ग़ज़ा के हालात असहनीय- ब्रिटेन

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने सोमवार को यूके-ईयू शिखर सम्मेलन में ग़ज़ा की स्थिति को 'असहनीय' बताया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और कीर्ति रावत

  1. इसराइल ने ग़ज़ा में नाकाबंदी को लेकर अब क्या कहा है

    ग़ज़ा में खाने का संकट
    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में भुखमरी का संकट

    इसराइल ने कहा है कि वह ग़ज़ा में 'बुनियादी मात्रा में भोजन' जाने की मंज़ूरी देगा, ताकि 10 हफ्ते की नाकाबंदी के बाद वहां भुखमरी का संकट न पैदा हो.

    इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह कदम इसराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) की सिफ़ारिश पर और हमास के ख़िलाफ़ उसके नए सैन्य हमले का समर्थन करने की ज़रूरत के आधार पर उठाया गया है.

    इस घोषणा से पहले इसराइली सेना ने कहा था कि उसने ग़ज़ा में 'व्यापक ज़मीनी अभियान' शुरू कर दिया है.

    अपनी नाकाबंदी के दौरान इसराइल ने ग़ज़ा में खाना, ईंधन और दवाइयों तक की एंट्री पर रोक लगाई है. इसराइल पर ये नाकाबंदी हटाने का दबाव बढ़ रहा है.

    कई सहायता एजेंसियों ने ग़ज़ा की 21 लाख आबादी के बीच भुखमरी के ख़तरे को लेकर चेतावनी दी है.

  2. अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद की गिरफ़्तारी पर जेएनयू टीचर्स एसोसिएशन ने क्या कहा

    प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद
    इमेज कैप्शन, प्रोफ़ेसर अली ख़ान को हरियाणा पुलिस ने गिरफ़्तार किया है

    जवाहरलाल नेहरू टीचर्स एसोसिएशन (जेएनयूटीए) ने अशोका यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद की गिरफ़्तारी पर नाराज़गी जताई है.

    जेएनयूटीए की ओर से इस मामले पर एक बयान जारी किया गया है. बयान में अली ख़ान महमूदाबाद की गिरफ़्तारी को 'अनुचित' बताया गया है.

    जेएनयूटीए की ओर से कहा गया, "यह गिरफ़्तारी, कथित तौर पर सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता की शिकायत के आधार पर की गई है."

    प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष के संदर्भ में टिप्पणी की थी. उन्होंने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह से प्रेस ब्रीफ़िंग कराने को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था.

    हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने स्थानीय निवासी योगेश की शिकायत के आधार पर उन्हें गिरफ़्तार किया है.

    हरियाणा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (1)बी, 197 (1)सी, 152 और 299 के तहत प्रोफ़ेसर अली ख़ान के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है.

    जेएनयूटीए ने कहा, "डॉ. खान ने सार्वजनिक बहस में हिस्सा लेकर चर्चा में शामिल मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करके कोई अपराध नहीं किया. एक शिक्षाविद के तौर पर उस बहस को समृद्ध बनाना वास्तव में उनकी ज़िम्मेदारी का हिस्सा था."

    इससे पहले प्रोफ़ेसर अली ख़ान की पत्नी ने बीबीसी को बताया था कि रविवार सुबह क़रीब साढ़े छह बजे पुलिस उनके घर पहुंची और प्रोफ़ेसर अली ख़ान को अपने साथ ले गई.

    इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी प्रोफ़ेसर अली ख़ान को समन जारी कर उनसे जवाब मांगा था.

    जेएनयूटीए की ओर से कहा गया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम किया है.

  3. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को 'हाई ग्रेड' प्रोस्टेट कैंसर

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन
    इमेज कैप्शन, बाइडन और उनका परिवार कैंसर के इलाज के विकल्पों की समीक्षा कर रहा है

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर होने का पता चला है, जो उनकी हड्डियों तक फैल गया है. उनके कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी गई है.

    82 वर्षीय बाइडन यूरिन से जुड़े लक्षणों के लिए पिछले हफ्ते डॉक्टर के पास गए थे, शुक्रवार को उन्हें कैंसर होने का पता चला.

    उनकी बीमारी को 'हाई ग्रेड' कैंसर के तौर पर वर्गीकृत किया गया है. कैंसर रिसर्च यूके के अनुसार इसका मतलब है कि कैंसर कोशिकाएं तेजी से फैल सकती हैं.

    बाइडन और उनका परिवार इस कैंसर के इलाज के विकल्पों की समीक्षा कर रहा है.

    पूर्व राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा कि कैंसर हार्मोन-सेंसेटिव है, जिसका मतलब है कि इसे मैनेज किया जा सकता है.

    बाइडन को कैंसर होने की ख़बर आने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मेलानिया और मैं जो बाइडन के हाल ही में हुए मेडिकल डायग्नोसिस के बारे में सुनकर दुखी हैं."

    ट्रंप ने लिखा कि वो कामना करते हैं कि बाइडन जल्द स्वस्थ हो जाएं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.