आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तेलुगू देशम एनडीए गठबंधन से बाहर निकला
नरेंद्र मोदी सरकार से टीडीपी की नाराज़गी के बाद तेलुगू देशम ने एनडीए गठबंधन का साथ छोड़ दिया है.
इससे पहले पिछले सप्ताह को टीडीपी के कोटे के दो केंद्रीय मंत्रियों ने सरकार से इस्तीफ़ा दे दिया था. गजपति राजू केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और वाई.एस. चौधरी विज्ञान प्रोद्यौगिकी राज्य मंत्री थे.
टीडीपी केंद्र सरकार से आंध्र के लिए विशेष दर्जा चाह रही थी लेकिन केंद्र ने यह देने से इनक़ार कर दिया था.
हालांकि इस्तीफ़ा देने के वक्त साथ राजू ने यह साफ़ किया था टीडीपी एनडीए के साथ बनी रहेगी लेकिन एक सप्ताह के अंदर ही पार्टी ने अपने फ़ैसला बदल लिया है.
तेलुगू देशम पार्टी के नेता वाई.एस. चौधरी ने अपने इस्तीफ़े के दौरान जगनमोहन रेड्डी को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि उनसे जुड़े सवाल उनसे ही पूछे जाएं. ऐसी अटकलें हैं कि जगनमोहन की पार्टी बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है.
विशेष राज्य के दर्जे को लेकर आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख जगनमोहन रेड्डी आंदोलन करते रहे हैं और वह इसको लेकर सत्तारुढ़ टीडीपी को निशाने पर भी लेते रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर वह राज्य में यात्रा की योजना भी बना रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)