आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मुज़फ़्फ़रनगर रेल हादसा: चार अधिकारी सस्पेंड, कुछ को छुट्टी पर भेजा गया
मुज़फ़्फ़रनगर के पास खतौली में शनिवार को हुए रेल हादसे में रेलवे के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही कुछ आला अधिकारियों को छुट्टी पर भी भेजा गया है.
रेलवे के प्रवक्ता अनिल सक्सेना ने बताया कि रेलवे के चार अधिकारियों सीनियर डिवीजनल इंजीनियर, असिस्टेंट डिवीजनल इंजीनियर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पाथवे), जूनियर इंजीनियर (पाथवे) को निलंबित किया गया है.
इसके अलावा, उत्तर रेलवे के चीफ़ ट्रैक इंजीनियर का तबादला किया गया है. दिल्ली रेल मंडल के डीआरएम और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक छुट्टी पर भेजे गए हैं. रेलवे बोर्ड के मेंबर (इंजीनियरिंग) भी छुट्टी पर भेजे गए हैं.
उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फ़रनगर के खतौली के पास हुए कलिंग उत्कल एक्सप्रेस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी और 203 लोग घायल हुए हैं.
इस हादसे में कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए. यह ट्रेन पुरी से हरिद्वार जा रही थी.
कलिंग उत्कल एक्सप्रेस
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को सुबह पौने 11 बजे ये ट्वीट करके बताया था कि केंद्रीय रेलवे बोर्ड को आज ही शुरुआती सबूतों के आधार पर जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा था कि बोर्ड के कामकाज में किसी तरह की ढील की इजाजत नहीं दी जाएगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)