स्पेन में हड़ताल: बार्सिलोना और मैड्रिड में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और आगजनी

इमेज स्रोत, Albert Llop/NurPhoto via Getty Images
स्पेन में घरों के बढ़ते ख़र्च और महंगाई के ख़िलाफ़ 14 साल बाद हुई पहली आम हड़ताल के दौरान बार्सिलोना में नक़ाबपोश लोगों के कुछ समूहों और पुलिस के बीच झड़पें हुई हैं.
देश के प्रमुख मज़दूर संगठनों की अपील पर हुई हड़ताल में राजधानी मैड्रिड में करीब एक लाख 20 हज़ार और बार्सिलोना में 50 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रदर्शन में शामिल हुए.
बार्सिलोना में नक़ाबपोश लोग कूड़ेदानों में आग लगाते और दुकानों की खिड़कियां तोड़ते दिखे. पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी. गृह मंत्रालय के मुताबिक़, अलग-अलग घटनाओं में दर्जनों लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
हड़ताल से पूरे स्पेन में यातायात और दूसरी सार्वजनिक सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा. मैड्रिड और बार्सिलोना की कई मुख्य सड़कों पर आवाजाही रुक गई.
बार्सिलोना में प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बीबीसी को बताया कि प्रदर्शन का ज़्यादातर हिस्सा शांतिपूर्ण था और उसमें बच्चे और बुज़ुर्ग भी शामिल थे.
हालांकि, शाम को उन्होंने सड़कों पर कई जगह आग लगी देखी. इस हड़ताल की पृष्ठभूमि में सस्ते घरों की मांग और बढ़ते रोज़मर्रा के ख़र्च को लेकर जारी प्रदर्शन हैं.
मैड्रिड में 87 साल की मारीकार्मेन अबास्काल को उस फ़्लैट से निकाले जाने के बाद विरोध बढ़ा, जहां वह सात दशकों से रह रही थीं. कुछ हफ़्तों बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी.
प्रदर्शन में शामिल 37 साल की शिक्षिका ओल्गा डोमिंगो ने कहा कि वेतन के मुक़ाबले मौजूदा ख़र्च के साथ गुज़ारा करना मुश्किल हो गया है.
स्पेन में 29 नवंबर को संसदीय चुनाव होने हैं. प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने आवास सुधार की अपनी योजना को संसद की मंज़ूरी नहीं मिलने के बाद पिछले महीने समय से पहले चुनाव कराने का एलान किया था.
सांचेज़ और उनके मंत्रियों ने लोगों को काम रोककर सस्ते घरों की मांग करने के लिए प्रोत्साहित किया है.
