आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल में आदित्य ठाकरे सहित 35 मंत्री
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार सोमवार को हुआ.
इस गठन में 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
इसमें नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की 13, कांग्रेस और शिव सेना के 10-10 और एक निर्दलीय और एक स्ट्राइक मैनपावर पार्टी के एक-एक विधायक शामिल हैं.
इस शपथ ग्रहण की तीन बातें सबसे ख़ास रहीं.
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के लीडर अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. वे इससे पहले देवेंद्र फडणवीस की करीब 80 घंटे तक चली सरकार में भी उपमुख्यमंत्री रहे थे.
इसके अलावा उद्धव ठाकरे के बेटे और पहली बार विधानसभा के सदस्य चुने गए आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली है.
इतना ही नहीं अजित पवार के करीब समझे जाने वाले धनंजय मुंडे को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.
इस दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी शपथ ग्रहण के दौरान एक बार तब नाराज़ भी हुए उन्होंने कांग्रेस नेता के के सी पडवी को दोबारा शपथ लेने को कहा. पडवी शपथ पत्र में नहीं लिखी चीज़ों की भी शपथ ले रहे थे इसलिए राज्यपाल ने उन्हें डांटा.
वैसे इस शपथ ग्रहण समारोह में संजय राउत की अनुपस्थिति भी चर्चा में रही. संजय राउत, उद्धव ठाकरे के सबसे बड़े हिमायती रहे लेकिन उनके भाई सुनील राउत को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली. सुनील राउत इससे नाराज भी हैं लेकिन संजय राउत ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि वे नाराज़ नहीं हैं.
इसके अलावा मंत्रिमंडल में कांग्रेस के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण के शामिल होने की भी अटकलें थीं लेकिन अशोक चव्हाण ने शपथ ली. आख़िरी समय में पृथ्वीराज चव्हाण का नाम सूची से कट गया, इसको लेकर वे ख़ासे नाराज़ बताए जा रहे हैं.
मंत्रिमंडल विस्तार से नाराज होने वालों में स्वाभिमानी शेतकारी पार्टी के नेता राजू शेट्टी भी कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से नाराज़ हैं. राजू शेट्टी पहले बीजेपी के साथ थे और हाल ही में उन्होंने शिव सेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन का हाथ थामा है.
ये भी पढ़ें-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)