अहमदाबाद प्लेन क्रैश: दुर्घटनास्थल पर पीएम मोदी के दौरे से लेकर ब्लैक बॉक्स मिलने तक, आज क्या-क्या हुआ?

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून की दोपहर को एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. ये बोइंग 787-8 विमान था. कल हुए इस विमान हादसे के बाद आज क्या-क्या हुआ, यहां जानिए.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. इसराइली हमले में हुसैन सलामी की मौत के बाद ईरान ने आईआरजीसी का नया चीफ़ नियुक्त किया

    जनरल वाहिदी
    इमेज कैप्शन, ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के चीफ़ जनरल वाहिदी

    ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के चीफ़ हुसैन सलामी की इसराइली हमले में मौत बाद कुद्स फोर्स के पूर्व प्रमुख जनरल वाहिदी को नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया है.

    इसके साथ ही जनरल वाहिदी ने हमले के जवाब देने का आदेश जारी कर दिया है. ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है.

    ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार इसराइल के हमले में अब तक पांच लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

    इसमें ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के कमांडर-इन-चीफ हुसैन सलामी, ख़तम-अल अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर घोलमाली रशीद और चीफ ऑफ स्टाफ मोहम्मद बाघेरी शामिल हैं.

    इसके अलावा परमाणु ऊर्जा संगठन के पूर्व प्रमुख फिरेदून अब्बासी, परमाणु वैज्ञानिक और तेहरान स्थित इस्लामिक आज़ाद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मोहम्मद मेहदी तेहरानची की भी हमले में मौत हो गई है.

  2. इसराइल के ईरान पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

    पंप
    इमेज कैप्शन, इसराइल ने ईरान के कई इलाकों में हमले किए हैं

    इसराइल के ईरान पर किए गए हमले की घोषणा के बाद तेल की कीमतों में बढ़ गई हैं.

    हमले की ख़बर आने के बाद बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट्स, ब्रेंट क्रूड और निमेक्स लाइट स्वीट में 10% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.

    व्यापारियों को चिंता है कि ईरान और इसराइल के बीच संघर्ष से ईरान से तेल की आपूर्ति बाधित हो सकती है.

    कच्चे तेल कीमत में बढ़ोतरी खाद्य पदार्थों की कीमतों से लेकर कार में ईंधन भरने की लागत सहित हर चीज़ को प्रभावित करती है.

    विश्लेषकों ने बीबीसी को बताया कि व्यापारियों की इस बात पर नज़र है कि आने वाले दिनों में ईरान जवाबी कार्रवाई करता है या नहीं.

  3. अहमदाबाद विमान हादसे वाली जगह पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद शुक्रवार को अहमदाबाद में उस जगह गए, जहां गुरुवार को एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था.

    दुर्घटना स्थल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिविल अस्पताल पहुंच गए हैं. यहां वह घायलों से मुलाकात करेंगे.

    अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. लंदन जाने के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ही यह विमान एक रिहायशी इलाक़े में गिर गया था.

    एयर इंडिया ने इसमें सवार 242 लोगों में से 241 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे. इस घटना में भारतीय मूल के एक ब्रिटिश यात्री ज़िंदा बच निकलने में कामयाब रहे.

    इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई.

    घटना के बाद अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "लगभग सारे यात्रियों के शवों को निकालने का काम पूरा हो चुका है.सवा लाख लीटर ईंधन होने के कारण तापमान इतना अधिक था कि किसी को बचाए जाने की कोई संभावना नहीं थी."

  4. इसराइल में रह रहे भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइज़री

    ईरान
    इमेज कैप्शन, इसराइल ने ईरान पर हमला किया है

    इसराइल के ईरान पर हमले के बाद तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    दूतावास ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है, "इसराइल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसराइल में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है."

    दूतावास ने कहा है, "सभी नागरिक इसराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड के बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें."

    दूतावास ने सलाह दी है कि सभी भारतीय ना​गरिक सावधानी बरतें और देश के अंदर अनावश्यक यात्रा करने से बचें. इसके अलावा सुरक्षा शेल्टरों के करीब रहें.

