आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ओडिशाः शादी के गिफ्ट में मिला पार्सल बम, दूल्हे की मौत
- Author, सुब्रत कुमार पति
- पदनाम, भुवनेश्वर से, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
ओडिशा राज्य के बलांगीर ज़िले के पाटनगड़ शहर में शादी के बाद हुए रिसेप्शन समारोह में मिले एक पार्सल गिफ्ट से हुए धमाके की वजह से दूल्हा और उनकी दादी की मौत हो गई.
बेंगलुरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी करने वाले सौम्य शेखर की शादी 18 फरवरी को सोनपुर के नज़दीक घंटापड़ा में रीमा से हुई थी. वहीं पाटनगड़ में 20 फरवरी को रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया.
रिसेप्शन के बाद शादी में मिले गिफ्ट देखते समय एक गिफ्ट में धमाका हो गया. उसमें दरअसल बम रखा हुआ था. इस धमाके की वजह से सौम्य शेखर और उनकी दादी की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी रीमा को गंभीर हालत में संबलपुर के बुर्ला मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया है.
रायपुर से आया पार्सल
पुलिस घटना की जांच कर रही है. एसपी शिवा सुब्रमनी ने बीबीसी से कहा है कि रीजनल फ़ोरेंसिक लेबोरेट्री की टीम विस्फोटक की जांच कर रही है. वहीं दो स्पेशल टीमें छत्तीसगढ़ और बेंगलुरू भी पहुंची हैं, दरअसल पुलिस को सूचना मिली है कि यह गिफ्ट पार्सल के जरिए रायपुर से आया था.
पुलिस कुरियर कंपनी के जरिए छत्तीसगढ़ में अपराधी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, दूसरी ओर बेंगलुरू में भी एक टीम भेजी गई है जहां सौम्य शेखर नौकरी करते थे.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी आक्रोश है, गुस्साए लोग शनिवार को सौम्य शेखर के मृत शरीर को सड़क पर रख धरने पर बैठ गए थे.