आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , ईरानी सरकारी मीडिया का दावा, पिछले 24 घंटे में होर्मुज़ स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को बनाया गया निशाना

डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस समय होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल की मात्रा ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले के मुक़ाबले ज़्यादा है.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. ईरानी सरकारी मीडिया का दावा, पिछले 24 घंटे में होर्मुज़ स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को बनाया गया निशाना

    ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, पिछले 24 घंटे में होर्मुज़ स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया है.

    ईरानी सरकारी मीडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने पिछले 24 घंटे में चार और बीते 10 दिनों में कुल 11 तेल टैंकरों को निशाना बनाया है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, इनमें से तीन तेल टैंकरों में अभी आग लगी हुई है.

    ईरान का कहना है कि होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से होकर गुज़रने वाला रास्ता ग़ैर-क़ानूनी है. यह रास्ता ओमान के तट के पास से गुज़रता है और अमेरिका इस मार्ग से जाने वाले जहाज़ों को सुरक्षा दे रहा है.

    वहीं, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस समय होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल की मात्रा ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले के मुक़ाबले ज़्यादा है.

    पिछले कुछ दिनों में तेल की क़ीमतों में भी गिरावट आई है, हालांकि वे अब भी युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर से काफ़ी ज़्यादा हैं.

  2. कर्नाटक सरकार का दावा, 'ई20 मिलावट मामले में केंद्र सरकार मैन्युफ़ैक्चरर्स पर बना रही दबाव', इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक सरकार अपने इस दावे पर क़ायम है कि राज्य में पेट्रोल में तय मात्रा से ज़्यादा इथेनॉल मिलाया जा रहा है. सरकार के मुताबिक़, पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फ़ीसदी के तय लक्ष्य के बजाय 31.2 फ़ीसदी तक पाई गई है.

    खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रिज़वान अरशद ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के बयानों का जवाब दिया.

    उन्होंने कहा कि कंपनियां बुनियादी सवाल का जवाब देने के बजाय तकनीकी पहलुओं में उलझ रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले पेट्रोल में आख़िर इथेनॉल की मात्रा कितनी है.

    अरशद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सोसायटी ऑफ़ ऑटोमोबाइल मैन्युफ़ैक्चरर्स (सियाम) और अन्य संगठनों पर दबाव डालकर उन पत्रों को वापस लेने के लिए कहा, जिनमें ज़्यादा इथेनॉल वाले पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियों को होने वाले नुक़सान पर चिंता जताई गई थी.

    उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपनी गाड़ियों की क्षमता के मुताबिक़ पेट्रोल चुनने का विकल्प दिया जाए.

    इसके तहत पुरानी गाड़ियों के लिए बिना इथेनॉल वाला पेट्रोल, इथेनॉल के अनुकूल गाड़ियों के लिए ई10 और ज़्यादा इथेनॉल सहने की क्षमता रखने वाली गाड़ियों के लिए ई20 उपलब्ध कराया जाए.

    उन्होंने कहा, "इससे गाड़ियों को अतिरिक्त क्लोराइड और सल्फ़र की वजह से होने वाले नुक़सान से बचाया जा सकेगा."

    तेल कंपनियों की आलोचना का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल के जिन नमूनों की जांच कराई थी, वह नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फ़ॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेटरीज़ (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में हुई थी.

    एनएबीएल एक स्वायत्त और स्वतंत्र संस्था है, जिसे भारत सरकार और भारतीय उद्योग जगत के संगठन एसोचैम, सीआईआई और फ़िक्की का समर्थन हासिल है.

    अरशद ने कहा, "एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला के नतीजों पर सवाल उठाने का मतलब है कि भारत सरकार की अपनी मान्यता प्रणाली से मंज़ूर प्रयोगशालाएं भरोसेमंद नहीं हैं."

    उन्होंने कहा, "जब तेल कंपनियां अपने ही ईंधन की जांच अपनी ही प्रयोगशालाओं में करती हैं और ख़ुद को नियमों के मुताबिक़ बताती हैं, तो वे ख़ुद ही अभियुक्त भी हैं और जज भी."

    मंत्री ने केंद्रीय इस्पात और खान मंत्री एचडी कुमारस्वामी के उस बयान का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा मौजूदा 20 फ़ीसदी से बढ़ाकर 30 फ़ीसदी करने पर विचार कर रही है.

    इस प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है.

    इसी बीच, केरल से आई ख़बरों के मुताबिक़, वहां के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि राज्य सरकार ने पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जांच शुरू कर दी है.

