अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, मशीनों का ज़िक्र करते हुए ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो: डोनाल्ड ट्रंप)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव के निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "क्या वाक़ई कोई मानता है कि यह 'चुनाव' निष्पक्ष था? चुनाव से पहले हुए सर्वेक्षणों के नतीजे इतने ग़लत कैसे हो सकते हैं?"
उन्होंने सोमवार को कहा कि शुरुआती वोटों की गिनती के दौरान कुछ जगहों पर वोटों के इतने बड़े अंतर सामने आए कि कितने भी लोग वोट डालने चले जाते, जीतना नामुमकिन था.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "यह सब मशीनों के बारे में है, जो मतदाता से कहीं ज़्यादा अहम हो गई हैं."
दरअसल, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार हुई थी.
हार के बाद अमेरिकी संसद 'कांग्रेस' में विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स बहुमत में आ चुकी है.
कर्नाटक के बाद केरल सरकार ने भी पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जांच शुरू की, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, EyesWideOpen/Getty Images
इमेज कैप्शन, उत्तर केरल के दो और दक्षिण केरल के दो ज़िलों से पेट्रोल के सैंपल लिए जा रहे हैं. इनमें राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम के अलावा एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर शामिल हैं
केरल सरकार ने अपने पड़ोसी राज्य कर्नाटक की राह पर चलते हुए पेट्रोल के सैंपल इकट्ठा करने शुरू कर दिए हैं. सरकार यह जांच कर रही है कि पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फ़ीसदी से ज़्यादा तो नहीं है.
केरल के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि उन्होंने सोमवार को चार ज़िलों में अचानक जांच के आदेश दिए हैं.
सैंपल उत्तर केरल के दो और दक्षिण केरल के दो ज़िलों से लिए जा रहे हैं. इनमें राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम के अलावा एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर शामिल हैं.
जैकब ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, "हमने सैंपल इकट्ठा करना शुरू कर दिया है और उन्हें सरकारी और एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में भेज रहे हैं. हमें उम्मीद है कि करीब 10 दिनों में जांच के नतीजे आ जाएंगे."
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में हुई जांच के नतीजों में पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फ़ीसदी से ज़्यादा और 31.2 फ़ीसदी तक पाए जाने के बाद केरल में भी नमूने इकट्ठा करने का फ़ैसला लिया गया.
जैकब ने कहा, "हम तेल कंपनियों (ओएमसी) की मौजूदगी में सैंपल इकट्ठा कर रहे हैं. नतीजे आने के बाद हम आगे की कार्रवाई पर फ़ैसला करेंगे."
उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की इस बात से सहमति जताई कि गाड़ी चलाने वाले लोग माइलेज कम होने और गाड़ियों में तकनीकी ख़राबी आने की शिकायत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके राज्य में भी ऐसी ही शिकायतें सामने आई हैं.
टीएमसी के विधायक परेश राम दास रेप के आरोप में गिरफ़्तार, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sanjay Das
इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेश राम दास (फ़ाइल फ़ोटो)
पश्चिम बंगाल की कैनिंग पश्चिम सीट से तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेश राम दास को सोमवार को पुलिस ने रेप के आरोप में कलकत्ता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वो मुंबई भागने की कोशिश कर रहे थे. उनकी गिरफ्तारी बारुईपुर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अधिकारियों ने कोलकाता के विधाननगर पुलिस की मदद से की.
परेश ने गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों से कहा कि उनको इस बात की जानकारी नहीं है कि किस मामले में गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, पुलिस ने पुष्टि की है कि उनकी गिरफ़्तारी रेप के ही मामले में हुई है.
बारुईपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, "दास के खिलाफ बीते पांच सितंबर को कैनिंग थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 323, 420, 120बी और 506 के तहत एक मामला दर्ज हुआ था."
गिरफ्तारी के बाद उनको बारुईपुर जिला पुलिस मुख्यालय में ले जाकर पूछताछ की गई. उनको मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा.
बीते मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद कैनिंग पश्चिम सीट के विजयी उम्मीदवार के खिलाफ कई आरोप लगे थे. इससे पहले वर्ष 2023 में पंचायत चुनाव के दौरान भी उनके खिलाफ अशांति के आरोप लगे थे.
