आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कोलंबिया में गिरे विमान में ब्राज़ील के खिलाड़ी भी थे
ब्राज़ील के एक स्थानीय फ़ुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों सहित 81 लोगों को ले जा रहा एक विमान कोलंबिया के मेडलिन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.
पुलिस का कहना है कि ताज़ा रिपोर्टों के अनुसार 81 यात्रियों में से पांच लोग इस दुर्घटना में बच गए हैं. शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि विमान में इलेक्ट्रिक समस्या के कारण दुर्घटना हुई थी.
कंट्रोल टावर ने कहा है कि विमान के पायलट ने विमान के गिरने से पहले समस्या की जानकारी दी थी और हो सकता है उसने ईंधन गिरा दिया हो, क्योंकि विमान में आग नहीं लगी थी.
अधिकारियों के मुताबिक़ बोलिविया से चले चार्टर्ड विमान में फ़ुटबॉल खिलाड़ियों समेत कुल 72 यात्री और चालक दल के 9 लोग सवार थे.
इस टीम को साउथ अमरीका क्लब कप में एटलेटिको नेसियोनाल टीम का मुकाबला करना था. दुर्घटना के बाद फाइनल मैच स्थगित कर दिया गया है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़ इस विमान में चापेकोंसे रीयल फ़ुटबॉल टीम के सदस्य सवार थे. यह हादसा कोलंबिया के शहर मेडलिन के पास हुआ.
हवाई अड्डे की ओर से जारी बयान के अनुसार कंट्रोल टावर में इलेक्ट्रिक दिक्कत आने से विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
खराब मौसम के कारण दुर्घटना स्थल तक केवल सड़क से ही जाया जा सकता है. दुर्घटना पहाड़ी इलाके में हुई है.
राष्ट्रपति अलेजांद्रो दोमिंगुएज़ दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.