  3. प्रदूषण पर संजय सिंह बोले- 'हम ऐसे विश्वगुरु बने कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 99 भारत के हैं'

    आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि निजी वेबसाइटों के आंकड़ों और अलग-अलग लोगों की ओर से की गई निगरानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर ख़तरनाक सीमा से कई गुना ज़्यादा पाया गया है.

    संजय सिंह ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "यह सिर्फ़ दिल्ली के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की छवि के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है."

    संजय सिंह ने एक्यूआई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का दावा है कि वह हर 24 घंटे में 36 घंटे काम करते हैं. लेकिन 12 साल में उन्होंने भारत को इस स्थिति में पहुंचा दिया है. हम ऐसे ‘विश्वगुरु’ बन गए हैं कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 भारत में हैं. इसके बावजूद किसी को शर्मिंदगी महसूस नहीं हो रही है"

    उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसका नेतृत्व अपनी नाकामियों और प्रदूषण के ‘अपराध’ को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं.

    कपिल मिश्रा ने क्या कहा?

    इससे पहले दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में पराली जलाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, “कल शाम से हमें पंजाब के किसानों के फ़ोन आने लगे. उन्होंने बताया कि रात के समय खेतों में आग लगाई जा रही है. जब किसान अपने घरों में दिवाली मना रहे होते हैं, तब कुछ लोग उनके खेतों में आग लगाकर भाग जाते हैं."

    "पहले तो हमें इस बात पर यक़ीन नहीं हुआ. हमने सच्चाई का पता लगाने का फ़ैसला किया. इसके लिए हमने पराली जलाने से जुड़े उन आंकड़ों की मांग की, जो भारत सरकार को सैटेलाइट के ज़रिए मिलते हैं. आंकड़ों से साबित होता है कि यह पहले से सोची-समझी साज़िश थी और पंजाब में खेतों में आग लगाई गई."

    कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के फ़ोन की जांच करने की मांग भी की.

    कपिल मिश्रा के आरोपों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा, “पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90 फ़ीसदी की कमी आई है. यह मैं नहीं कह रहा, आंकड़े ख़ुद इसकी गवाही देते हैं. जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी, तब हर साल पराली जलाने की 71 हज़ार घटनाएं होती थीं."

    "2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से इन घटनाओं में लगातार कमी आई है. अब इनकी संख्या घटकर सिर्फ़ 3,500 से 4,000 रह गई है."

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने किस बात पर कहा, 'मैं तो मज़ाक कर रहा था'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अल्टीमेट फ़ाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफ़सी) के प्रमुख डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनाने की बात मज़ाक में कही थी.

    ट्रंप ने रविवार को मीडिया से कहा कि डाना व्हाइट को यह विचार "बहुत पसंद है", लेकिन उन्हें यह पद देने का प्रस्ताव "सिर्फ़ थोड़े मज़ाक के लिए" था.

    दरअसल, शनिवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने डाना व्हाइट को यह पद देने की पेशकश की है. उन्होंने उनसे यह ज़िम्मेदारी संभालने के लिए कहा था और लिखा था, "डाना एक ऐसे प्रेस सेक्रेटरी होंगे, जिनकी कोई मिसाल नहीं होगी."

    इसके बाद डाना व्हाइट ने शनिवार को कहा था कि वह सोमवार को राष्ट्रपति से मिलने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया था कि वह यह पद स्वीकार करेंगे या नहीं.

    रविवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि डाना व्हाइट सोमवार को "कुछ दूसरे कारणों" से उनसे मिलने आ रहे हैं.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि वह वॉशिंगटन में होंगे. इसलिए वह मुझसे मिलने आएंगे."

    "मैं आपको बता दूं कि मैं सिर्फ़ मज़ाक कर रहा था. लेकिन डाना को यह विचार बहुत पसंद है. और डाना जैसा कोई दूसरा नहीं है. वह शानदार हैं."

    उन्होंने कहा, "लेकिन यह बस थोड़े मज़ाक के लिए था."

  5. एनवीडिया के सीईओ जेनसन पर चीनी जासूस से संबंधों के आरोप, चीन ने दी ये प्रतिक्रिया

    भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि चीन एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े "चीनी जासूस" के आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज करता है.

    उन्होंने कहा कि चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि "चीनी जासूस" से जुड़ी यह कहानी पूरी तरह बेबुनियाद हैं और चीन को बदनाम करने की कोशिश है.

    इस बीच, अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ कथित प्रेम संबंधों के आरोपों की स्वतंत्र जांच शुरू की है.