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, विधायक के खिलाफ सरकारी ज़मीन पर अवैध निर्माण करने के अलावा हत्या की कोशिश और शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं. हाल में सीआईडी ने उनसे पूछताछ भी की थी.
दूसरी ओर, पार्टी के ममता गुट के प्रवक्ता विधायक कुणाल घोष ने इस गिरफ्तारी की टाइमिंग पर सवाल उठाया है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "परेश जब तक ऋतब्रत बनर्जी गुट में थे, तब तक सब ठीक था. अब वो ममता गुट में वापसी की कोशिश कर रहे थे. लेकिन ठीक उसी समय उनको गिरफ्तार कर लिया गया."
दूसरी ओर, तृणमूल के ऋतब्रत गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरूप राय का कहना था, "पुलिस को परेश दास के खिलाफ निश्चित तौर पर कोई ठोस सबूत मिला होगा. उसी आधार पर उनको गिरफ्तार किया गया होगा."
रेप केस में रसेल ब्रांड को 10 साल और छह महीने जेल की सज़ा सुनाई गई, सर्वाइवर ने कहा- 'ब्रांड एक यौन शिकारी'
इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रिटिश एक्टर और कॉमेडियन रसेल ब्रांड को सोमवार को लंदन के साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने रेप के मामले में 10 साल और 6 महीने की सज़ा सुनाई.
पिछले गुरुवार को कोर्ट ने उन्हें बलात्कार के एक और यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में दोषी ठहराया था.
फ़ैसला सुनाते हुए जज ने रसेल ब्रांड से कहा कि वह एक "यौन शिकारी" हैं, जिन्होंने "लगातार कई झूठ" बोले.
सर्वाइवर में से एक ने अदालत को बताया, "इस घटना के बाद मैं सदमे और उथल-पुथल में थी. मेरे मन में अपने लिए कोई सम्मान नहीं बचा था."
एक दूसरी सर्वाइवर ने कहा, "रसेल ब्रांड एक यौन शिकारी हैं, जिन्हें अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है."
वहीं, एक अन्य महिला ने कहा कि उस पल उन्हें लगा था कि वह कुछ नहीं कर सकतीं.
साल 2009 में रसेल ब्रांड के हाथों बलात्कार की शिकार हुई एक महिला ने अदालत को बताया कि वह अब भी उस सदमे के साथ जी रही हैं. उन्हें यह डर भी था कि कहीं उन्हें एचआईवी का संक्रमण तो नहीं हो गया.
सज़ा में राहत की अपील करते हुए रसेल ब्रांड के वकील ने कहा कि उनका मुवक्किल "आज एक बिल्कुल अलग इंसान है."
रसेल ब्रांड को साल 2004 में लंदन के एक बार में एक महिला का यौन उत्पीड़न करने का दोषी पाया गया था.
रसेल ने साल 2004 से 2009 के बीच चार महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध किए थे. इन सभी महिलाओं को क़ानून के तहत जीवनभर अपनी पहचान गुप्त रखने का अधिकार है.
ईरानी सरकारी मीडिया का दावा, पिछले 24 घंटे में होर्मुज़ स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को बनाया गया निशाना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, पिछले 24 घंटे में होर्मुज़ स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया है.
ईरानी सरकारी मीडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने पिछले 24 घंटे में चार और बीते 10 दिनों में कुल 11 तेल टैंकरों को निशाना बनाया है.
रिपोर्ट के मुताबिक़, इनमें से तीन तेल टैंकरों में अभी आग लगी हुई है.
ईरान का कहना है कि होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से होकर गुज़रने वाला रास्ता ग़ैर-क़ानूनी है. यह रास्ता ओमान के तट के पास से गुज़रता है और अमेरिका इस मार्ग से जाने वाले जहाज़ों को सुरक्षा दे रहा है.
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस समय होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल की मात्रा ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले के मुक़ाबले ज़्यादा है.
पिछले कुछ दिनों में तेल की क़ीमतों में भी गिरावट आई है, हालांकि वे अब भी युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर से काफ़ी ज़्यादा हैं.
