आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बिहार में बीजेपी और आरजेडी के कार्यकर्ता भिड़े
- Author, नीरज सहाय
- पदनाम, पटना से, बीबीसी हिन्दी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
पटना में राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है.
बीजेपी ने आरजेडी के ख़िलाफ़ पार्टी कार्यालय पर हमला करने का आरोप लगाया तो आरजेडी ने पार्टी के शांति मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा मारपीट का इल्ज़ाम लगाया है. दोनों पार्टियों ने एक दूसरे पर थाने में मामला दर्ज कराया है.
राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार से जुड़े दिल्ली जैसे शहरों के 22 ठिकानों पर मंगलवार को आयकर विभाग के छापे पड़े थे. इसके 24 घंटे बाद ही पटना में उसकी राजनीतिक प्रतिक्रिया भाजपा कार्यालय के सामने दिखाई पड़ी.
भाजपा मीडिया सेल के प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि राजद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय पर हिंसक हमला किया. इससे पार्टी के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए.
बीजेपी के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि पार्टी की ओर से कोतवाली थाने में एफ़आईआर दर्ज करा दी गई है. दल का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिला है. वहीं जिला प्रशासन ने दावा किया की फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
दोनों ही दलों की ओर से पुलिस में एफ़आईआर दर्ज कराई गई है. उधर आरजेडी प्रवक्ता मनोज झा का आरोप था कि बीते दिनों बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के लगातार आ रहे बयान के विरोध में युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने शांति मार्च निकला था. इसी दौरान भाजपा वालों ने उन पर हमला कर दिया.
उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लालू परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के जो आरोप लगाए वह भाजपा और राजद के बीच टकराव का मुद्दा बन गया है. ग़ौरतलब है कि इस मामले में फ़िलहाल कोई गिरफ़्तारी नहीं की गई है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पूरे मामले में ख़ुद को तटस्थ दिखाने की कोशिश की है. ज़ाहिर है सुशील मोदी के आरोप, आयकर के छापे और राजद- भाजपा के बीच टकराव से राज्य का सियासी तापमान बढ़ता जा रहा है.