अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को अपने ख़िलाफ़ महाभियोग चलाने की कोशिश को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
उन्होंने कहा कि एक "नाराज़ और चुनाव में हार चुका सांसद" जो कोशिश कर रहा है, वह जवाबदेही तय करने की कोशिश नहीं है.
हेगसेथ का इशारा रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी की ओर था. मैसी ने सोमवार को उनके ख़िलाफ़ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू की थी.
हेगसेथ ने कहा कि यह कोशिश अहंकार और नाराज़गी से प्रेरित है.
उन्होंने कहा, "यह एक ढकोसला और दिखावा है."
उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किसी रक्षा मंत्री पर "क़ानूनी सैन्य अभियान चलाने" के लिए महाभियोग नहीं चलाया गया है.
उनके मुताबिक़, इस प्रक्रिया से अमेरिका के विरोधियों को प्रोपेगेंडा करने का मौक़ा मिलेगा.
हेगसेथ ने कहा कि सरकार वह काम जारी रखेगी, जिसके लिए अमेरिकी लोगों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुना है. उनके मुताबिक़, इसका मक़सद देश की रक्षा करना और उसके दुश्मनों को हराना है.
हेगसेथ बोले- 'यह साज़िश है'
हेगसेथ ने कहा कि उन्होंने "यह तमाशा पहले भी देखा है."
उनका इशारा 2019 में एक फ़ोन कॉल और फिर 2021 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ चलाई गई महाभियोग की प्रक्रिया की ओर था.
हेगसेथ ने कहा कि दोनों ही बार महाभियोग की कोशिशें नाकाम रही थीं और ट्रंप "पहले से ज़्यादा मज़बूत होकर लौटे थे."
उन्होंने कहा कि इस बार भी ये कोशिशें नाकाम होंगी.
उन्होंने कहा, "यह प्रस्ताव हमारे दुश्मनों- ईरान, ड्रग कार्टेल और हर उस विरोधी को यह संदेश देता है, जो हमें देख रहा है कि अमेरिका क़ानूनी सैन्य अभियान सफलतापूर्वक चलाने के लिए अपने ही सैनिकों और नागरिक नेतृत्व को सज़ा देगा."
उन्होंने कहा, "यह देशभक्ति नहीं है, यह साज़िश है."