आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
'मंकी मैन' देव पटेल: 'मैं जेम्स बॉन्ड नहीं बनना चाहता हूं...'
- Author, रिया कॉलिन्स
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़बीट
- प्रकाशित
देव पटेल अब कॉमेडी और हल्के-फुल्के किरदारों से ऊब चुके हैं.
अपनी नई फिल्म 'मंकी मैन' में वे एक साथ कई भूमिकाएं निभा रहे हैं- प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और यहां तक कि लीड रोल में भी वही नज़र आएंगे.
देव पटेल ने 'मंकी मैन' में एक ब्रितानी एशियन एक्शन हीरो का कैरेक्टर क्रिएट किया है.
लेकिन वो इसकी तुलना जेम्स बॉन्ड से नहीं करना चाहते हैं.
बीबीसी एशियन नेटवर्क की निकिता कांडा से बातचीत में देव पटेल कहते हैं, "जेम्स बॉन्ड की फ़िल्मों का बड़ा फ़ैन होने के बावजूद मुझे इस बात का दुख था कि वो हमारे जैसे दिखने वालों का प्रतिनिधित्व नहीं करते.
घिसे-पिटे किरदारों से थे निराश
देव पटेल को 'स्लमडॉग मिलियनेयर' और 'लायन' में उनके किरदार के लिए काफी लोकप्रियता मिली थी.
उनका कहना है कि हांग कांग से होते हुए, हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक, अब एक्शन सिनेमा में उन किरदारों को बिल्कुल ही पीछे छोड़ दिया गया है जिनसे वह खुद को जोड़ सकते थे.
भारत के गुजरात राज्य से आने वाले और लंदन में पले-बढ़े देव कहते हैं, "ऐसा कुछ भी नहीं था जो मेरे अस्तित्व, मेरी पहचान, मेरी दोनों संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता हो."
"मैं उन सभी चीज़ों को जीना चाहता था, जिनसे बचपन में मैं दूर हो गया था."
अब मंकी मैन पर लौटते हैं. ये एक एक्शन थ्रिलर है जिसमें 'किड' नाम के एक गुमनाम नायक की कहानी है, जो अपनी मां की मौत के ज़िम्मेदार लोगों से बदला लेता है.
देव इस स्क्रिप्ट पर 12 सालों से काम कर रहे थे.
वह कहते हैं, "ऐसा नहीं है कि मैं गिनती कर रहा हूं लेकिन वो किसी वशीभूत शख्स जैसे बन गए थे क्योंकि ये कहानी उनकी ज़िंदगी पर पूरी तरह छा गई थी."
देव पटेल की राय में फिल्म प्रोडक्शन एक 'ट्रोज़न हॉर्स' की तरह है जो जैसा दिखता है, दरअसल वैसा होता नहीं है. उनके शब्दों में, सतह पर ये एक एक्शन फ़िल्म है लेकिन इसमें कहने को काफ़ी कुछ है.
"इसमें असल राजनीतिक और सामाजिक प्रतिध्वनि है. ये एक रिवेंज फ़िल्म है जो दिखाती है कि कैसे आस्था सबसे अच्छा हथियार हो सकती है."
एक चीज़ जो वह बनने की कोशिश नहीं कर रही है, वह है जेम्स बॉन्ड.
देव कहते हैं, "मैं जेम्स बॉन्ड नहीं बनना चाहता, मैं मंकी मैन बनना चाहता हूं."
अभिनेता डेनियल क्रेग ने 2021 में ये कहा था कि वह अब जेम्स बॉन्ड सिरीज़ की फ़िल्मों का हिस्सा नहीं होंगे.
तब से इस बात पर अटकलें जारी हैं कि उनकी जगह अब कौन ये रोल निभाएगा.
कुछ लोगों का कहना है कि अब समय आ गया है जब ब्रिटिश जासूस के किरदार को कोई ब्लैक एक्टर निभाए.