कर्नाटक सरकार का दावा, 'ई20 मिलावट मामले में केंद्र सरकार मैन्युफ़ैक्चरर्स पर बना रही दबाव', इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक सरकार के मंत्री रिज़वान अरशद ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपनी गाड़ियों की क्षमता के मुताबिक़ पेट्रोल चुनने का विकल्प दिया जाए
कर्नाटक सरकार अपने इस दावे पर क़ायम है कि राज्य में पेट्रोल में तय मात्रा से ज़्यादा इथेनॉल मिलाया जा रहा है. सरकार के मुताबिक़, पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फ़ीसदी के तय लक्ष्य के बजाय 31.2 फ़ीसदी तक पाई गई है.
खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रिज़वान अरशद ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के बयानों का जवाब दिया.
उन्होंने कहा कि कंपनियां बुनियादी सवाल का जवाब देने के बजाय तकनीकी पहलुओं में उलझ रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले पेट्रोल में आख़िर इथेनॉल की मात्रा कितनी है.
अरशद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सोसायटी ऑफ़ ऑटोमोबाइल मैन्युफ़ैक्चरर्स (सियाम) और अन्य संगठनों पर दबाव डालकर उन पत्रों को वापस लेने के लिए कहा, जिनमें ज़्यादा इथेनॉल वाले पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियों को होने वाले नुक़सान पर चिंता जताई गई थी.
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपनी गाड़ियों की क्षमता के मुताबिक़ पेट्रोल चुनने का विकल्प दिया जाए.
इसके तहत पुरानी गाड़ियों के लिए बिना इथेनॉल वाला पेट्रोल, इथेनॉल के अनुकूल गाड़ियों के लिए ई10 और ज़्यादा इथेनॉल सहने की क्षमता रखने वाली गाड़ियों के लिए ई20 उपलब्ध कराया जाए.
उन्होंने कहा, "इससे गाड़ियों को अतिरिक्त क्लोराइड और सल्फ़र की वजह से होने वाले नुक़सान से बचाया जा सकेगा."
तेल कंपनियों की आलोचना का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल के जिन नमूनों की जांच कराई थी, वह नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फ़ॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेटरीज़ (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में हुई थी.
एनएबीएल एक स्वायत्त और स्वतंत्र संस्था है, जिसे भारत सरकार और भारतीय उद्योग जगत के संगठन एसोचैम, सीआईआई और फ़िक्की का समर्थन हासिल है.
अरशद ने कहा, "एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला के नतीजों पर सवाल उठाने का मतलब है कि भारत सरकार की अपनी मान्यता प्रणाली से मंज़ूर प्रयोगशालाएं भरोसेमंद नहीं हैं."
उन्होंने कहा, "जब तेल कंपनियां अपने ही ईंधन की जांच अपनी ही प्रयोगशालाओं में करती हैं और ख़ुद को नियमों के मुताबिक़ बताती हैं, तो वे ख़ुद ही अभियुक्त भी हैं और जज भी."
मंत्री ने केंद्रीय इस्पात और खान मंत्री एचडी कुमारस्वामी के उस बयान का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा मौजूदा 20 फ़ीसदी से बढ़ाकर 30 फ़ीसदी करने पर विचार कर रही है.
इस प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है.
इसी बीच, केरल से आई ख़बरों के मुताबिक़, वहां के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि राज्य सरकार ने पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जांच शुरू कर दी है.
प्रदूषण पर संजय सिंह बोले- 'हम ऐसे विश्वगुरु बने कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 99 भारत के हैं'
इमेज स्रोत, Getty Images
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने कहा कि निजी वेबसाइटों के आंकड़ों और अलग-अलग लोगों की ओर से की गई निगरानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर ख़तरनाक सीमा से कई गुना ज़्यादा पाया गया है.
संजय सिंह ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "यह सिर्फ़ दिल्ली के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की छवि के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है."
संजय सिंह ने एक्यूआई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा.
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का दावा है कि वह हर 24 घंटे में 36 घंटे काम करते हैं. लेकिन 12 साल में उन्होंने भारत को इस स्थिति में पहुंचा दिया है. हम ऐसे ‘विश्वगुरु’ बन गए हैं कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 भारत में हैं. इसके बावजूद किसी को शर्मिंदगी महसूस नहीं हो रही है"
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसका नेतृत्व अपनी नाकामियों और प्रदूषण के ‘अपराध’ को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं.
कपिल मिश्रा ने क्या कहा?
