 सितंबर को नेपाल के साथ होना है.
भारतीय पारी
इससे पहले ईशान किशन और हार्दिक पंड्या के बीच हुई पांचवे विकेट की शतकीय साझेदारी की बदौलत एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 267 रनों का लक्ष्य रखा था.
श्रीलंका के कैंडी में बीते दो दिनों से बारिश हो रही थी और अनुमान लगाया जा रहा था कि मैच बारिश से बाधित हो सकता है.
हालांकि टॉस समय से हुआ और इसे जीत कर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. लेकिन 4.2 ओवर का अभी खेल हुआ ही था कि बारिश आ गई और मैच को रोकना पड़ा. तब भारत का स्कोर बिना कोई नुकसान 15 रन था.
जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों ने भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ों को एक एक कर पवेलियन लौटाना शुरू कर दिया.
बारिश के बाद अभी तीन गेंदें ही डाली गई थीं कि शाहीन शाह अफ़रीदी ने कप्तान रोहित शर्मा को बोल्ड कर दिया.
शीर्ष क्रम चरमराया
अपने अगले ओवर में शाहीन अफ़रीदी ने विराट कोहली को भी पवेलियन लौटा दिया. अफ़रीदी की गेंद कोहली के बैट का अंदरुणी किनारा लेकर स्टंप्स से जा टकराई. कोहली मैच का सातवें ओवर में आउट हुए तब भारत का स्कोर 27 रन था.
लंबे अरसे के बाद टीम में वापस लौटे श्रेयस अय्यर पिच पर आए और अच्छे लय में दिख रहे थे. वे आठ गेंदों पर 14 रन बना चुके थे लेकिन मैच के 10वें ओवर में हारिस रऊफ़ की शॉर्ट गेंद मिडविकेट के ऊपर से मारने की कोशिश में फ़ख़र जमान को कैच थमा बैठे.
इसके बाद बारिश ने एक बार फ़िर मैच में खलल पैदा की. 12वें ओवर के दरम्यान आई बारिश की वजह से खेल क़रीब 20 मिनट तक रुका रहा और जब ये शुरू हुआ तो एक छोर से जमे लेकिन बेहद धीमी गति से बल्लेबाज़ी कर रहे शुभमन गिल को भी रऊफ़ ने पवेलियन लौटा दिया.
रोहित शर्मा 11 रन, शुभमन गिल 10 रन, विराट कोहली चार रन और श्रेयस अय्यर 14 रन बना कर पवेलियन लौट चुके थे.
ईशान, पंड्या की शतकीय साझेदारी
श्रेयर अय्यर के आउट होने के बाद ईशान किशन पिच पर आए थे और उन्होंने पहले धीमे खेलना शुरू किया. पिच और गेंदों को समझे और फिर धीरे धीरे अपने हाथ खोलने शुरू किए. रऊफ़ को छक्का और नसीम को चौका लगा कर अपने इरादे जता दिए.
वहीं गिल के आउट होने के बाद पिच पर हार्दिक पंड्या आए और चौका लगाकर अपनी पारी की शुरुआत की.
इसके बाद दोनों ने पहले अर्धशतकीय साझेदारी निभाई और फिर शतकीय. इस दौरान दोनों ने अपने अपने अर्धशतक भी पूरे किए.
हार्दिक पंड्या ने अपना अर्धशतक 62 गेंदों पर पूरा किया. इस दौरान हार्दिक ने तीन चौके जमाए. उधर ईशान किशन ने अपने अर्धशतक के लिए 54 गेंदें खेलीं और इस दौरान उन्होंने 10 चौके लगाए. 204 के स्कोर पर ईशान जब 82 रन बना कर आउट हुए तब इन दोनों बल्लेबाज़ों ने पांचवे विकेट के लिए 138 रन जोड़ दिए थे.
अफ़रीदी, रऊफ़, शाह ने पूरी टीम को आउट किया
38वें ओवर में ईशान किशन के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा पिच पर आए.
चालीसवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने अपने बल्ले का मुंह खोला. इस ओवर से पहले तक पंड्या ने 68 रन बनाए थे और इस दौरान केवल तीन चौके लगाए थे. चालीसवां ओवर हारिस रऊफ़ डाल रहे थे. अकेले इस ओवर में ही पंड्या ने तीन चौके लगाए और उनका व्यक्तिगत स्कोर 83 गेंदों पर 80 रन हो गया.
हालांकि इसके बाद पंड्या केवल सात रन ही और जोड़ सके और 44वें ओवर में शाहीन शाह अफ़रीदी की गेंद पर आउट हो गए.
रवींद्र जडेजा ने 14 रनों का योगदान दिया तो जसप्रीत बुमराह ने 16 रन बनाए.
पाकिस्तान की ओर से शाहीद शाह अफ़रीदी ने अपने 10 ओवरों में 35 रन देकर चार विकेट लिए. हारिस रऊफ़ और नसीम शाह ने तीन-तीन विकेट लिए.
भारत की पूरी टीम 48.5 ओवरों में 266 रन बना कर ऑल आउट हो गई.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)