आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एलन मस्क को छोड़ना होगा टेस्ला का चेयरमैन पद, भरना होगा डेढ़ अरब रुपये का जुर्माना
अमरीकी कार निर्माता कंपनी टेस्ला इंक के संस्थापक और सीईओ एलन मस्क को टेस्ला के चेयरमैन का पद छोड़ना होगा और साथ ही भारी-भरकम जुर्माना भी चुकाना होगा.
कंपनी को प्राइवेट बनाने के संबंध में ट्वीट करने को लेकर अमरीका के नियामकों के साथ हुए समझौते के तहत उन्हें ऐसा करना होगा.
गुरुवार को अमरीका के सिक्यॉरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमिशन (एसईसी) ने कथित फ़्रॉड के लिए प्रभावशाली कारोबारी और निवेशक एलन मस्क पर मुक़दमा चलाने का फ़ैसला किया था.
इसके बाद हुई डील के तहत एलन मस्क टेस्ला के सीईओ तो रहेंगे मगर तीन सालों के लिए चेयरमैन नहीं बन सकते.
उन्हें और टेस्ला को 20 मिलियन डॉलर (1 अरब 45 करोड़ रुपये) का जुर्माना भी भरना होगा.
ऐसा क्या किया था मस्क ने
अगस्त में मस्क ने ट्वीट करके कहा था कि वह इलेक्ट्रॉनिक कार बनाने वाली अपनी कंपनी टेस्ला को शेयर बाज़ार से हटाकर निजी स्वामित्व वाली कंपनी बनाने पर विचार कर रहे हैं.
उन्होंने लिखा था कि इस प्रस्ताव के लिए उन्होंने 'फंडिंग का इंतज़ाम' कर लिया है जिससे टेस्ला के हर शेयर की कीमत 420 डॉलर होगी. इससे कंपनी के शेयर कुछ समय के लिए तो उठे थे मगर दोबारा उनमें गिरावट आ गई थी.
मगर सिक्यॉरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमीशन का कहना था कि ये दावे "झूठे और गुमराह करने वाले" थे.
नियामक ने कहा, "सच्चाई और तथ्य ये हैं कि मस्क ने किसी भी संभावित निवेशक से इस तरह के किसी समझौते की शर्तों या शेयरों के दाम को लेकर चर्चा ही नहीं की थी."
मस्क ने शुरू में कहा था कि यह कार्रवाई 'अन्यायपूर्ण' है. उनका कहना था कि उन्होंने निवेशकों के हितों के लिए "सच्चाई और पारदर्शिता" बरती है.
क्या समझौता हुआ
जुर्माने के अलावा मस्क को कंपनी को लेकर किसी तरह का ट्वीट करने से पहले कंपनी के संचार नियमों को ध्यान में रखना होगा.
अब उन्हें 45 दिनों के अंदर टेस्ला के चेयरमैन का पद छोड़ना होगा.
एसईसी ने शुरू में यह कोशिश की थी कि मस्क को किसी भी सार्वजनिक कंपनी के बोर्ड में रहने से प्रतिबंधित किया जाए मगर समझौते के तहत अब वह टेस्ला के सीईओ बने रह सकते हैं.
अब टेस्ला का नया "स्वतंत्र चेयरमैन" नियुक्त होगा जो कि कंपनी के बोर्ड का नेतृत्व करेगा.
टेस्ला के सीईओ और चेयरमैन की भूमिकाएं अलग कर दिए जाने कंपनी में मस्क की शक्तियां कम हो जाएंगी. मगर कुछ विश्लेषकों का मानना है कि इसके बावजूद वह सीईओ के तौर पर कंपनी के रोज़मर्रा के कामों के प्रभारी रहेंगे.
कौन हैं एल मस्क
दक्षिण अफ़्रीका में जन्मे मस्क ने ऑनलाइन पेमेंट कंपनी पेपाल के ज़रिए लाखों डॉलर कमाए और इसके बाद टेस्ला और रॉकेट कंपनी स्पेस एक्स के संस्थापक बने.
फ़ोर्ब्स के मुताब़िक मस्क दुनिया के 25वें सबसे अमीर आदमी हैं और उनकी कुल संपत्ति 19.7 बिलियन डॉलर है.
मगर हाल ही में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है.
थाईलैंड में गुफ़ा में फंसे बच्चों को बचाने के अभियान में शामिल रहे एक गोताखोर पर टिप्पणियां करने के बाद उन्हें मानहानि का मुकदमा झेलना पड़ रहा है.
इसी महीने की शुरुआत में वह एक और विवाद में फंस गए थे जब एक पॉडकास्ट में वह गांजा पीते नज़र आए थे. यह पॉडकास्ट कैलिफ़ोर्निया में शूट हुआ था, जहां पर गांजा प्रतिबंधित नहीं है. मगर इसके बाद टेस्ला के शेयर नौ प्रतिशत से ज़्यादा गिर गए थे.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)