टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर ये बोले महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस

इमेज स्रोत, ANI Video grab
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर कहा कि मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है.
देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि टाइगर पर हमला करने वाला कोई भी गैंग या कोई भी व्यक्ति हो, उसको छोड़ा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा, "यह बहुत निंदनीय है. मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है. निश्चित रूप से हमलावरों की पहचान भी कई गई है और जल्द इन लोगों को गिरफ़्तार किया जाएगा."
उन्होंने कहा, ''इनके आका जो कहीं छुपकर बैठे हैं, उनको भी हम ढूंढने का काम करेंगे. हम केंद्र सरकार की मदद से उनको ढूंढेंगे और उनपर कार्रवाई की जाएगी. ये डरपोक लोग हैं और छिपकर वार करते हैं, इनके वार को नाकाम किया जाएगा. कोई भी गैंग या कोई भी व्यक्ति हो, उसको छोड़ा नहीं जाएगा. "
फडणवीस ने कहा, "इस घटना से जुड़ी हुई हर चीज़ की जांच की जाएगी. मैंने टाइगर श्रॉफ़ को आश्वस्त किया है कि वो चिंता ना करें. हम इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों का पता लगाएंगे और उनको (टाइगर श्रॉफ़) पूरी तरह से सुरक्षित रखेंगे."
इससे पहले राज्य के विपक्षी दलों ने क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए. कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.
राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा है कि टाइगर श्रॉफ़ पर हमला करने वाले दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.














