आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे, बांद्रा के घर में मिला शव
रविवार को मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए.
बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल के मुताबिक बांद्रा पुलिस स्टेशन में सुशांत सिंह राजपूत के नौकर ने इस बारे में जानकारी दी है.
मुंबई पुलिस के एडिशनल सीपी मनोज कुमार ने मधु पाल को जानकारी दी है कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की है. हालांकि पुलिस को उनके घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
टेलीविज़न से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने हाल के सालों में बड़े पर्दे पर अपनी उल्लेखनीय मौजूदगी दर्ज की थी.
काए पो छे से अपने फ़िल्मी करियर की शुरूआत करने वाले सुशांत आमिर ख़ान की सुपर हिट फ़िल्म पीके में भी काम किया था.
'डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी', 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'छिछोरे' जैसे कुछ फिल्मों ने सुशांत ने लीड भूमिका निभाई थी.
'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' के लिए सुशांत सिंह राजपूत को बेस्ट एक्टर के लिए फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित किया गया था.
विज्ञान गल्प पर उनकी फिल्म 'चंदा मामा दूर के' आने वाली थी जिसकी शूटिंग बजट के अभाव में फिलहाल रोक दी गई थी.
संघर्ष भरा रहा था बॉलीवुड तक का सफ़र
दस दिनों पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर मां के साथ तस्वीर डाली थी. उनकी मां का 2002 में ही निधन हो गया था. उनका जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था. वो बिहार के ही पूर्णिया ज़िले के रहने वाले थे.
सुशांत एक मध्यमवर्गीय पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते थे. उन्होंने काफ़ी संघर्ष के बाद बॉलीवुड तक का सफ़र तय किया था. उनका परिवार पूर्णिया में ही खेती-किसानी करता है. उनकी बहन मीतू सिंह एक राज्य-स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं. उनके चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू बिहार में बीजेपी के विधायक हैं.
सुशांत ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक्टिंग की तरफ रुख किया था.
शुरुआत में उन्होंने बैकअप डांसर के तौर पर काम किया. इसके बाद किस देश में है मेरा दिल नामक सीरियल में उन्हें एक्टिंग का पहला ब्रेक मिला. इसके बाद पवित्र रिश्ता ने सुशांत को घर-घर का चहेता बना दिया.
कामयाबी के कदम चढ़ते हुए सुशांत ने डांस रिएलिटी शो ज़रा नच के दिखा और झलक दिखला जा में भी हिस्सा लिया.
इसके बाद सुशांत को फिल्मी दुनिया में एंट्री मिली, जहां उन्हें काय पो चे फिल्म में एक अहम रोल मिला.
इसके बाद तो जैसे सुशांत के करियर का ग्राफ़ ऊपर ही चढ़ता गया. उन्होंने एक के बाद एक कई हिट फिल्में दी. जिसमें शुद्ध देसी रोमांस, पीके, एम एस धोनी और केदारनाथ शामिल हैं.
सुशांत सिंह राजपूत ने किस देश में है मेरा दिल टीवी सीरियल से अपने करियर की शुरुआत की थी.
निजी रिश्ते कामयाब नहीं हो पाए
करियर के लिहाज़ से बेहद सफल रहे सुशांत की लव लाइफ हालांकि ज्यादा कामयाब नहीं रही.
शुरुआत में वो पवित्र रिश्ता की अपनी को-स्टार अंकिता लोखांडे के साथ रिलेशनशिप में थे. लेकिन बाद में दोनों के बीच ब्रेकअप की खबरें आईं. ऐसा माना गया कि सुशांत के फिल्मी दुनिया में सफल होने के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं.
इस बीच आपको यह भी बता दें कि कुछ दिन पहले ही सुशांत की एक्स मैनेजर रह चुकीं दिशा सालियन की भी एक इमारत से गिरने से मौत हो गई थी. पहले बताया गया था कि उन्होंने आत्महत्या की है लेकिन बाद में खबर मिली की दिशा नशे की हालत में थीं.
उस वक्त उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "यह बहुत हताश करने वाली ख़बर है. दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी तरफ से गहरी संवेदना. मे योर सोल रेस्ट इन पीस."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)