इससे पहले दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में पराली जलाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, “कल शाम से हमें पंजाब के किसानों के फ़ोन आने लगे. उन्होंने बताया कि रात के समय खेतों में आग लगाई जा रही है. जब किसान अपने घरों में दिवाली मना रहे होते हैं, तब कुछ लोग उनके खेतों में आग लगाकर भाग जाते हैं."
"पहले तो हमें इस बात पर यक़ीन नहीं हुआ. हमने सच्चाई का पता लगाने का फ़ैसला किया. इसके लिए हमने पराली जलाने से जुड़े उन आंकड़ों की मांग की, जो भारत सरकार को सैटेलाइट के ज़रिए मिलते हैं. आंकड़ों से साबित होता है कि यह पहले से सोची-समझी साज़िश थी और पंजाब में खेतों में आग लगाई गई."
कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के फ़ोन की जांच करने की मांग भी की.
कपिल मिश्रा के आरोपों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा, “पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90 फ़ीसदी की कमी आई है. यह मैं नहीं कह रहा, आंकड़े ख़ुद इसकी गवाही देते हैं. जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी, तब हर साल पराली जलाने की 71 हज़ार घटनाएं होती थीं."
"2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से इन घटनाओं में लगातार कमी आई है. अब इनकी संख्या घटकर सिर्फ़ 3,500 से 4,000 रह गई है."
डोनाल्ड ट्रंप ने किस बात पर कहा, 'मैं तो मज़ाक कर रहा था'
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अल्टीमेट फ़ाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफ़सी) के प्रमुख डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनाने की बात मज़ाक में कही थी.
ट्रंप ने रविवार को मीडिया से कहा कि डाना व्हाइट को यह विचार "बहुत पसंद है", लेकिन उन्हें यह पद देने का प्रस्ताव "सिर्फ़ थोड़े मज़ाक के लिए" था.
दरअसल, शनिवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने डाना व्हाइट को यह पद देने की पेशकश की है. उन्होंने उनसे यह ज़िम्मेदारी संभालने के लिए कहा था और लिखा था, "डाना एक ऐसे प्रेस सेक्रेटरी होंगे, जिनकी कोई मिसाल नहीं होगी."
इसके बाद डाना व्हाइट ने शनिवार को कहा था कि वह सोमवार को राष्ट्रपति से मिलने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया था कि वह यह पद स्वीकार करेंगे या नहीं.
रविवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि डाना व्हाइट सोमवार को "कुछ दूसरे कारणों" से उनसे मिलने आ रहे हैं.
ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि वह वॉशिंगटन में होंगे. इसलिए वह मुझसे मिलने आएंगे."
"मैं आपको बता दूं कि मैं सिर्फ़ मज़ाक कर रहा था. लेकिन डाना को यह विचार बहुत पसंद है. और डाना जैसा कोई दूसरा नहीं है. वह शानदार हैं."
उन्होंने कहा, "लेकिन यह बस थोड़े मज़ाक के लिए था."
एनवीडिया के सीईओ जेनसन पर चीनी जासूस से संबंधों के आरोप, चीन ने दी ये प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि चीन एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े "चीनी जासूस" के आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज करता है.
उन्होंने कहा कि चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि "चीनी जासूस" से जुड़ी यह कहानी पूरी तरह बेबुनियाद हैं और चीन को बदनाम करने की कोशिश है.
इस बीच, अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ कथित प्रेम संबंधों के आरोपों की स्वतंत्र जांच शुरू की है.
हुआंग ने रविवार को एक बयान में अपनी पत्नी के प्रति 'बेवफ़ाई' की बात स्वीकार की.
उन्होंने कहा कि वह इस जांच का समर्थन करते हैं और "अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा का समर्थन करने" के लिए प्रतिबद्ध हैं.
इमेज कैप्शन, मध्यावधि चुनावों में हार के बाद ट्रंप के बयानों पर आज का कार्टून
प्रधानमंत्री के बयान पर राहुल गांधी का निशाना, बोले- 'अभी भी मेरी चुनौती क़ायम है, वो मुझसे बहस करें'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीआरपीएफ़ को टैग करते हुए लिखा, "आपके चेहरे ने सब कुछ बता दिया. आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है. उन्होंने हमें नक्सली कहा."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिवाली के दिन छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीआरपीएफ़ के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली ख़त्म हो गए हैं, लेकिन ख़तरा अभी टला नहीं है.
