आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पाकिस्तान में टीवी एंकर की मौत: पति पर क़त्ल का आरोप, लेकिन महिला के परिवार का केस वापस लेने का फ़ैसला
- Author, शहज़ाद मलिक
- पदनाम, बीबीसी उर्दू
- ........से, इस्लामाबाद
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रावलपिंडी में एंकर राबिया अहसान की मौत के बाद उनके पति को दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है. हालांकि, राबिया के परिवार ने उनके ख़िलाफ़ दर्ज हत्या का मामला वापस लेने का फ़ैसला किया है. जबकि पहले राबिया के ही भाई की शिकायत पर इसे हत्या के केस के तौर पर दर्ज किया गया था.
पुलिस के मुताबिक़, 8 नवंबर को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाक़े में राबिया अहसान का शव उनके घर से मिला था. उनकी गर्दन के निचले हिस्से में गोली लगी थी.
राबिया अहसान के भाई की शिकायत पर उनके पति के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक़, उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया था. पुलिस ने घर के एक कमरे से पिस्तौल भी बरामद की थी.
पंजाब की सूचना मंत्री अज़मा बुखारी ने एक बयान में कहा कि जांच के दौरान राबिया अहसान के पति ने पुलिस को बताया था कि पिस्तौल से गोली ग़लती से चल गई थी.
वहीं, पुलिस ने इस मामले में हुए गिरफ़्तार राबिया अहसान के पति को सोमवार को संबंधित अदालत में पेश किया. पुलिस ने अदालत से उन्हें हिरासत में रखने की मांग की थी. अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत मंज़ूर कर दी है.
इस बीच, राबिया अहसान की नमाज़-ए-जनाज़ा जामिया मस्जिद गुलशनाबाद में अदा की गई.
राबिया अहसान के भाई ने बीबीसी को क्या बताया?
राबिया अहसान के भाई ख़ुर्रम अहमद शिकायतकर्ता हैं, हालांकि अब उन्होंने बीबीसी को बताया कि उनके परिवार ने मामला वापस लेने का फ़ैसला किया है.
उन्होंने कहा कि वह, उनकी मां और बहन इस बात से सहमत हैं कि राबिया की मौत एक हादसा थी.
ख़ुर्रम ने बताया कि घटना के समय वह ख़ुद वहां मौजूद नहीं थे. हालांकि, उनकी मां और बहन उसी घर में मौजूद थीं.
उन्होंने कहा कि घर में काम करने वाला व्यक्ति भी उस कमरे में मौजूद था.
ख़ुर्रम अहमद ने बताया, "अभियुक्त ने मुझे बताया कि वह अलमारी से कपड़े निकाल रहा था. वहां एक पिस्तौल रखी हुई थी और उसे अपने हाथ में पकड़े हुए था. तभी अचानक गोली चल गई, जो राबिया की गर्दन के पास लगी और उनकी मौक़े पर ही मौत हो गई."
उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वह वहां पहुंचे, तो उनकी मां और बहन ने उन्हें बताया, "घटना से पहले पति-पत्नी दोनों कमरे में गए थे. इससे पहले वह उनके साथ आंगन में थे और दोनों के बीच कोई झगड़ा होता हुआ दिखाई नहीं दिया था."
ख़ुर्रम अहमद ने कहा कि वह अभियुक्त को "बहुत अच्छी तरह" जानते हैं और वह एक "इज़्ज़तदार इंसान" हैं. उन्होंने बताया कि अभियुक्त ओवरसीज़ पाकिस्तानीज फ़ाउंडेशन में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर काम करते थे.
ख़ुर्रम अहमद का कहना है कि रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उनसे कहा था कि वे जब चाहें, मामला वापस ले सकते हैं.
'गोली चलने के समय पति के हाथ में थी पिस्तौल'
8 नवंबर को राबिया अहसान के भाई ख़ुर्रम की शिकायत पर सदर बेरूनी पुलिस स्टेशन में उनके घर पर हुई इस घटना को लेकर धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था.
