माहाराष्ट्र एमएलसी चुनावः नागपुर में कांग्रेस का उम्मीदवार जीता

इमेज स्रोत, @wanjarri
महाराष्ट्र विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव में प्रदेश के सीएम देवेंद्र फडणवीस के गृह नगर में कांग्रेस का उम्मीदवार जीता है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की है.
उन्हें पहली और दूसरी वरीयता के वोटों को मिलाकर कुल 67,231 वोट मिले. जबकि बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 63,960 वोट मिले.
वंजारी ने कोहले को 3,271 वोटों के अंतर से हराया.
इस जीत पर अभिजीत वंजारी ने कहा, "बीजेपी ने अपनी पूरी ताक़त लगा दी. उनके सभी नेता नागपुर में मौजूद थे. इसके बावजूद मतदाताओं ने हमारा साथ दिया. हमारी पार्टी एकजुट रही और महा विकास अघाड़ी के नेता और कार्यकर्ता एक साथ खड़े रहे."
"कई संगठनों ने मेरा समर्थन किया. दरअसल, मैंने अपने चुनाव प्रचार की सामग्री में भी बताया था कि 48 संगठन मेरे समर्थन में हैं. यह जीत उन्हीं संगठनों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की है."
ग़ौरतलब है कि गुरुवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 एमएलसी सीटों पर चुनावी नतीजे आ रहे थे लेकिन कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार नहीं जीता था.
इस पर तंज़ करते हुए पीएम मोदी ने एक्स लिखा था, "4 राज्यों में 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हो रहे हैं, ये सभी चुनाव बैलेट पेपर के जरिए करवाए जाने के बाद आख़िर कांग्रेस को कितनी सीटें मिली?"
इस पोस्ट को देवेंद्र फडणवीस ने भी एक्स पर शेयर किया था लेकिन देर रात ये पोस्ट हटा ली.
इससे पहले कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों पर जीत हासिल कर ली है. एमएलसी चुनावों में कांग्रेस अपनी भी सीट नहीं बचा पाई,
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने विधान परिषद की सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था.
