प्रधानमंत्री ने कहा, "जंगलों से हथियारबंद नक्सली तो मिट गए, लेकिन दिमाग़ी नक्सलियों ने कई संगठनों पर क़ब्ज़ा कर रखा है. ये आज देश के संविधान और लोकतंत्र के ख़िलाफ़ लोगों को उकसा रहे हैं."
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "अभी भी मेरी चुनौती क़ायम है. वो मुझसे बहस करें."
राहुल गांधी ने दावा किया कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी.
सेनेगल के तट के पास प्रवासियों से भरी नाव डूबी, कम से कम 34 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेन के प्रवासी अधिकार संगठन ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ का अनुमान है कि समुद्र के रास्ते कैनरी द्वीप समूह पहुंचने वाले हर 100 लोगों में से 21 की यात्रा के दौरान मौत हो जाती है (फ़ाइल फ़ोटो)
सेनेगल के तट के पास प्रवासियों को ले जा रही एक नाव डूबने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई है. सेनेगल की प्रेस एजेंसी (एपीएस) ने एक आधिकारिक सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है.
सेनेगल के गृह मंत्रालय ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति को बचा लिया गया है. हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग लापता हैं.
लकड़ी की यह छोटी नाव राजधानी डकार और उत्तरी शहर सेंट लुई के बीच पलट गई. नाव स्पेन के कैनरी द्वीप समूह की ओर जा रही थी.
प्रवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाले स्पेन के संगठन ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच कैनरी द्वीप समूह जाने वाले अटलांटिक समुद्री मार्ग पर 635 लोगों की मौत हुई.
संगठन जिन समुद्री मार्गों पर नज़र रखता है, उनमें यह सबसे ज़्यादा मौतों का आंकड़ा है.
सेनेगल के प्रवासियों की मदद करने वाले संगठन ‘बोज़ा फी’ के संस्थापक सालिउ दियूफ़ ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि अब तक बरामद किए गए सभी शव सेनेगल के नागरिकों के हैं. नाव में सवार दूसरे लोगों की राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल पाया है. राहत और बचाव अभियान जारी है.
सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फ़ाये ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने सेनेगल के नागरिकों से ख़तरनाक समुद्री रास्तों के ज़रिए अपनी जान जोखिम में न डालने की अपील की है.
कैंसर की 1,364 दवाओं की नई कीमतें लागू, कुछ दवाओं के दाम 96 फ़ीसदी तक घटे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दवाओं की कीमतें घटने से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है (सांकेतिक तस्वीर)
कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवाओं की नई कीमतें आज यानी 9 नवंबर से लागू हो गई हैं. इनमें से कुछ दवाओं की कीमतों में 96.45 फ़ीसदी तक की कमी की गई है.
रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत आने वाले औषधि विभाग की राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर की 137 दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर दुकानदारों के मुनाफ़े की सीमा तय की है.
यह फ़ैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की सिफ़ारिशों के आधार पर लिया गया है.
एनपीपीए के मुताबिक, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 उत्पादों की नई कीमतों की जानकारी दी है. इनमें से 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50 फ़ीसदी से ज़्यादा घटाए गए हैं. किसी दवा की कीमत में सबसे ज़्यादा 96.45 फ़ीसदी की कमी दर्ज की गई है.
दवाओं की कीमतें घटने से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
पंजाब में पराली जलाने और दिल्ली में AQI के आंकड़ों पर बीजेपी-आप आमने-सामने
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, कपिल मिश्रा ने दावा किया कि 8 नवंबर यानी दिवाली की शाम पंजाब में पराली जलाने की करीब 1,200 घटनाएं सामने आई
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिवाली की शाम पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी हुई है.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 5, 6 और 7 नवंबर को पराली जलाने की करीब 100 से 125 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि 8 नवंबर यानी दिवाली की शाम को ऐसी करीब 1,200 घटनाएं सामने आई.
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिवाली की शाम पंजाब से किसानों के फोन आने लगे थे. किसानों ने शिकायत की थी कि जब वे अपने घरों में दिवाली मना रहे थे, तब उनके खेतों में आग लगाई जा रही थी.
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इन घटनाओं की जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स के आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप लगाया.
