आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , इटली के 6,300 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने क्या कहा

इटली के रोम, नेपल्स, मिलान, जेनोआ, विसेंज़ा, फ़्लोरेंस, पीसा और ट्रिएस्टे समेत कई शहरों के स्कूलों को ईमेल के ज़रिए धमकियां भेजी गईं. एहतियात के तौर पर कई इमारतों को ख़ाली कराया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, अरशद मिसाल

  1. एक्यूआई 500 से ऊपर क्यों नहीं दिखता? प्रदूषण बोर्ड ने क्या बताया?

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी ने कहा है कि एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई की अधिकतम सीमा 500 रखना जानबूझकर किया गया फ़ैसला है और यह वैश्विक मानकों के मुताबिक़ है.

    पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक़, आंकड़ा 500 से ऊपर जाने पर भी स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह की ‘गंभीर’ श्रेणी नहीं बदलती.

    सीपीसीबी ने बताया कि सरकारी आंकड़े हर बार पिछले 24 घंटों के औसत पर आधारित होते हैं. बोर्ड का कहना है कि वैज्ञानिक रूप से परखे गए इस तरीक़े से यह मापा जाता है कि लोग लगातार कितने प्रदूषण के संपर्क में रहे हैं.

    वहीं, बोर्ड के मुताबिक़, "निजी ऐप्स अक्सर कम क़ीमत वाले ऐसे सेंसर इस्तेमाल करते हैं, जिनकी माप की सटीकता ठीक से तय नहीं की गई होती. ये ऐप्स घंटे-दर-घंटे की रीडिंग में अचानक होने वाले बदलाव दिखाते हैं."

    सीपीसीबी का कहना है कि इसी वजह से प्रदूषण ज़्यादा होने पर निजी ऐप्स की रीडिंग तेज़ी से बढ़ती है. लेकिन हवा साफ़ होने लगती है तो उनकी रीडिंग सरकारी राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एनएक्यूआई के मुक़ाबले कहीं नीचे आ जाती है.

  2. पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान को देर रात जेल से अस्पताल ले जाया गया

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात कड़ी सुरक्षा के बीच अदियाला जेल से इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया.

    अस्पताल प्रशासन से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक़, वहां पहले से मौजूद डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने उनकी जांच की और इलाज किया.

    बीबीसी उर्दू से मिली जानकारी के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि इस दौरान ब्लड प्रेशर, बुखार और आंखों की जांच के साथ दूसरे ज़रूरी टेस्ट भी किए गए. इमरान ख़ान को करीब डेढ़ घंटे अस्पताल में रखने के बाद वापस जेल भेज दिया गया.

    जेल अधिकारियों के मुताबिक़, उन्हें रात 1 बजकर 40 बजे अदियाला जेल से इलाज के लिए भेजा गया था और सुबह 3 बजकर 25 बजे वापस जेल लाया गया.

    अधिकारियों ने बताया कि डॉक्टरों की टीम बुधवार को उनकी सेहत पर रिपोर्ट जारी कर सकती है. इससे पहले आठ नवंबर को भी जेल में उनकी मेडिकल जांच हुई थी.

    19 करोड़ पाउंड के मामले की सुनवाई के दौरान इमरान ख़ान के वकील सलमान सफ़दर ने अदालत से कहा था कि उनके मुवक्किल का ब्लड प्रेशर काबू में नहीं है.

    इस बीच, इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बुधवार को सलमान सफ़दर और सरदार लतीफ़ खोसा की इमरान ख़ान और बुशरा बीबी से एक घंटे की मुलाक़ात कराई जाए.

  3. पर्शियन गल्फ़ में टैंकर पर हमले में एक भारतीय समेत चालक दल के 4 सदस्य घायल

    पर्शियन गल्फ में 10 नवंबर को तेल टैंकर एमटी फ़ुजैराह एनर्जी पर हमला हुआ. इसमें एक भारतीय समेत चालक दल के चार सदस्य घायल हुए हैं.

    केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि लाइबेरिया के झंडे वाला यहजहाज़ अल रुवैस से दुबई जा रहा था, तभी उससे एक प्रोजेक्टाइल यानी दागी गई कोई वस्तु आ टकराई. जहाज़ पर छह भारतीय नाविक सवार थे.

    घायल भारतीय को मामूली चोटें आई हैं. उन्हें आगे की मेडिकल जांच के लिए सुरक्षित तट पर ले जाया गया है.