  5. ईरान पर इसराइल के हमले के बाद भारत ने जारी की एडवाइज़री

    तेहरान
    इमेज कैप्शन, तेहरान पर हमले के बाद सक्रिय आकस्मिक सेवाएं

    इसराइल के ईरान पर हमले के बाद तेहरान में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    दूतावास ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है, "ईरान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें."

    दूतावास ने कहा है, "सभी नागरिक अनावश्यक गतिविधियों से बचें और दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट पर नज़र बनाए रखें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें."

    इसराइल के इस हमले में ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के चीफ़ हुसैन सलामी, परमाणु ऊर्जा संगठन के पूर्व प्रमुख फिरेदून अब्बासी और इस्लामिक आज़ाद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मोहम्मद मेहदी तेहरानची की मौत हो गई है.

    इसराइल ने कहा है कि उसने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं.

  6. ईरान पर इसराइल के हमले से अमेरिका ने खुद को अलग किया

    मार्को रुबियो
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इसराइल के ईरान हमले को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बयान जारी किया है.

    उन्होंने कहा, "आज रात, इसराइल ने ईरान के खिलाफ़ एकतरफ़ा कार्रवाई की. हम ईरान के ख़िलाफ़ हमलों में शामिल नहीं हैं और हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र में अमेरिकी सेना की सुरक्षा करना है."

    उन्होंने कहा, "इसराइल ने हमें बताया कि यह कार्रवाई उनकी आत्मरक्षा के लिए ज़रूरी थी."

    उन्होंने बताया, "राष्ट्रपति ट्रंप और प्रशासन ने हमारी सेनाओं की सुरक्षा के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए हैं और इस क्षेत्र में हमारे भागीदारों के साथ निकट संपर्क में बने हुए हैं."

    "मैं स्पष्ट कर दूं कि ईरान को अमेरिकी हितों या कर्मियों को निशाना नहीं बनाना चाहिए."

  7. ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा- आईआरजीसी के चीफ़ हुसैन सलामी की इसराइली हमले में मौत

    हुसैन सलामी
    इमेज कैप्शन, ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के चीफ़ हुसैन सलामी

    ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड के चीफ़ हुसैन सलामी की इसराइली हमले में मौत हो गई है.ईरान के सरकारी मीडिया ने ये ख़बर दी है.

    वह उन कुछ शीर्ष अधिकारियों में से हैं, जो इसराइल के हमले में मारे गए हैं.

    ईरानी सरकारी टीवी ने इसराइली हमलों में मारे गए दो वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिकों के नाम बताए हैं.

    इसमें परमाणु ऊर्जा संगठन के पूर्व प्रमुख फिरेदून अब्बासी और तेहरान स्थित इस्लामिक आज़ाद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मोहम्मद मेहदी तेहरानची शामिल हैं.

    2010 में तेहरान की एक सड़क पर फिरेदून अब्बासी का हत्या का प्रयास किया गया था. इसमें वह बच गए थे.

    इसराइल ने कहा है कि उसने ईरान के परमाणु कार्यक्रमों से जुड़े ठिकानों और अन्य सैन्य ठिकानों पर लक्षित हमले किए हैं.

    ईरानी सरकारी टेलीविजन ने खबर दी है कि नतांज परमाणु संयंत्र में नया विस्फोट हुआ है. यह परमाणु केंद्र तेहरान से लगभग 225 किमी दक्षिण में स्थित है.

  8. इसराइली पीएम नेतन्याहू ने ईरान पर हमले के बाद कहा- परमाणु हथियारों के सबसे बड़े केंद्र को बनाया निशाना

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू
    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कुछ समय पहले इसराइल ने ऑपरेशन राइजिंग लॉयन शुरू किया है

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अभी-अभी ईरान पर किए हमलों के बारे में वीडियो संदेश जारी किया है.

    उन्होंने कहा है कि इसराइल ने हमले में "ईरान के परमाणु संवर्धन कार्यक्रम के मुख्य केंद्र पर हमला किया है".