    हुआंग ने रविवार को एक बयान में अपनी पत्नी के प्रति 'बेवफ़ाई' की बात स्वीकार की.

    उन्होंने कहा कि वह इस जांच का समर्थन करते हैं और "अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा का समर्थन करने" के लिए प्रतिबद्ध हैं.

  6. कार्टून: ये कैसा नेता?

  7. प्रधानमंत्री के बयान पर राहुल गांधी का निशाना, बोले- 'अभी भी मेरी चुनौती क़ायम है, वो मुझसे बहस करें'

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीआरपीएफ़ को टैग करते हुए लिखा, "आपके चेहरे ने सब कुछ बता दिया. आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है. उन्होंने हमें नक्सली कहा."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिवाली के दिन छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीआरपीएफ़ के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली ख़त्म हो गए हैं, लेकिन ख़तरा अभी टला नहीं है.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "जंगलों से हथियारबंद नक्सली तो मिट गए, लेकिन दिमाग़ी नक्सलियों ने कई संगठनों पर क़ब्ज़ा कर रखा है. ये आज देश के संविधान और लोकतंत्र के ख़िलाफ़ लोगों को उकसा रहे हैं."

    राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "अभी भी मेरी चुनौती क़ायम है. वो मुझसे बहस करें."

    राहुल गांधी ने दावा किया कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी.

  8. सेनेगल के तट के पास प्रवासियों से भरी नाव डूबी, कम से कम 34 लोगों की मौत

    सेनेगल के तट के पास प्रवासियों को ले जा रही एक नाव डूबने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई है. सेनेगल की प्रेस एजेंसी (एपीएस) ने एक आधिकारिक सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है.

    सेनेगल के गृह मंत्रालय ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति को बचा लिया गया है. हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग लापता हैं.

    लकड़ी की यह छोटी नाव राजधानी डकार और उत्तरी शहर सेंट लुई के बीच पलट गई. नाव स्पेन के कैनरी द्वीप समूह की ओर जा रही थी.

    प्रवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाले स्पेन के संगठन ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच कैनरी द्वीप समूह जाने वाले अटलांटिक समुद्री मार्ग पर 635 लोगों की मौत हुई.

    संगठन जिन समुद्री मार्गों पर नज़र रखता है, उनमें यह सबसे ज़्यादा मौतों का आंकड़ा है.

    सेनेगल के प्रवासियों की मदद करने वाले संगठन ‘बोज़ा फी’ के संस्थापक सालिउ दियूफ़ ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि अब तक बरामद किए गए सभी शव सेनेगल के नागरिकों के हैं. नाव में सवार दूसरे लोगों की राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल पाया है. राहत और बचाव अभियान जारी है.

    सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फ़ाये ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने सेनेगल के नागरिकों से ख़तरनाक समुद्री रास्तों के ज़रिए अपनी जान जोखिम में न डालने की अपील की है.

  9. कैंसर की 1,364 दवाओं की नई कीमतें लागू, कुछ दवाओं के दाम 96 फ़ीसदी तक घटे

    कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवाओं की नई कीमतें आज यानी 9 नवंबर से लागू हो गई हैं. इनमें से कुछ दवाओं की कीमतों में 96.45 फ़ीसदी तक की कमी की गई है.

    रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत आने वाले औषधि विभाग की राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर की 137 दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर दुकानदारों के मुनाफ़े की सीमा तय की है.

    यह फ़ैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की सिफ़ारिशों के आधार पर लिया गया है.

    एनपीपीए के मुताबिक, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 उत्पादों की नई कीमतों की जानकारी दी है. इनमें से 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50 फ़ीसदी से ज़्यादा घटाए गए हैं. किसी दवा की कीमत में सबसे ज़्यादा 96.45 फ़ीसदी की कमी दर्ज की गई है.

    दवाओं की कीमतें घटने से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है.

  10. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  11. पंजाब में पराली जलाने और दिल्ली में AQI के आंकड़ों पर बीजेपी-आप आमने-सामने

    दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिवाली की शाम पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी हुई है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 5, 6 और 7 नवंबर को पराली जलाने की करीब 100 से 125 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि 8 नवंबर यानी दिवाली की शाम को ऐसी करीब 1,200 घटनाएं सामने आई.

    कपिल मिश्रा ने कहा कि दिवाली की शाम पंजाब से किसानों के फोन आने लगे थे. किसानों ने शिकायत की थी कि जब वे अपने घरों में दिवाली मना रहे थे, तब उनके खेतों में आग लगाई जा रही थी.

    उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इन घटनाओं की जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने की मांग की.

    वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स के आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप लगाया.

    सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी आरोप लगाया कि सरकार ने 20 नए मॉनिटरिंग स्टेशन ऐसे इलाकों में लगाए हैं, जहां हरियाली ज्यादा है, आबादी कम है और ट्रैफिक भी कम रहता है.

    उन्होंने कहा कि इससे एक्यूआई का औसत कम हो जाएगा.

  12. दिल्ली: दिवाली के दो दिनों में सफदरजंग अस्पताल में झुलसने के 135 मामले

    दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में 7 और 8 नवंबर 2026 को दिवाली से जुड़ी आग की घटनाओं में झुलसने के 135 मामले दर्ज किए गए.

    अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, इनमें से 129 मामले पटाखों से लगी चोटों के थे, जबकि छह लोग दीये से झुलसे थे.

    पटाखों से घायल होने वाले 35 बच्चे भी अस्पताल पहुंचे. इनका ओपीडी में इलाज किया गया, जबकि एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.

    अस्पताल ने दिवाली के दौरान झुलसने वाले मरीजों के इलाज के लिए 20 बेड आरक्षित किए थे. फिलहाल दिवाली से जुड़ी जलने की घटनाओं के सात मरीज अस्पताल में भर्ती हैं.

    अस्पताल ने कहा कि दिवाली के दौरान मरीजों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए ज़रूरी इंतज़ाम किए गए थे और प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा दी जा रही है.

    अस्पताल ने लोगों से पटाखों को लेकर सावधानी बरतने और सुरक्षित तरीके से दिवाली मनाने की अपील की है.

  13. चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ज़िले में श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई.

    ज़िलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक़, हादसा रात करीब 2:30 बजे मऊ तहसील के रामनगर के पास हुआ.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करके लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रॉली को ट्रैक्टर से जोड़ने वाला हुक निकल गया, जिससे ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई.

    हादसे के बाद ट्रॉली के नीचे दबने से उसमें सवार लोग फंस गए.

    ज़िलाधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही यूपी-112, रायपुरा पुलिस और मेले की ड्यूटी में तैनात अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव अभियान चलाया.

  14. पोलैंड में छह लोगों की हत्या के संदिग्ध की अस्पताल में मौत, हेनरी मूर

    पोलैंड के क्राको शहर में छह लोगों की हत्या के संदिग्ध बंदूकधारी की अस्पताल में मौत हो गई है. पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.

    24 साल के इस संदिग्ध ने शनिवार को पोलैंड के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राको में गोलीबारी की थी. इस दौरान वह घायल हो गया था.

    मंत्रियों के मुताबिक़, शुरुआती जांच में उसके दक्षिणपंथी चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित होने की बात सामने आई है.

    अधिकारियों ने बताया कि हथियारबंद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और संदिग्ध के साथ मुठभेड़ हुई. गोलीबारी शुरू होने के तीन मिनट के भीतर ही पुलिस ने उसे गोली मार दी.

    संदिग्ध ने शनिवार को स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर करीब तीन बजे क्राको में गोलीबारी की थी.

    पुलिस ने हमलावर की पहचान पोलिश नागरिक के रूप में की थी, लेकिन उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया था.

  15. चीन: इमारत में आग लगने से 14 लोगों की मौत, 30 से ज़्यादा घायल

    चीन के उत्तरी प्रांत शांक्सी की राजधानी ताइयुआन में रविवार को एक ऊंची इमारत में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई.

    चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक़, इस हादसे में 30 से ज़्यादा लोग घायल भी हुए हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के हवाले से बताया कि इमारत में आग रविवार शाम स्थानीय समय के मुताबिक 4:59 बजे लगी थी.

    इस आग पर क़रीब दो घंटे बाद काबू पाया जा सका. सरकारी मीडिया ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

    एक्सपर्ट्स का कहना है कि इमारतों से जुड़े सुरक्षा नियमों में ढिलाई के कारण चीन में आग लगने की ऐसी जानलेवा घटनाएं बढ़ रही हैं.

  16. उत्तर प्रदेश: मुज़फ़्फ़रनगर में डिवाइडर से टकराई कार, छह लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर में सड़क हादसे के बाद कार में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई. यह जानकारी न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से दी है.

    पुलिस के मुताबिक़, कार पानीपत-खटीमा रोड पर जगहेड़ी ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद बिजली के खंभे से टकराने पर कार में आग लग गई.

    मुज़फ़्फ़रनगर (ग्रामीण) के एसपी अक्षय संजय महाडिक ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि सूचना मिलते ही तितावी पुलिस, दमकल विभाग और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया.