    चालक दल के बाकी 18 सदस्य सुरक्षित हैं और सभी का पता चल गया है. इनमें पांच अन्य भारतीय नाविक भी शामिल हैं.

    इस पोस्ट मे उन्होंने बताया कि हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है. नाविकों की सुरक्षा, इलाज और देखभाल के लिए जहाज़ का प्रबंधन करने वाली कंपनी से भी लगातार संपर्क बना हुआ है.

  4. आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीम बदली

    आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है.

    आईपीएल की ऑफिशियल वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक़, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या अब पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे.

    हार्दिक की फ़ीस 16.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18 करोड़ रुपये होगी. वहीं, अर्शदीप अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फ़ीस पर मुंबई जाएंगे.

    इसके साथ ही मुंबई इंडियंस में हार्दिक का दूसरा दौर ख़त्म हो गया है. वह पहली बार 2015 में इस टीम से जुड़े थे और 2015, 2017, 2019 और 2020 में ख़िताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे.

    सात सीज़न के बाद हार्दिक 2022 में गुजरात टाइटंस से जुड़े थे. उनकी कप्तानी में गुजरात ने अपने पहले ही सीज़न में ख़िताब जीता और 2023 में भी फ़ाइनल तक पहुंची. हार्दिक 2024 में मुंबई लौटे और टीम के कप्तान बने.

    हार्दिक ने आईपीएल के 162 मैचों में 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं.

    वहीं, अर्शदीप आठ सीज़न के बाद पंजाब किंग्स छोड़ रहे हैं. उन्होंने 2019 में इसी टीम से आईपीएल में शुरुआत की थी. वह 96 मैचों में 111 विकेट लेकर पंजाब के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं.

    अर्शदीप ने 2025 के आईपीएल में 21 और 2026 में 14 विकेट लिए थे.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को विदाई देते हुए लिखा, “जुनून और गर्व के साथ टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुक्रिया, हार्दिक. आगे के सफ़र के लिए शुभकामनाएं.”

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पंजाब किंग्स ने अर्शदीप के लिए लिखा, “एक युवा शेर से पंजाब को गर्व महसूस कराने वाला नाम बनने तक… यहां हमेशा आपका घर रहेगा, अर्श पा.”

  5. भारतीय शेयर बाज़ार में जोरदार तेज़ी, सेंसेक्स हज़ार प्वाइंट तो निफ्टी में भी उछाल

    भारतीय शेयर बाज़ार ने बुधवार को तेज़ बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया.

    सेंसेक्स 1,142.03 अंक यानी 1.41 फ़ीसदी चढ़कर 82,248.68 पर खुला.

    वहीं, निफ़्टी ने 293.15 अंक यानी 1.17 फ़ीसदी की बढ़त के साथ 25,337.80 पर कारोबार शुरू किया.

    बैंक, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर और आईटी सेक्टर के शेयर बढ़त के साथ खुले.

    मंगलवार को दीपावली/बलिप्रतिपदा के मौके पर शेयर बाज़ार बंद थे. इससे पहले रविवार को दीपावली पर विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग हुई थी.

  6. असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतरे

    असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

    पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक़, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हादसा आज सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ.

    रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि दूसरी ट्रेन को पहले जाने देने के लिए ट्रेन नंबर 13125 को डिगारू स्टेशन पर लिया जा रहा था.

    अधिकारी के मुताबिक़, इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ़्तार पर काबू नहीं रख सके, जिससे इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

    आगे वो बताते हैं कि यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनकी मंज़िल तक पहुंचाया जा रहा है.राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू कर दिया गया.

    रेलवे के महाप्रबंधक और दूसरे अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.

  7. कथित चीनी जासूस से संबंधों पर एनवीडिया के सीईओ पर कंपनी ने उठाया ये कदम

    चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग और एक कथित चीनी जासूस के बीच प्रेम संबंधों की जांच के लिए न्यूयॉर्क की एक लॉ फ़र्म को नियुक्त किया है.

    एनवीडिया कंपनी के सीईओ हुआंग ने प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है. इस कथित जासूस का नाम एलिस हुआंग बताया जा रहा है. हालांकि चीन ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

    एनवीडिया ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में वॉचटेल, लिप्टन, रोज़न एंड कैट्ज़ नाम की लॉ फ़र्म को जांच सौंपी गई है. वकील जून किम इसकी अगुवाई करेंगे. एफ़बीआई भी अलग से मामले की जांच कर रही है.

