आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ताज्जुब है कि ऐसी ख़बरें कहां से आ रही हैं: कृति सैनन
टाइगर श्रॉफ़ के साथ "हीरोपंती" से अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत करने वाली कृति सैनन का मानना है कि फ़िल्म इंडस्ट्री में भाई-भतीजावाद किसी को भी सिर्फ़ शुरुआती पांच फ़िल्मों तक ही मदद कर सकता है.
बीबीसी के साथ एक बातचीत में उन्होंने कहा, "भाई भतीजावाद हर इंडस्ट्री में है. फ़िल्म इंडस्ट्री में भी है. लेकिन आपका हुनर ही आपको आगे ले जा सकता है."
रोहित शेट्टी की "दिलवाले"
कृति आगे कहती है कि फ़िल्म इंडस्ट्री से ताल्लुक रखने वाले नए अभिनेताओं को इमेज बनानी नहीं पड़ती और दर्शकों को कुछ हद तक उनके बारे में पता होता है, जिसका फ़ायदा उन्हें दर्शको से पहला जुड़ाव करने में मदद करता है. वही आउटसाइडर के लिए दर्शकों से पहली फ़िल्म जुड़ जाना काफ़ी मुश्किल होता है.
पर कृति को ख़ुशी है कि आउटसाइडर होने के बावजूद उन्हें करियर के शुरुआती दौर में रोहित शेट्टी की "दिलवाले" जैसी बड़ी फ़िल्म में काम करने का मौका मिला, जिसमें शाहरुख़ खान, काजोल और वरुण धवन थे.
कृति मानती हैं की दिलवाले फ़िल्म की बड़ी पहुंच के कारण कई दूर दराज के दर्शकों तक उनका चेहरा और नाम पहुँचा और ये पहुँच उनके करियर के लिए बेहद ज़रूरी था.
हाल फ़िलहाल में कृति सैनन की अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ लिंक अप की ख़बरों ने तूल पकड़ रही है जिसे फ़िल्म "राब्ता" की प्रोमोशन का जरिया भी क़रार दिया जा रहा है.
अपने लिंक अप को खारिज करते हुए कृति कहती हैं, "मैं इस तरह के प्रोमोशन के ख़िलाफ़ हूँ. मुझे ख़ुद ताज्जुब है कि ऐसी ख़बरें कहां से आ रही हैं? फ़िल्मी केमिस्ट्री के निजी केमिस्ट्री की ज़रूरत नहीं होती. अगर फ़िल्म बुरी है तो इस तरह की ख़बरें उसे बचा नहीं सकतीं."
कृति का मानना है कि भारतीय दर्शक समझदार है और सिर्फ़ फ़िल्म में दिलचस्पी रखते है.
दिनेश विजन द्वारा निर्देशित "राब्ता" पुनर्जन्म पर आधारित फ़िल्म है.
कृति सैनन, सुशांत सिंह राजपूत और जिम सरब अहम भूमिका में दिखेंगे. फ़िल्म नौ जून को रिलीज़ होगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)