लेकिन देव कहते हैं कि मंकी मैन के साथ, वह "अपनी कहानियां और अपनी नई दुनिया बनाना चाहते हैं."
वह कहते हैं, "मैं अपने क्षितिज का विस्तार करना चाहता था ताकि एक जैसी भूमिका के लिए मारामारी न हो."
उन्हें ये भी उम्मीद है कि एक एक्शन फिल्म में ब्रितानी एशियाई मूल के एक्टर को देखने से इस तरह के किरदारों में विविधता का रास्ता खुलेगा.
देव कहते हैं, "जब मैंने ये कहानी लिखनी शुरू की थी, तब मुझे केवल कॉमेडी, साइड रोल या फिर ऐसे किरदार मिल रहे थे जिसमें किसी बड़े आदमी के लिए कंप्यूटर हैक करना हो."
देव ने अपने करियर की शुरुआत चैनल फ़ोर पर आने वाले टीन ड्रामा 'स्किन्स' में असहाय युवक अनवर की भूमिका निभाकर की.
फिर 2008 में उन्होंने फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में अभिनय किया.
साल 2016 में लायन फ़िल्म में सारू का किरदार निभाने के बाद उन्हें लगा कि अब इस तरह के स्टीरियोटाइप रोल से दूर जाने की ज़रूरत है.
इस फ़िल्म के लिए उन्हें ऑस्कर नॉमिनेशन मिला था.
वह कहते हैं, "उस फ़िल्म में पहली बार था जब मुझे कैमरे पर सचमुच में "
वह कहते हैं, ''पहली बार उस फ़िल्म में मुझे अपने किरदार को कैमरे पर सचमुच जीने का मौका मिला."
"इसने वास्तव में मेरे करियर को बदल दिया और लोगों ने मुझे स्लमडॉग मिलियनेयर और स्किन्स में दिखने वाली नासमझ, अजीब आदमी वाली छवि से अलग कर के देखा."
पहली बार अभिनय और निर्देशन साथ-साथ
मंकी मैन से देव निर्देशन की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं. ये पहली बार है जब कैमरे के पीछे और साथ ही सामने भी वो दिखेंगे.
वह कहते हैं, "ये बहुत अव्यवस्थित प्रक्रिया रही."
उनका कहना है कि असल में उन्हें पहले सिर्फ़ लीड एक्टर की ही भूमिका निभानी थी.
वह कहते हैं, "लेकिन मैं एक ऐसी फ़िल्म बनाना चाहता था जिसपर एक 14 साल के देव को गर्व हो और वो उसे देखने के लिए वह उत्साहित हो."
"और हमने इसे अंजाम तक पहुँचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी."
देव कहते हैं कि वो कुछ भी बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कह रहे क्योंकि पहले कोरोना महामारी की वजह से फ़िल्म की शूटिंग बाधित हुई और फिर पहले ही एक्शन सीन में उनका हाथ टूट गया.
वह कहते हैं, "मेरे लिए जितना भी गलत हो सकता है, वो सब हुआ."
हालांकि, ऐसा नहीं लगता कि मंकी मैन को इन सबसे अधिक नुकसान हुआ है. क्योंकि मंकी मैन को शुक्रवार को ब्रिटेन में रिलीज़ होने से पहले एसएक्सएसडब्ल्यू स्क्रीनिंग में सकारात्मक समीक्षा तो मिली ही, साथ में लोगों ने खड़े होकर खूब तालियां भी बजाईं.
देव कहते हैं, "मैं एक जैसे चेहरों और एक जैसी फ़्रैंचाइज़ी को बार-बार देखकर थक गया था."
"ये (फ़िल्म मंकी मैन) ओरिजनल है, ये हमारी संस्कृति है, ये जीवंत है और मुझे उम्मीद है कि ज़्यादा से ज़्यादा लोग इसे थिएटर जाकर देखेंगे और अपना समर्थन देंगे."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)