    कंपनी के बोर्ड ने रविवार को कहा था कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है.

    एलिस हुआंग को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है. वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में अधिकारी थीं, जो एनवीडिया की ग्राहक रही है. एलिस और जेनसन हुआंग के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनकी हुआंग से बात हुई है. ट्रंप के मुताबिक़, हुआंग ने उनसे कहा कि उन्हें “पता ही नहीं था कि वह जासूस थीं.” ट्रंप ने कहा कि उन्हें हुआंग की बात पर भरोसा है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक़, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस साल की शुरुआत में वरिष्ठ अधिकारियों को एक नोट भेजा था. इसमें जेनसन हुआंग के एक चीनी जासूस के साथ क़रीबी संबंध होने की चेतावनी दी गई थी.

    शुक्रवार से कंपनी का शेयर बाज़ार मूल्य करीब 500 अरब डॉलर घट चुका है और शेयर की क़ीमत साल के निचले स्तर के क़रीब पहुंच गई है.

  8. अमेरिका का दावा, ब्रिटेन के एयर बेस पर हमले की साज़िश के पीछे ईरान समर्थित संदिग्धों का हाथ

    अमेरिका के न्याय विभाग ने ईरान के समर्थन वाले तीन लोगों के ख़िलाफ़ आरोपों का एलान किया है. विभाग का आरोप है कि ये लोग अमेरिका और यूरोप में कई साज़िशों में शामिल थे.

    इनमें ब्रिटेन के आरएएफ़ फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस पर कथित चरमपंथी हमले की साज़िश भी शामिल है. इस एयरबेस पर अमेरिकी सैनिक तैनात थे.

    ईरान ने फ़ेयरफ़ोर्ड की घटना में किसी भी तरह की भूमिका से साफ़ इनकार किया है.

    अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक़, मंगलवार को सार्वजनिक किए गए आरोपपत्र में ईरानी नागरिक मोहसिन मोहाजेरी, इराक़ी नागरिक मोहम्मद अली अल-हसनी और ईरान-इराक़ की दोहरी नागरिकता वाले मोहम्मद बाक़र साद दाऊद अल-सादी के नाम हैं.

    इनमें से एक पर न्यूयॉर्क की जेल से ब्रिटेन में अपने संपर्कों से बातचीत करने का आरोप है. वह पहले से दर्ज आरोपों में मुक़दमे का इंतज़ार कर रहे हैं. बाकी दो पर ईरान से ऐसा करने का आरोप है.

    फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस के पास तीन संदिग्ध वैन दिखने के बाद 27 सितंबर को बड़ा सुरक्षा अलर्ट घोषित किया गया था. वैन से विस्फोटक नहीं मिले थे, लेकिन पेट्रोल बरामद हुआ था. इस मामले में ब्रिटेन में सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि अल-हसनी ने अगस्त में ब्रिटेन में अपने साथियों को एयरबेस की निगरानी और साज़िश की तैयारी के लिए पैसे दिए थे.

    विभाग के मुताबिक़, सितंबर में वैन और ईंधन के ड्रम जुटाए गए. वैन को इस तरह तैयार किया गया कि वे ईंधन पहुंचाने और स्विमिंग पूल का सामान सप्लाई करने वाली लगें.

    आरोप है कि 26 सितंबर को अल-हसनी ने तीन वैन एयरबेस की ओर ले जाने के निर्देश दिए और रास्ते में ड्राइवरों के संपर्क में रहा. इनमें से कम से कम दो वैन को सुरक्षा नाके पर आगे जाने से रोक दिया गया.

    27 सितंबर की तड़के एक स्थानीय किसान ने संदिग्ध वैन देखकर पुलिस को सूचना दी थी.

  9. दिल्ली में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, राहत और बचाव के लिए कई टीमें तैनात

    दिल्ली के नांगली विहार में दास गार्डन कॉलोनी के पास चार साल का एक बच्चा खुले सीवर में गिर गया है.

    सीवर में गिरे बच्चे को बचाने के लिए एनडीआरएफ़, दिल्ली फ़ायर सर्विस, पुलिस, डीडीएमए और बीएसएफ़ की टीमों ने ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में एक दमकल अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 9:45 बजे कॉल मिली थी, जिसके बाद दिल्ली फ़ायर सर्विस की टीम को मौके पर तैनात किया गया.

    अधिकारी के मुताबिक़, बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था, तभी खुले मैनहोल से सीवर में गिर गया.