    उन्होंने कहा कि छह लोग झुलस गए थे और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

    पुलिस के मुताबिक़, सभी छह लोग हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे. उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

  17. मध्य प्रदेश के कटनी में दिवाली की रात इमारत में लगी आग, छह लोगों की मौत

    मध्य प्रदेश के कटनी में दिवाली की रात एक इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई.

    कटनी के एसडीओपी वीरेंद्र नारवे ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक से जुड़ी एक यूनिट थी, जबकि ऊपर की मंज़िल पर परिवार रहता था.

    उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. नारवे ने आशंका जताई कि आग दीये या शॉर्ट सर्किट से लगी होगी.

    हालांकि, इसकी असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी. मृतकों में करीब 70 साल के दो बुज़ुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं.

  18. 'मैंने किसी को फंसाने की कोशिश नहीं की', बॉल टैम्परिंग विवाद पर उस्मान ख़्वाजा, स्टीफ़न शेमिल्ट, क्रिकेट संवाददाता

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख़्वाजा ने कहा कि 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर किए गए ख़ुलासों के ज़रिए उन्होंने किसी को फंसाने की कोशिश नहीं की है.

    अपनी आत्मकथा 'सब्र' और 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' को दिए इंटरव्यू में ख़्वाजा ने कहा था कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीसरे टेस्ट मैच में गेंद पर सैंडपेपर रगड़ने की योजना के लिए पूरी टीम को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए.

    आठ साल पहले हुए इस विवाद में उस समय सिर्फ़ तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सज़ा दी गई थी.

    रविवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में अपनी बात स्पष्ट करते हुए ख़्वाजा ने कहा, "जब मैंने कहा कि इसमें हम सब शामिल थे, तो मेरा मतलब था कि हम सभी को मिलकर हुई इस घटना की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए, चाहे हम इसे पसंद करें या नहीं."

    उन्होंने कहा, "एक टीम के तौर पर हमें इसकी सामूहिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए. बस इतनी सी बात है."

    ख़्वाजा ने आगे कहा, "अब जब हर कोई इस बारे में बात कर रहा है तो क्या मैं इस बात से इनकार करूंगा कि सभी को इसकी जानकारी थी? नहीं, मैं इससे भी इनकार नहीं करूंगा."

  19. ट्रंप ने माना- इमिग्रेशन पर सख्ती कुछ ज़्यादा हो गई थी, क्वासी जियाम्फ़ी असिएदु, वॉशिंगटन डीसी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उनकी सरकार ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ जरूरत से ज़्यादा सख़्ती की.

    सीबीएस के कार्यक्रम '60 मिनट्स' को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें अमेरिका की सीमा पर अवैध रूप से आने वाले लोगों की संख्या कम करने के लिए 'ए प्लस' अंक मिलने चाहिए.

    हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बड़े पैमाने पर लोगों को देश से निकालने की नीति से उन्हें राजनीतिक नुकसान हुआ है.

    ट्रंप ने कहा कि मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनाव में इमिग्रेशन का मुद्दा उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए फायदेमंद भी रहा और नुकसानदेह भी.

    उन्होंने आगे कहा, "बुरे लोगों को देश से बाहर निकालने के लिए मुझे बहुत अच्छे अंक मिलने चाहिए."

    हालांकि, अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने कहा है कि सरकार अवैध प्रवासियों के खिलाफ अपनी सख़्त नीति से पीछे नहीं हट रही है.

    मिडटर्म चुनाव के दिन हुए सर्वे के मुताबिक़, मतदाताओं के लिए इमिग्रेशन तीसरा सबसे अहम मुद्दा था.

  20. क्या चीनी जासूस से थे एनवीडिया के सीईओ के संबंध? कंपनी ने शुरू की जांच

    अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग के एक चीनी महिला से कथित संबंधों को लेकर स्वतंत्र जांच शुरू की है.

    इस महिला पर चीन के लिए जासूसी करने का शक है. कंपनी का कहना है कि जेनसन हुआंग उसके सीईओ बने रहेंगे.

    दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल एनवीडिया ने कहा है कि उसके बोर्ड के पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लीक हुई है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का मानना है कि जेनसन हुआंग की करीबी रहीं चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग, चीन के लिए जासूसी कर रही थीं.

    वहीं, जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की है. उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए माफी भी मांगी है.

    एनवीडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक में इस्तेमाल होने वाली चिप बनाने वाली प्रमुख कंपनी है.