एफ़आईआर के मुताबिक़, शिकायतकर्ता को फ़ोन पर बताया गया था कि राबिया अहसान को उनके पति ने गोली मार दी है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक़, "जब वे मौक़े पर पहुंचे, तो उनकी बहन ख़ून से लथपथ पड़ी थीं और उनकी मौत हो चुकी थी."
दूसरी ओर, पुलिस की शुरुआती जांच में घटना से जुड़ी कुछ अलग बातें सामने आई हैं. स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, राबिया अहसान की शादी को 14 साल हो चुके थे और उनकी दो बेटियां हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, परिवार के लोगों, बेटियों, बहन और मां ने पति-पत्नी के बीच किसी तरह के मतभेद या घरेलू झगड़े की बात नहीं बताई है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मौसम बदलने के कारण अलमारी में गर्मियों के कपड़ों की जगह सर्दियों के कपड़े रखते समय कपड़ों के बीच से 30 बोर की एक पिस्तौल मिली थी.
घर में मौजूद एक घरेलू कर्मचारी के शुरुआती बयान के मुताबिक़, गोली चलने के समय पति के हाथ में पिस्तौल थी.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब तक परिवार के किसी भी सदस्य ने पति-पत्नी के बीच झगड़े या मतभेद को लेकर कोई बयान नहीं दिया है. इसके बावजूद, इस घटना की हत्या के मामले के तौर पर जांच की जाएगी और इसके पीछे की सभी संभावित वजहों को देखा जाएगा.
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक़, राबिया अहसान के गले के सामने वाले निचले हिस्से में गोली लगी थी, जिससे उनकी मौत हुई.
शुरुआत में पुलिस ने सिर्फ़ इतना बताया था कि अडियाला रोड पर गुलशन-ए-आबाद इलाक़े में राबिया अहसान का शव उनके घर के एक कमरे से मिला था. उनकी गर्दन के निचले हिस्से में गोली लगी थी.
पुलिस के मुताबिक़, घटनास्थल से मिली 30 बोर की पिस्तौल का लाइसेंस नहीं था. घटना से जुड़े फ़ॉरेंसिक सबूत और सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं. फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की क़ानूनी कार्रवाई और जांच की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की बिना किसी पक्षपात के जांच की जा रही है. फ़ॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से मिले सबूतों के आधार पर आख़िरी नतीजा सामने रखा जाएगा.
रावलपिंडी के सीपीओ ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद मीडिया को बताया, "महिला को गर्दन के नीचे गोली लगी थी. उनकी पहचान राबिया अहसान के रूप में हुई है. वह एक निजी टीवी चैनल की प्रोग्राम होस्ट थीं."
'इंसाफ़ ज़रूर मिलना चाहिए'
41 साल की राबिया अहसान चैनल 92 से जुड़ी हुई थीं. वहां वह पत्रकार आमिर मतीन के साथ 'मुक़ाबिल' प्रोग्राम होस्ट करती थीं. चैनल 92 के संवाददाता साजिद शेख़ के मुताबिक़, राबिया अहसान पहले भी अपना कार्यक्रम होस्ट कर चुकी थीं. वह दो बेटियों की मां थीं.
पत्रकार फ़रीहा इदरीस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि राबिया अहसान की मौत की ख़बर सुनकर वह "बहुत हैरान और दुखी" हैं.
उन्होंने लिखा कि राबिया "एक काबिल एंकर, साथी और दो बच्चों की मां थीं. वह हमें बहुत जल्दी छोड़कर चली गईं."
उन्होंने लिखा, "मेरी पूरी संवेदनाएं उनके बच्चों, परिवार और सभी क़रीबियों के साथ हैं. अल्लाह उनके परिवार को यह दुख सहने की ताक़त दे. इंसाफ़ ज़रूर मिलना चाहिए."
पत्रकार ज़ेब अल-निसा बुर्की ने एक्स पर लिखा, "एक और दिन, एक और महिला की उसके अपने ही घर में हत्या."
शाकिर अब्बासी ने एक्स पर लिखा, "यह जानकर मुझे बहुत दुख हुआ कि हमारी पूर्व साथी और एंकर राबिया अहसान अब हमारे बीच नहीं रहीं."
उन्होंने कहा, "यह घटना अभी जांच के दायरे में है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.