53 साल के एक कैब ड्राइवर को बेंगलुरु पुलिस ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह सदस्यों की कथित हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया है.
पुलिस को शक़ है कि ये हत्याएं 15 से 20 दिनों के दौरान की गईं.
अभियुक्त एस. इंदुशेखर पर आरोप है कि उसने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की. इसके लिए उसने रसोई में रखे सिलबट्टे का इस्तेमाल किया.
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया, "दुर्भाग्य से, अब तक की जांच में अभियुक्त ने बताया है कि शवों को पैक करने और ठिकाने लगाने में उसने अपनी नाबालिग बेटी की मदद ली."
सिंह ने कहा, "फ़िलहाल उसे उस जगह ले जाया गया है जहां से एक शव बरामद हुआ है. अगर अभियुक्त की बात सही है तो हमें अभी छह और शव बरामद करने हैं."
आरोप है कि इंदुशेखर ने अपनी सास रूपावती को खाने पर बुलाया. उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया और फिर सिलबट्टे से उनकी हत्या कर दी.
इसके बाद उसने अपनी पत्नी के दो भाइयों शिवकुमार और शंकर को खाने पर बुलाया. बाद में उनकी पत्नियों नलिनी और दिव्या को भी बुलाया. आरोप है कि उसने इन सभी के खाने में नशीला पदार्थ मिलाया और फिर सिलबट्टे से उनकी हत्या कर दी.
इंदुशेखर ने शिवकुमार के सात साल के बेटे की भी हत्या कर दी.उसे खाने पर नहीं बुलाया गया था, लेकिन वह अपने पिता के साथ आ गया था.
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक़, इंदुशेखर ने सबसे पहले सुनीता के फ़ोन से उसके मायके वालों को एक संदेश भेजा था. इसमें बताया गया था कि वह दक्षिण कन्नड़ ज़िले के कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर जा रही हैं.
पुलिस को इन हत्याओं का पता तब चला जब नलिनी की मां थुंगम्मा ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
सिंह ने कहा, "हत्या की वजह निजी दुश्मनी लगती है जो अभियुक्त की पत्नी और उसके परिवार के साथ थी. लेकिन इस हद तक चले जाना भी बेहद अजीब है. हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं."
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभियुक्त कैब ड्राइवर है. उसके ख़िलाफ़ छह-सात साल पहले मडिवाला पुलिस स्टेशन में चेन छीनने का एक मामला दर्ज हुआ था.
सिंह ने कहा, "उसके घर में एक पोस्टर भी है जिस पर लिखा है कि उसकी एक मासिक पत्रिका और अख़बार है. हम इसकी भी जांच कर रहे हैं."