आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बाबर आज़म के प्राइवेट मैसेज लीक करने के मामले ने पकड़ा तूल
भारत में चल रहे आईसीसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के प्रदर्शन पर काफ़ी सवाल उठ रहे हैं. टीम को चौतरफ़ा आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम ने छह में से सिर्फ़ दो मैच जीते हैं और लगातार चार मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है.
पाकिस्तान का अगला मुक़ाबला 31 अक्तूबर को बांग्लादेश से है.
पाकिस्तान की टीम क्या अब भी सेमी फ़ाइनल में पहुँच सकती है? ये सवाल कठिन है और समीकरण उससे भी जटिल.
इन सबके बीच सबसे ज़्यादा आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म.
पाकिस्तानी मीडिया में बाबर को कप्तानी से हटाए जाने की मांग की जा रही है, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से उनके रिश्ते पर भी सवाल उठ रहे हैं.
इन सबके बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख ज़का अशरफ़ ने लाइव टीवी पर बाबर का व्हाट्सऐप मैसेज लीक कर विवाद को और बढ़ा दिया है.
दरअसल कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा था कि ज़का अशरफ़ बाबर आज़म से बात नहीं कर रहे हैं और उनके कॉल्स रिसीव नहीं कर रहे हैं.
पीटीवी स्पोर्ट्स पर पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ़ ने दावा किया कि बाबर आज़म ने पीसीबी प्रबंधन समिति के चेयरमैन ज़का अशरफ़, चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर सलमान नासिर और डॉयरेक्टर ऑफ़ इंटरनेशनल क्रिकेट उस्मान वाहला को मैसेज भेजा, लेकिन ये लोग इसका जवाब नहीं दे रहे हैं.
मैसेज लीक
इसी क्रम में ज़का अशरफ़ ने एक टीवी चैनल पर बाबर आज़म का व्हाट्सऐप मैसेज लीक कर दिया.
बाबर आज़म की ये कथित चैट पीसीबी के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर सलमान नासिर के साथ है.
इस चैट के मुताबिक़ बाबर आज़म ने कभी भी ज़का अशरफ़ को कॉल करने की कोशिश ही नहीं की.
ज़का अशरफ़ ने ये चैट दिखाते हुए उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया कि बाबर ने उनसे बात करने की कोशिश की थी.
ज़का अशरफ़ ने क्या कहा?
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपना पक्ष रखते हुए लिखा, "जब हम लाइव शो करते हैं, तो कई लोग इसमें शामिल होते हैं और कई तरह की चर्चाएँ होती हैं. कुछ अच्छी होती हैं. कई बार हम जो फ़ैसला लेते हैं, वो ग़लत हो जाते हैं."
सख़्त एतराज़
बाबर आज़म के मैसेज लीक करने को लेकर पाकिस्तान में काफ़ी कड़ी प्रतिक्रिया हुई है.
कई पूर्व क्रिकेटर्स ने भी इस पर आपत्ति जताई है.
पूर्व कप्तान वकार यूनुस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "ये क्या करने की कोशिश कर रहे हैं आप लोग. ये काफ़ी निराशाजनक है. ख़ुश हो गए आप लोग. कृपया बाबर आज़म को अकेला छोड़ दीजिए. वो पाकिस्तान क्रिकेट की संपत्ति हैं."
फ़रीद ख़ान ने लिखा है, "जिसने भी बाबर आज़म का प्राइवेट चैट लीक किया है, उन्होंने अभी तक माफ़ी नहीं मांगी है. कोई भी खिलाड़ी पीसीबी, किसी पत्रकार या किसी चैनल पर भरोसा नहीं करेगा."
पत्रकार असद अली ने लिखा है कि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि क्या अपने निजी मैसेज शेयर करने की अनुमति बाबर आज़म ने दी थी या नहीं. क्योंकि बिना सहमति के मैसेज लीक करना निजता का उल्लंघन है.
खेल पत्रकार अब्दुल गफ़्फ़ार ने दावा किया है कि व्हाट्सऐप मैसेज लीक मामले में ज़का अशरफ़ पर जल्द ही फ़ैसला हो सकता है.
पाकिस्तान का प्रदर्शन
भारत में चल रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अपने शुरुआती दो मैच जीते थे.
अपने पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 81 रनों से मात दी थी.
जबकि दूसरे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को छह विकेट से हराया था.
लेकिन उसके बुरे दौर की शुरुआत भारत के ख़िलाफ़ मैच से हुई.
एक समय अच्छे स्थिति में दिख रही पाकिस्तान की टीम बुरी तरह लड़खड़ाई.
भारत ने इस मौक़े का फ़ायदा उठाते हुए पाकिस्तान को सात विकेट के बड़े अंतर से हराया.
भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान की कड़ी आलोचना हुई.
ख़ासकर कप्तान बाबर आज़म सबके निशाने पर आ गए.
भारत से हारने के बाद पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया, फिर अफ़ग़ानिस्तान और दक्षिण अफ़्रीका से मैच हार गई.
अब उसका मैच मंगलवार को कोलकाता में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ है.
पाकिस्तान के सामने करो या मरो की स्थिति है.
अगर पाकिस्तान को सेमी फ़ाइनल की रेस में बने रहना है, तो उसका ये मैच जीतना बहुत ज़रूरी है.
हालाँकि अपने बाक़ी के तीनों मैच जीतकर भी पाकिस्तान की टीम सेमी फ़ाइनल में पहुँच जाएगी, ये ज़रूरी नहीं.
क्योंकि पाकिस्तान के सेमी फ़ाइनल में पहुँचने की राह में कई जटिल समीकरण भी है.
पाकिस्तान को न सिर्फ़ अपने सभी मैच जीतने होंगे, बल्कि दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर करना पड़ेगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)