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी आरोप लगाया कि सरकार ने 20 नए मॉनिटरिंग स्टेशन ऐसे इलाकों में लगाए हैं, जहां हरियाली ज्यादा है, आबादी कम है और ट्रैफिक भी कम रहता है.
उन्होंने कहा कि इससे एक्यूआई का औसत कम हो जाएगा.
दिल्ली: दिवाली के दो दिनों में सफदरजंग अस्पताल में झुलसने के 135 मामले
इमेज स्रोत, Firdous Nazir/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, 129 मामले पटाखों से लगी चोटों के थे, जबकि छह लोग दीये से झुलसे थे (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में 7 और 8 नवंबर 2026 को दिवाली से जुड़ी आग की घटनाओं में झुलसने के 135 मामले दर्ज किए गए.
अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, इनमें से 129 मामले पटाखों से लगी चोटों के थे, जबकि छह लोग दीये से झुलसे थे.
पटाखों से घायल होने वाले 35 बच्चे भी अस्पताल पहुंचे. इनका ओपीडी में इलाज किया गया, जबकि एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.
अस्पताल ने दिवाली के दौरान झुलसने वाले मरीजों के इलाज के लिए 20 बेड आरक्षित किए थे. फिलहाल दिवाली से जुड़ी जलने की घटनाओं के सात मरीज अस्पताल में भर्ती हैं.
अस्पताल ने कहा कि दिवाली के दौरान मरीजों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए ज़रूरी इंतज़ाम किए गए थे और प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा दी जा रही है.
अस्पताल ने लोगों से पटाखों को लेकर सावधानी बरतने और सुरक्षित तरीके से दिवाली मनाने की अपील की है.
चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोगों की मौत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करके लौट रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ज़िले में श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई.
ज़िलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक़, हादसा रात करीब 2:30 बजे मऊ तहसील के रामनगर के पास हुआ.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करके लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रॉली को ट्रैक्टर से जोड़ने वाला हुक निकल गया, जिससे ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई.
हादसे के बाद ट्रॉली के नीचे दबने से उसमें सवार लोग फंस गए.
ज़िलाधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही यूपी-112, रायपुरा पुलिस और मेले की ड्यूटी में तैनात अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव अभियान चलाया.
पोलैंड में छह लोगों की हत्या के संदिग्ध की अस्पताल में मौत, हेनरी मूर
इमेज स्रोत, Marcin Golba/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, शुरुआती जांच में संदिग्ध के दक्षिणपंथी चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित होने की बात सामने आई
पोलैंड के क्राको शहर में छह लोगों की हत्या के संदिग्ध बंदूकधारी की अस्पताल में मौत हो गई है. पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.
24 साल के इस संदिग्ध ने शनिवार को पोलैंड के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राको में गोलीबारी की थी. इस दौरान वह घायल हो गया था.
मंत्रियों के मुताबिक़, शुरुआती जांच में उसके दक्षिणपंथी चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित होने की बात सामने आई है.
अधिकारियों ने बताया कि हथियारबंद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और संदिग्ध के साथ मुठभेड़ हुई. गोलीबारी शुरू होने के तीन मिनट के भीतर ही पुलिस ने उसे गोली मार दी.
संदिग्ध ने शनिवार को स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर करीब तीन बजे क्राको में गोलीबारी की थी.
पुलिस ने हमलावर की पहचान पोलिश नागरिक के रूप में की थी, लेकिन उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया था.
चीन: इमारत में आग लगने से 14 लोगों की मौत, 30 से ज़्यादा घायल
इमेज स्रोत, Wu Junjie/China News Service/VCG via Getty Images
इमेज कैप्शन, सरकारी मीडिया ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है
चीन के उत्तरी प्रांत शांक्सी की राजधानी ताइयुआन में रविवार को एक ऊंची इमारत में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई.
चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक़, इस हादसे में 30 से ज़्यादा लोग घायल भी हुए हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के हवाले से बताया कि इमारत में आग रविवार शाम स्थानीय समय के मुताबिक 4:59 बजे लगी थी.
इस आग पर क़रीब दो घंटे बाद काबू पाया जा सका. सरकारी मीडिया ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि इमारतों से जुड़े सुरक्षा नियमों में ढिलाई के कारण चीन में आग लगने की ऐसी जानलेवा घटनाएं बढ़ रही हैं.