    उन्होंने बताया, “बचाव अभियान चल रहा है, लेकिन अभी तक बच्चा नहीं मिला है.”

    एसडीएम रजत मल्होत्रा ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि कॉल आने के बाद से ही बचाव अभियान जारी है और एनडीआरएफ़ की टीम के साथ पूरा प्रशासन बच्चे को बचाने की कोशिश कर रहा है.

    बच्चे के पिता ने बातचीत में बताया कि खेलने के दौरान बच्चा सीवर में गिर गया. सीवर का ढक्कन खुला था.

  10. छठ पूजा पर दिल्ली में सार्वजनिक छुट्टी, ये कार्यालय रहेंगे बंद

    दिल्ली के उपराज्यपाल ने छठ पूजा के मौके पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक छुट्टी घोषित की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक़, "इस दिन दिल्ली सरकार के सभी सरकारी दफ़्तरों, अपने नियमों के तहत काम करने वाली गैर सरकारी संस्थाओं और सरकारी कंपनियों में छुट्टी रहेगी."

    सामान्य प्रशासन विभाग ने नौ नवंबर को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी है.

    इसके मुताबिक़, प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी यानी छठ पूजा के मौके पर यह छुट्टी घोषित की गई है.

    दिल्ली में यमुना के घाटों पर छठ के लिए तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं.

    इस बीच राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण जारी है और समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बुधवार की सुबह भी हवा 'पुअर' यानी ख़राब कैटेगरी में दर्ज हुई.

  11. इसराइल में अरब पार्टियों के साथ मिलकर नई सरकार बनाने को लेकर फिर बोले नेतन्याहू

    इसराइल में अरब पार्टियों के समर्थन से सरकार बनाने की कोशिशों पर बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर चेतावनी दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “रा’म और जॉइंट लिस्ट के 'टेरर सपोर्टर्स' के साथ मिलकर एक ख़तरनाक सरकार नहीं बननी चाहिए!”

    इससे पहले इसराइल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के बीच 26वीं नेसेट (संसद) में अहम पदों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई.

    सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए गए गादी आइज़नकोट ने एक्स पर बताया था कि उन्होंने नेफ़्ताली बेनेट, याएर गोलान, एविगडोर लिबरमैन और याएर लापिड के साथ इन नामों पर सहमति बनाई है.

    समझौते के मुताबिक़, पूर्व मंत्री मतन कहाना को नेसेट के स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, रॉय फ़ोकमैन को हाउस कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी है.

    इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने गादी आइज़नकोट सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. अगले चार हफ़्ते में उन्हें सरकार बनाने का मौका दिया गया है.

  12. ट्रंप के क़रीबी अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग चलाने की कोशिश, अब आगे क्या

    अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के ख़िलाफ़ महाभियोग चलाने की कार्यवाही हुई.

    हालांकि आरोपों को आगे विचार के लिए ज्यूडिशियल कमेटी के पास भेजने के पक्ष में मतदान किया है.

    इस फ़ैसले से महाभियोग पर आगे मतदान की संभावना पूरी तरह ख़त्म नहीं हुई है, लेकिन फ़िलहाल मामला टल गया है.

    न्यायिक समिति में इस प्रक्रिया में कितना समय लगेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

    जनवरी में कांग्रेस का नियंत्रण संभालने के बाद डेमोक्रेट्स हेगसेथ या दूसरे अधिकारियों के ख़िलाफ़ महाभियोग की कोशिशों को फिर आगे बढ़ा सकते हैं.

    हालांकि, हेगसेथ को पद से हटाने की राह तब भी मुश्किल होगी. इसके लिए सीनेट में भी दो-तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी.

    हेगसेथ को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल है. ट्रंप ने रक्षा मंत्री के कामकाज को “ए प्लस” बताया है.

    उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस बात को “बेतुका” कहा है कि हेगसेथ ने ऐसे अपराध किए हैं जिनके आधार पर उन पर महाभियोग चलाया जा सके.

    वेंस ने मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को ज़िम्मेदार ठहराया था.

  13. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    चीनी व्लॉगर्स पर ढाका की झुग्गियों को दिल्ली का बताने का आरोप, भारत ने जताई कड़ी नाराज़गी

    पवन कल्याण की पत्नी एना लेज़नेवा कौन हैं, जिनसे वो अलग हो रहे हैं?

    नेतन्याहू के जाने और आइज़नकोट के प्रधानमंत्री बनने से भारत पर क्या प्रभाव पड़ेगा?