    उन्होंने बताया यह हमला ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 225 किलोमीटर दक्षिण में ईरानी शहर नातांज़ में स्थित ईरान के मुख्य संवर्धन केंद्र पर किया गया है.

    ईरान ने अप्रैल 2021 में इसी केंद्र पर साइबर हमले के लिए इसराइल को दोषी बताया था.

    उन्होंने कहा कि इसराइल ने "ईरानी बम पर काम कर रहे" वैज्ञानिकों को निशाना बनाया था. नेतन्याहू ने कहा, "ये हमले उतने दिनों तक जारी रहेंगे, जितने दिनों तक ज़रूरत होगी."

    उन्होंने कहा, "कुछ समय पहले इसराइल ने ऑपरेशन राइजिंग लॉयन शुरू किया है, जो इसराइल के अस्तित्व के लिए ईरानी खतरे को कम करने के लिए एक टारगेटड सैन्य अभियान है."

    उन्होंने कहा, "हाल के महीनों में ईरान ने ऐसे कदम उठाए हैं जो उसने पहले कभी नहीं उठाए थे, यानी संवर्धित यूरेनियम से हथियार बनाने के लिए कदम उठाए हैं."

    उन्होंने कहा, "अगर इसे नहीं रोका गया तो ईरान बहुत ही कम समय में परमाणु हथियार बना सकता है. इसमें कुछ महीने या एक साल से भी कम समय लग सकता है. यह इसराइल के अस्तित्व के लिए एक स्पष्ट और मौजूदा खतरा है."

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने परमाणु कार्यक्रम वार्ता पर 'नेतृत्व' के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद दिया. नेतन्याहू ने कहा, "उन्होंने बार-बार स्पष्ट किया है कि ईरान परमाणु संवर्धन कार्यक्रम नहीं चला सकता."

    डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा था कि उन्हें "संघर्ष से बचने" की उम्मीद है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि वॉशिंगटन इन हमलों में शामिल नहीं है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने किया ईरान पर हमला

    इसराइल ने किया ईरान पर हमला

    इसराइल ने ईरान पर हमला कर दिया है. इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने इसकी पुष्टि की है. जवाबी हमले की आशंका को देखते हुए इसराइल में आपातकाल भी लागू कर दिया गया है.

    आपातकाल की घोषणा करते हुए कात्ज़ ने कहा है, "ईरान पर इसराइल के हमले के बाद हमारी आबादी पर मिसाइल या फिर ड्रोन हमले की आशंका है. ऐसे में आवश्यक क्षेत्रों को छोड़कर, शैक्षणिक गति​विधियों, समारोहों और कार्यस्थलों पर रोक लगा दी है."

    एक इसराइली सैन्य अधिकारी ने बताया है कि कई हमले किए गए हैं. ये हमले "ईरान के परमाणु कार्यक्रम और अन्य सैन्य ठिकानों के ख़िलाफ़ हैं."

    अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों को ईरान पर हमले की जानकारी थी. यही वजह थी कि अमेरिका ने कुछ क्षेत्रों से अपने नागरिकों को वापस बुला लिया था. अमेरिका को इस बात की आशंका थी कि ईरान अमेरिका के इराक में स्थि​त ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है.

    ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी नूर न्यूज़ के मुताबिक तेहरान के उत्तर पूर्वी इलाके में विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई है. बीबीसी संवाददाताओं ने भी तेहरान में लोगों से विस्फोट की पुष्टि की है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.

    -अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एयर इंडिया ने 241 मौतों की पुष्टि की,अमित शाह ने कहा- किसी को बचाने का मौक़ा नहीं मिला

    -अहमदाबाद विमान हादसे से पहले पायलट ने की थी 'मेडे कॉल', ये क्या होती है?

    -अहमदाबाद प्लेन क्रैशः सीट संख्या 11ए पर बैठे ज़िंदा बचे ब्रिटिश यात्री ने क्या बताया

    -यूएस सेंट्रल कमांड प्रमुख की पाकिस्तान पर टिप्पणी क्या भारत के हक़ में नहीं है?