जंतर-मंतर प्रोटेस्ट: गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का आरोप, पवन कंथ दिगावल्ली

इमेज स्रोत, ANI
शनिवार को गुरुद्वारा बंगला साहिब से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और कई लोगों को बसों में बैठाकर हिरासत में ले लिया.
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, शुक्रवार से दिल्ली पहुंचने वाले कई लोग गुरुद्वारा बंगला साहिब में ठहरे हुए थे. वहां मौजूद लोगों का दावा है कि शनिवार सुबह तक करीब 600 प्रदर्शनकारी गुरुद्वारे में मौजूद थे, जिनमें से लगभग 300 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
हैदराबाद से आए सॉफ्टवेयर इंजीनियर अजय जिंगाडे ने आरोप लगाया कि सुबह से प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भारी पुलिस बल उन्हें आगे नहीं जाने दे रहा था.
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके साथ सख़्ती बरती गई.
वहीं, आंध्र प्रदेश के वारंगल से आए सीजेपी सदस्य चेतन प्रमोद ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी गुरुद्वारे के गेट नंबर 3 से अंदर आकर प्रदर्शनकारियों को जबरन बाहर ले जा रहे थे. उनका कहना है कि शांतिपूर्वक बैठे लोगों को भी हिरासत में लेने की कोशिश की गई.
गुरुद्वारा बंगला साहिब के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ़ और रैपिड एक्शन फ़ोर्स (आरएएफ़) के जवान तैनात रहे. आसपास की सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए थे और दंगा नियंत्रण वाहन भी मौजूद थे.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई जगह धक्का-मुक्की भी हुई. हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे जंतर-मंतर पहुंचकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
अजय जिंगाडे ने कहा, "इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर डर ज़रूर लगता है, लेकिन हम अपना विरोध जारी रखेंगे और जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश करते रहेंगे."
































